रोजगार गारंटी योजना : सरकार 9 लाख विद्यार्थियों को देगी 2-2 हजार रुपए
Published - 05 Jan 2022 by Tractor Junction
पंजाब की चन्नी सरकार की घोषणा, राज्य में रोजगार गारंटी योजना भी करेंगे शुरू
विधानसभा चुनाव को देखते हुए पंजाब की चन्नी सरकार ने युवाओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की है। पंजाब सरकार की इन घोषणाओं में प्रदेश के कॉलेज में पढऩे बाले विद्यार्थियों के खातों में 2 हजार रुपए देने की घोषणा की गई है। वहीं प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार गारंटी योजना (Employment Guarantee Scheme) को भी लाने की बात कही गई है। यह फैसला मंगलवार को कैबिनेट बैठक में लिया गया। मीडिया में प्रकाशित खबरों के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कॉलेज जाने वाले राज्य के 8.67 लाख विद्यार्थियों के खातों में अगले दो से तीन दिन में 2 हजार रुपए डालने की बात कही है। यह राशि विद्यार्थियों को इंटरनेट अलाउंस के रूप में दी जाएगी।
विद्यार्थी जल्द कॉलेज जाकर दें बैंक खाते की जानकारी
दरअसल प्रदेश के विद्यार्थियों को ये राहत कोविड संक्रमण को देखते हुए दी जा रही है। क्योंकि कोविड के कारण विद्यार्थियों को घर पर बैठकर इंटनेट के माध्यम से पढ़ाई करनी होगी। इसमें कोई रुकावट न आए। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने यह राहत विद्यार्थियों को प्रदान की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि कोविड के कारण कॉलेज विद्यार्थियों को अब घर बैठकर पढ़ाई करनी होगी, इसलिए उन्हें इंटरनेट अलाउंस के लिए यह राहत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कालेज विद्यार्थी बुधवार को ही अपने कालेज जाकर अपने बैंक खाते के बारे में जानकारी दें।
हर साल एक लाख युवाओं को दी जाएगी नौकरी
कैबिनेट की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि युवा रोजगार गारंटी योजना (Rojgar Guarantee Yojna) के तहत हर साल में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। इसके अलावा निजी क्षेत्र में नौकरी के लिए उन्हें निशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। चन्नी ने कहा कि इसे पंजाब कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है और नई सरकार में जो भी मुख्यमंत्री आएगा, उसे यह नौकरियां देनी ही होंगी।
विदेश में पढ़ाई के इच्छुक युवाओं को मिलेगा ब्याज मुक्त ऋण
सीएम चन्नी ने मीडिया को बताया कि 12वीं पास कर चुके विद्यार्थी युवा रोजगार गारंटी योजना के तहत नौकरी के पाने योग्य होंगे। विदेश में पढ़ाई करने के इच्छुक युवाओं को आइलेट्स सहित पीटीई की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। इतना ही नहीं विदेश में पढ़ाई के लिए युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण दिया भी जाएगा। यूनिवर्सिटियों में स्टार्ट अप कोर्स शुरू किए जाएंगे और उद्योगों में रोजगार के लिए युवाओं को कौशल प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा ताकि वे रोजगार प्राप्त कर सकें।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने को दी मंजूरी
कैबिनेट के अन्य फैसलों से अवगत करवाते हुए चन्नी ने बताया कि 53 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने को भी मंजूरी दी गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 8100 से बढ़ाकर 9500 रुपए कर दिया गया है। इसी प्रकार जूनियर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 5300 से बढ़ाकर 6300 तथा हेल्परों का मानदेय 4050 से बढ़ाकर 5100 रुपए किए जाने को मंजूरी दी गई है। इतना ही नहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की दोनों श्रेणियों के मानदेय में हर साल क्रमश: 500 व 250 रुपए की बढ़ोतरी भी की जाएगी। इसके अलावा मिड डे मील वर्कर का मानदेय 2200 से बढ़ाकर 3000 रुपए करने को भी मंजूरी दी गई है। बता दें कि पहले उन्हें दस महीने का मानदेय मिलता था अब उन्हें साल भर का मानदेय मिलेगा। आशा सहयोगिनियों को पहले सिर्फ कमीशन मिलता था, अब उन्हें 2500 रुपए प्रति माह फिक्स भत्ता भी दिया जाएगा।
गौशाला में सोलर सिस्टम लगाने के लिए मिलेंगे 5 लाख रुपए
सीएम चन्नी ने कहा कि कैबिनेट ने राज्य की सभी गौशालाओं के पुराने बिजली के बिल माफ कर दिए हैं। साथ ही हर गौशाला में सोलर सिस्टम लगाने के लिए उन्हें पांच लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। गौशाला में सोलर सिस्टम लगने से बिजली बिलों की समस्या दूर होगी।
27 किसान परिवार सदस्यों को सौंपे सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कृषि कानूनों के खिलाफ संघर्ष में जान गंवाने वाले किसानों के 27 पारिवारिक सदस्यों को मंगलवार को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे। सरकार अब तक किसानों के करीब 407 परिवारों को पांच-पांच लाख रुपए का मुआवजा और 169 वारिसों को नौकरियां दे चुकी है।
अगर आप अपनी कृषि भूमि, अन्य संपत्ति, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, दुधारू मवेशी व पशुधन बेचने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु की पोस्ट ट्रैक्टर जंक्शन पर नि:शुल्क करें और ट्रैक्टर जंक्शन के खास ऑफर का जमकर फायदा उठाएं।
Certified Used Tractors
Check Tractor Price