Published - 24 Jan 2022 by Tractor Junction
झारंखड राज्य में 26 जनवरी से पेट्रोल सस्ता होने जा रहा है। इसे लेकर राज्य सरकार ने बीते दिनों घोषणा की। राज्य सरकार पेट्रोल पर 25 रुपए प्रति लीटर सब्सिडी देकर राशन कार्ड धारकों को राहत पहुंचाने जा रही है। इसे लेकर राज्य सरकार की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान इस पेट्रोल सब्सिडी योजना को लांच करेंगे। पहले चरण में राज्य के उन 20 लाख राशन कार्ड धारकों को इस योजना से जोड़ा जाएगा जिनके पास दुपहिया वाहन हैं। इसके लिए धनबाद के उपायुक्त संदीप सिंह ने ट्वीट कर झारखंड पेट्रोल सब्सिडी योजना की गाइडलाइंस जारी की है।
झारखंड सरकार की पेट्रोल सब्सिडी योजना के लिए लाल, पीला या हरा राशन कार्डधारी पात्र होंगे जिनके पास झारखंड राज्य निबंधन का दो पहिया वाहन है, आवेदन एप के माध्यम से कर सकते हैं। सरकार की ओर से योजना लाभ के 250 रुपए प्रतिमाह एकमुश्त सीधे लाभुक के बैंक खाते में जमा किए जाएंगे।
पेट्रोल सब्सिडी योजना के तहत दो पहिया वाहन कार्डधारियों के एक सदस्य को हर महीने 10 लीटर पेट्रोल पर प्रति लीटर में 25 रुपए की सब्सिडी मिलेगी। इस तरह प्रत्येक माह 250 रुपए इनके खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा हो जाएगी। जबकि पेट्रोल खरीदते समय लाभुकों को पूरी राशि पंप पर अदा करनी होगी। इसके लिए लाभुक को सरकार की ओर से जारी किए जाने वाले मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन करना होगा। इस संबंध में राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी जिले के उपायुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी और आपूर्ति पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया है।
वर्तमान में राज्य में कुल राशन कार्ड धारियों की संख्या तकरीबन 61 लाख है। इसमें प्रायोरिटी हाउसहोल्ड (पीएच) कार्डधारियों की संख्या 50,18,472 और अंत्योदय राशन कार्डधारियों की संख्या 8,99,400 है।
पेट्रोल सब्सिडी योजना में रजिस्ट्रेशन के लिए आपको कुछ शर्तों को पूरा करना होगा। ये इस प्रकार से हैं-
सब्सिडी पर पेट्रोल के लिए मोबाइल के जरिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीते दिन इस CMSUPPORTS नाम से एक एप लॉन्च किया है। झारखंड के राशन कार्डधारक इस योजना का लाभ उठाने के लिए इस एप पर स्वयं रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। साथ ही सरकारी वेबसाइट http://jsfss.jharkhand.gov.in पर जाकर भी रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
देश के प्रमुख राज्यों/शहरों में पेट्रोल का 24 जनवरी 2022 का रेट इस प्रकार से हैं
क्र. सं. | राज्य का नाम | पेट्रोल के भाव |
---|---|---|
1. | दिल्ली | 95.41 रुपए प्रति लीटर |
2. | हरियाणा (गुडग़ांव) | 87.11 रुपए प्रति लीटर |
3. | पंजाब (लुधियाना) | 95.57 रुपए प्रति लीटर |
4. | राजस्थान (जयपुर, जोधपुर, अलवर) | 107.06 रुपए प्रति लीटर |
5. | महाराष्ट्र (मुंबई) | 109.98 रुपए प्रति लीटर |
6. | उत्तर प्रदेश (लखनऊ) | 95.28 रुपए प्रति लीटर |
7. | मध्यप्रदेश (भोपाल) | 107.23 रुपए प्रति लीटर |
8. | बिहार (पटना) | 105.92 रुपए प्रति लीटर |
9. | झारखंड (रांची) | 98.72 रुपए प्रति लीटर |
10. | प. बंगाल (कोलकाता) | 104.67 रुपए प्रति लीटर |
11 | तमिलनाडू (चेन्नई) | 101.40 रुपए प्रति लीटर |
आप अपने शहर के पेट्रोल-डीजल के दाम रोजाना एसएमएस के जरिए भी चेक कर सकते हैं। इंडियन ऑयल (आईओसी) के उपभोक्ता RSP<डीलर कोड> लिखकर 9224992249 नंबर पर और एचपीसीएल के उपभोक्ता HPPRICE <डीलर कोड> लिखकर 9222201122 नंबर पर भेज सकते हैं। बीपीसीएल उपभोक्ता RSP <डीलर कोड> लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज सकते हैं।
अगर आप अपनी कृषि भूमि, अन्य संपत्ति, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, दुधारू मवेशी व पशुधन बेचने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु की पोस्ट ट्रैक्टर जंक्शन पर नि:शुल्क करें और ट्रैक्टर जंक्शन के खास ऑफर का जमकर फायदा उठाएं।