सौर सुजला योजना : एक लाख किसानों को रियायती दर पर मिले सोलर पंप
Published - 01 Feb 2022 by Tractor Junction
जानें, क्या है सुजला योजना और इससे कैसे मिलेगा लाभ
केंद्र सरकार की ओर से सौर ऊर्जा को लेकर कुसुम योजना चलाई जा रही है। इसके तहत किसानों को सब्सिडी पर सिंचाई के लिए सोलर पंप उपलब्ध कराएं जा रहे हैं। इसमें किसानों को अपने खेत में सोलर पंप लगवाने के लिए सरकार की ओर से सब्सिडी दी जाती है। ये सब्सिडी अलग-अलग राज्यों में वहां के नियमानुसार प्रदान की जाती है। बता दें कि हर राज्य अपने तय नियमानुसार सब्सिडी का लाभ प्रदान करता है। राजस्थान, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र में किसानों को सोलर पंप पर 90 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जा रहा है। जबकि हरियाणा में 75 प्रतिशत सब्सिडी पर किसानों को सोलर पंप वितरित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार की ओर से ऐसी ही एक योजना चलाई जा रही है। जिसका नाम सौर सुजला योजना है। इस योजना के तहत हाल ही में एक लाख किसानों को सोलर पंप वितरित किए गए हैं। इससे किसानों को काफी लाभ हो रहा है।
क्या है सुजला योजना (Saur Sujala Yojana)
कुसुम योजना की तरह ही छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से राज्य के किसानों के लिए सौर सुजला योजना की शुरुआत 2016 में की गई थी। इस योजना के तहत किसानों को काफी कम कीमत पर सौर ऊर्जा से चलने वाले सिंचाई पंप दिए जाते हैं। इस योजना को राज्य सरकार के ऊर्जा विभाग के तहत छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (CREDA) द्वारा लागू किया गया है। किसानों का चयन कृषि विभाग द्वारा किया जाता है। इस योजना की खास बात यह है कि पहले से राज्य सरकार की बोरवेल या पंप योजना का लाभ उठाने वाले किसान भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
सौर सुजला योजना का उद्देश्य
सौर सुजला योजना का मुख्य उद्देश्य रियायती दरों पर उन्हें सौर सिंचाई पंप प्रदान करके किसानों को सशक्त बनाना है। इस योजना से न केवल किसान अपनी भूमि पर खेती करने के लिए अधिक सक्षम होंगे बल्कि इस योजना के तहत ग्रामीण छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण विकास को मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी। बता दें कि सौर सुजला योजना के तहत सरकार की ओर से किसानों को 3 एचपी और 5 एचपी क्षमता वाले सौर ऊर्जा संचालित सिंचाई पंपों वितरित किए जा रहे हैं।
अब तक एक लाख किसानों को वितरित किए सोलर पंप
छत्तीसगढ़ सरकार की सौर सुजला योजना के तहत अब तक एक लाख से अधिक किसानों के खेतों में सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था की जा चुकी है। इनमें नक्सल प्रभावित और आदिवासी क्षेत्रों के हजारों किसान भी शामिल हैं। इस योजना के तहत सोलर पंप से यहां के किसानों को फसलों की सिंचाई करना आसान हो जाएगा। बता दें कि छत्तीसगढ़ में अभी भी ऐसे कई गांव है जहां बिजली नहीं है। ऐसे में ये योजना उनके लिए वरदान साबित हो रही है।
एक लाख वें किसान को किया गया सम्मानित
हाल ही में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने गणतंत्र दिवस पर जगदलपुर में योजना के एक लाख वें हितग्राही श्री सुरेंद्र नाग को स्मृति चिह्न देकर कर सम्मानित किया। क्रेडा (CREDA -छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण) द्वारा सौर सुजला योजना के तहत बस्तर जिले के किसान श्री नाग की कृषि भूमि में एक लाख वां सोलर पंप स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें सोलर पंप का कट-आउट प्रदान कर योजना की सफलता को रेखांकित किया।
राज्य में सोलर पंप से 1.20 लाख हेक्टेयर में हो रही है सिंचाई
प्रदेश में कृषि भूमि की सिंचाई क्षमता में वृद्धि और अविद्युतीकृत क्षेत्रों में कृषि का सिंचित रकबा बढ़ाने के लिए क्रेडा द्वारा सौर सुजला योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत कृषि भूमि में तीन और पांच हॉर्स-पॉवर क्षमता के सोलर पंप स्थापित किए जा रहे हैं। कृषि भूमि के साथ ही योजना के माध्यम से राज्य शासन की महत्वाकांक्षी नरवा, गरवा, घुरवा, बारी कार्यक्रम के अंतर्गत गौठानों, चारागाहों और पंजीकृत गौशालाओं में भी सोलर पंप लगाए जा रहे हैं। योजना के तहत प्रदेश भर में स्थापित सोलर पंपों से एक लाख 20 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई हो रही है। इससे पिछले पांच वर्षों में करीब छह लाख 55 हजार टन कार्बन उत्सर्जन में कमी हुई है।
योजना के तहत सोलर पंप पर कितनी मिलती है सब्सिडी
सौर सुजला योजना के तहत राज्य के किसानो को सिंचाई के लिए रियायती दरों पर सोलर पंप उपलब्ध कराएं जा रहे हैं। इसमें 5 एचपी सोलर पंप की रियायती कीमत करीब 10 - 20 हजार रुपए है जो इस समय निश्चित नहीं है। वहीं काम क्षमता वाले 3 एचपी सोलर पंप की बाजार में कीमत 3.5 लाख है। ये सोलर पंप योजना के तहत योग्य किसानों को 7- 18 हजार की रियायती कीमत पर प्रदान किए जाएंगे।
सौर सुजला योजना में आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
सौर सुजला योजना में आवेदन करने के लिए आपको कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों की आवश्यकता होगी, वे इस प्रकार से हैं-
• आवेदन करने वाले किसान का आधार कार्ड
• आवेदन करने वाले किसान का निवास प्रमाण-पत्र
• किसान के पहचान का सबूत- इसके लिए राशन कार्ड, पेन कार्ड, वोटर आईडी, आधार कार्ड में से काई एक।
• किसान का बैंक खाता विवरण, इसके लिए बैंक पासबुक की कॉपी
• किसान का आधार से लिंक मोबाइल नंबर
सौर सुजला योजना के तहत कैसे करें आवेदन
बता दें कि इस योजना के लाभार्थियों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का कृषि विभाग मुख्य पंजीयन प्राधिकरण है। किसान आवेदन करने के लिए मुक्त है पर रियायती दरों में सोलर पंप बांटने के लिए योग्य पात्रों को चयन कृषि विभाग द्वारा किया जाएगा। इस योजना के लिए आवेदन पत्र ब्लॉक कार्यालयों और कृषि कार्यालयों में उपलब्ध हैं। किसान भाई यहां से आवेदन पत्र प्राप्त करके उसे सही से भर कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कृषि कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा। इस योजना के लिए आवेदन शुल्क भी है। आवेदन प्राप्त होने के बाद (Creda -छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण) द्वारा जांच की जाती है की आवेदक इस योजना के लिए योग्य पात्र है या नहीं। यदि आप पात्र होंगे तो आपको इस योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। सौर सुजला योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन इसकी वेबसाइट http://www.creda.in/home वेबसाइट पर जाकर किया जा सकता है।
योजना की अधिक जानकारी के लिए कहां करें संपर्क
योजना की अधिक जानकारी के लिए इसकी आधिकारिक वेबसाइट http://www.creda.in/home पर जाकर विजिट करें अथवा अपने जिले निकटतम कृषि विभाग से भी संपर्क किया जा सकता है।
अगर आप अपनी कृषि भूमि, अन्य संपत्ति, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, दुधारू मवेशी व पशुधन बेचने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु की पोस्ट ट्रैक्टर जंक्शन पर नि:शुल्क करें और ट्रैक्टर जंक्शन के खास ऑफर का जमकर फायदा उठाएं।
Certified Used Tractors
Check Tractor Price