स्टार किसान घर योजना : किसानों को घर बनाने के लिए मिलेगा 50 लाख तक का ऋण
Published - 06 Jan 2022 by Tractor Junction
जानें, क्या है बीओआई की स्टार किसान घर योजना और इसके लाभ (BOI Star Kisan Ghar Scheme)
सरकार की ओर से किसानों के लिए कई प्रकार की लाभकारी योजनाएं चलाई जा रही है जिनका लाभ किसानों को मिल रहा है। इसके अलावा कई बैंक किसानों के लिए आकर्षक योजनाएं चला रहे हैं ताकि किसानों को आसानी से लोन मिल सके। इन्हीं योजनाओं में एक योजना बैंक ऑफ इंडिया ने स्टार किसान घर योजना नाम से शुरू की है। इस योजना के तहत किसान नया घर बनाने और पुराने घर की मरम्मत के लिए ऋण ले सकते हैं। इस योजना में किसानों को 50 लाख रुपए तक का ऋण मिल सकता है। आज हम ट्रैक्टर जंक्शन के माध्यम से किसानों को बैंक ऑफ इंडिया की स्टार किसान घर योजना की जानकारी दे रहे हैं ताकि आप इसका लाभ उठा सकें।
क्या है स्टार किसान घर योजना
सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंकों में शामिल बैंक ऑफ इंडिया ने किसानों के लिए स्टार किसान घर नाम से विशेष ऋण योजना शुरू की है। इस योजना के तहत किसानों को घर बनाने से लेकर घर की मरम्मत तक के लिए कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध हो सकेगा। इस कर्ज को चुकाने के लिए बैंक द्वारा किसानों को पर्याप्त समय भी दिया जाता है। इस योजना के तहत किसान अपना घर बनाने या उसकी मरम्मत के लिए आसानी से लोन ले सकते हैं।
किन किसानों को मिलेगा इस योजना का लाभ
स्टार किसान घर योजना के तहत बैंक ऑफ इंडिया किसानों के लिए जबरदस्त सुविधा दे रहा है। इस योजना का फायदा वे ही किसान उठा सकते हैं जिन्हें अपनी कृषि भूमि पर अपना फार्म हाउस बनाना है या अपने घर की मरम्मत या नवीनीकरण करवाना है, केवल उन्हीं किसान को इसका लाभ प्राप्त हो सकेगा। बता दें कि इस योजना का फायदा बैंक ऑफ इंडिया में केवल केसीसी अकाउंट वाले कृषि गतिविधियों में लगे किसान ही उठा सकते हैं।
स्टार किसान घर योजना में कितना मिलेगा ऋण
स्टार किसान घर योजना के तहत किसानों को 1 लाख रुपए से 50 लाख रुपए तक का लोन की सुविधा दी जा रही है। किसानों को अपनी जमीन पर नया फार्म हाउस या घर बनाने के लिए बैंक से 1 लाख रुपए से 50 लाख रुपए तक का ऋण दिया जाएगा। इसके अलावा मौजूदा मकान में मरम्मत या नया घर बनाने के लिए किसानों को एक लाख रुपए से लेकर 10 लाख रुपए तक का ऋण दिया जाएगा।
स्टार किसान घर योजना में ऋण पर कितना लगेगा ब्याज
स्टार किसान घर योजना के तहत ऋण लेने पर किसानों को 8.05 फीसदी की ब्याज दर से 1 लाख रुपए से लेकर 50 लाख रुपए तक का ऋण दिया जाएगा। इस योजना की खास बात यह है कि ऋण चुकाने के लिए किसानों को 15 साल तक का समय दिया जाएगा। इससे किसान आसानी से ऋण को चुका सकेंगे।
ऋण के लिए आईटी रिटर्न देने की जरूरत नहीं
इस योजना की एक ओर सबसे खास बात ये है कि इस योजना में किसानों को आईटी रिटर्न (इनकम टैक्स रिटर्न) देने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी।
किसान स्टार घर योजना की अधिक जानकारी के लिए कहां करें संपर्क
किसान भाई स्टार किसान घर ऋण योजना के संबंध में अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र की नजदीकी बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से संपर्क कर सकते हैं या बैंक के टोल फ्री नंबर 1800 103 1906 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
स्टार किसान घर योजना की खास बातें (Star Kisan Ghar Scheme)
• बैंक ऑफ इंडिया की स्टार किसान घर योजना में उन्हीं किसानों को ऋण मिलेगा जिनके पास खुद की जमीन होगी।
• स्टार किसान घर योजना में ऋण लेने के लिए वे ही किसान पात्र होंगे जिनका बैंक ऑफ इंडिया में केसीसी अकांउट हैं।
• इस योजना का लाभ कृषि गतिविधियों में लगे किसानों को ही मिलेगा। अन्य किसी को नहीं।
• स्टार किसान घर योजना में ऋण लेने के लिए किसानों को आईटी रिटर्न देने की जरूरत नहीं होगी।
अगर आप अपनी कृषि भूमि, अन्य संपत्ति, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, दुधारू मवेशी व पशुधन बेचने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु की पोस्ट ट्रैक्टर जंक्शन पर नि:शुल्क करें और ट्रैक्टर जंक्शन के खास ऑफर का जमकर फायदा उठाएं।
Certified Used Tractors
Check Tractor Price