पीएम किसान योजना: किसानों के खाते में जल्द आएगी 11वीं किस्त, जानें पूरी जानकारी
Published - 12 May 2022 by Tractor Junction
जानें, क्यों हो रही है पीएम किसान योजना की 11वीं किस्त आने में देरी
किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है। अब तक किसानों को इस योजना की 10 किस्तें उनके खातों में दी जा चुकी है और 11वीं किस्त आना बाकी है। मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि पीएम किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त 20 मई तक किसानों के खातों में आ जाएगी। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस बात का ऐलान नहीं किया गया है। वहीं दूसरी ओर सरकार ने अब की बार ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया है, और इसकी तारीख भी बढ़ाकर 31 मई 2022 तक कर दी गई है। इससे ऐसा माना जा रहा है कि पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त ई-केवाईसी की अंतिम तिथि के बाद ही किसानों के खातें में दी जाएगी यानि 11वीं किस्त के लिए किसानों को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। बता दें पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों के बीच सबसे लोकप्रिय योजना है। इसका सबसे बड़ा कारण ये हैं कि इस योजना के माध्यम से हर साल 6 हजार रुपए, 2-2 हजार रुपए की तीन समान किस्तों में किसानों के खातों मेें सीधा ट्रांसफर किया जाता है।
12 करोड़ से ज्यादा किसानों को मिलेगी 11वीं किस्त
पीएम किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त से देश के करीब 12 करोड़ से ज्यादा किसान लाभान्वित होंगे। मई 2019 से शुरू हुई इस योजना में अब तक किसानों को 10 किस्तों का लाभ मिल चुका है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना का उद्देश्य लघु और सीमांत किसानों को कृषि और घरेलू जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
11वीं किस्त पाने के लिए किसान जरूर करें ये काम
पीएम किसान सम्मान निधि योजना में इस बार ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ मिले। इसलिए यदि आप चाहते हैं कि बिना किसी रूकावट के आपको 11वीं किस्त मिल जाए और आपकी किस्त अटके नहीं, तो आपको ई-केवाईसी जरूर करनी चाहिए। बिना ई-केवाईसी कराने वाले किसानों को किस्त नहीं मिल पाएगी। अभी भी बहुत से किसान ऐसे हैं जिन्होंने केवाईसी नहीं कराई है। इसे देखते हुए सरकार ने ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। अब किसान 31 मई तक ई-केवाईसी करा सकते हैं।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना: दो तरीके से की जा सकती है ई-केवाईसी
पीएम किसान सम्मान निधि योजना में ई-केवाईसी दो तरीके से की जा सकती है। पहले तरीके में आपको सीएससी जाकर ये प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सीएससी सेंटर पर ई-केवाईसी कराने के लिए किसान को अपना आधार कार्ड ले जाना होगा। इसके साथ ही उसे अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी अपने पास रखना होगा क्योंकि इसी नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी मैच होने के बाद आपकी ई-केवाईसकी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
PM Kisan Scheme : ऑनलाइन ई-केवाईसी कराने का तरीका
यदि आप स्वयं ऑनलाइन ई-केवाईसी कराना चाहते हैं तो आपके पास एंड्रॉयड मोबाइल या कम्प्यूटर/लैपटॉप होना चाहिए। आप इसके माध्यम से ई-केवाईसी कर सकते हैं, ऑनलाइन ई-केवाईसी के लिए आपको नीचे दी गई प्रक्रिया को अपनाना होगा।
- सबसे पहले आपको पीएम किसान वेबसाइट https://pmkisan.gov.in/ पर जाना होगा।
- यहां ‘फार्मर्स कॉर्नर’ में ई-केवाईसी वाले विकल्प पर क्लिक करना होगा।
- अब जो पेज खुलेगा, उसमें आधार नंबर की जानकारी देकर सर्च टैब पर क्लिक करना होगा।
- इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा।
- फिर सबमिट ओटीपी पर क्लिक करें और ओटीपी डालकर सबमिट करें। इस तरह आपकी ऑनलाइन ईकेवाईसी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
पीएम किसान सम्मान निधि में पैसा ट्रांसफर करने की तय तिथियां (PM Kisan Samman Nidhi Scheme)
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत सरकार की ओर से साल में तीन बार किसानों के खातों में पैसा ट्रांसफर किया जाता है। सरकार की ओर से इसकी तिथियां तय की गई हैं। इसमें साल की पहली किस्त अप्रैल से जुलाई के बीच ट्रांसफर की जाती है। दूसरी किस्त अगस्त से नवंबर में भेजी जाती है और योजना के तहत तीसरी किस्त दिसंबर से मार्च के बीच ट्रांसफर की जाती है। इस बार सरकार ने दिसंबर से मार्च अवधि की किस्त एक जनवरी 2022 को भेज दी थी, जिसे अब तीन महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है। मोदी सरकार इस महीने के अंत तक या अगले महीने की शुरुआत में पीएम किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकती है।
नए पात्र किसान रजिस्ट्रेशन करवाकर प्राप्त कर सकते हैं 11वीं किस्त
यदि आप पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए पात्रता रखते हैं तो आप इस माह इस योजना में पंजीकरण करवाकर 11वीं किस्त का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। बेरिफिकेशन के बाद आपको 11वीं किस्त आपके खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। बता दें कि अब तक इस योजना से 12 करोड़ किसान जुड़ चुके हैं और सरकार का लक्ष्य देश के 14.5 करोड़ किसानों को इस योजना के दायरे में लाने का है। नए किसान पीएम किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त के आने से पहले रजिस्ट्रेशन करवा कर इसका लाभ उठा सकते हैं।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना में कौन कर सकता है आवेदन
पीएम किसान सम्मान निधि योजना लघु और सीमांत किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस योजना के लिए वहीं किसान पात्र होंगे जिनके पास खेती योग्य भूमि हो। इस योजना का लाभ ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के किसान उठा सकते हैं।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना में कैसे करें आवेदन
किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आपको इस योजना में आवेदन करना होगा। इसके लिए आपको सबसे पहले स्थानीय राजस्व अधिकारी (पटवारी) या राज्य सरकार द्वारा नामित नोडल अधिकारी से संपर्क करना होगा। किसान सामान्य सेवा केंद्रों (सीएससी) से भी संपर्क कर सकते हैं, जिन्हें शुल्क के भुगतान पर योजना के लिए पंजीकरण करने के लिए अधिकृत किया गया है। इसके अलावा पीएम-किसान पोर्टल पर किसान कॉर्नर के माध्यम से भी किसान अपना पंजीकरण करा सकते हैं। योजना के तहत आवेदन के लिए आपको आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता वितरण, निवास प्रमाण-पत्र, खेत के कागजात आदि निर्धारित दस्तावेजों की आवश्यकता होगी।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
Certified Used Tractors
Check Tractor Price