पीएम किसान योजना से जुड़े किसानों को ही मिलेगा केसीसी का लाभ - जानें पूरी जानकारी
Published - 10 Jun 2022
by Tractor Junction
जानें, कौनसी है ये स्कीम और इससे किसानों को लाभ, जानें, पूरी जानकारी
पीएम किसान योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसका उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मदद करना है। इस योजना से जुड़े किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जाता है। इसके तहत किसानों को हर साल 6 हजार रुपए दिए जाते हैं। यह राशि हर चार माह के अंतराल में 2-2 हजार रुपए की तीन किस्तों में दी जाती है। इस योजना की खास बात ये हैं कि इस योजना में मिलने वाला पैसा सीधा किसान के खाते में जमा होता है।
इसी योजना से जुड़ी एक खास स्कीम भी सरकार की ओर से चलाई जा रही है। यदि आप पीएम किसान योजना से जुड़े हुए हैं और किसान है, तो ये खबर आपके लिए बहुत काम की है। जैसा कि पीएम किसान योजना से देश के करीब 10.5 करोड़ किसान जुड़े हुए हैं जो पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। ऐसे में इन लाभार्थियों को बैंक से सस्ता लोन उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने क्रेडिट कार्ड बनाने की स्कीम चला रखी है। इसके तहत किसानों के क्रेडिट कार्ड बनाए जाते हैं जिससे उन्हें बैंक से सस्ता ऋण उपलब्ध हो जाता है।
किसान क्रेडिट कार्ड के लिए चलाया जा रहा है अभियान (Kisan Credit Card)
सरकार की ओर से किसान क्रेडिट कार्ड के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दअसल केंद्र की मोदी सरकार आजादी का अमृत उत्सव मना रही है। इस मौके पर किसानों के लिए भी किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के जरिये किसानों को क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी जा रही है। किसान भाई इस योजना का लाभ उठा कर क्रेडिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए आवेदन फॉर्म पीएम किसान योजना की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
गांवों में विशेष ग्राम सभाओं का हो रहा है आयोजन
किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी कार्यक्रम के तहत किसानों को क्रेडिट कार्ड दिया जाएगा। इसके लिए गांवों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जिन किसानों के पास क्रेडिट कार्ड नहीं है उनकी सूची तैयार करके बैंक शाखाओं को भेजी जा रही है। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक जो किसान पीएम किसान योजना से जुड़े हुए हैं और अभी तक उनके पास क्रेडिट कार्ड नहीं है तो वे निकटतम सहकारी बैंक शाखा में जाकर किसान क्रेडिट कार्ड बनावा सकते हैं।
किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए ये दस्तावेज ले जाने होंगे साथ
यदि आप किसान है और आपके पास क्रेडिट कार्ड नहीं है और आप इसे बनवाना चाहते हैं तो आपको इसके लिए कुछ कागजातों की आवश्यकता होगी। ये कागजात या दस्तावेज इस प्रकार से हैं-
- आवेदक करने वाले किसान का आधार कार्ड
- आवेदन करने वाले किसान का पैन कार्ड
- किसान की जमीन के कागजात जिसमें खसरा खाता खतौनी की कॉपी
- बैंक खाते के विवरण हेतु पासबुक की प्रथम पेज की कॉपी
- आवेदन करने वाले किसान का मोबाइल नंबर जो आधार से लिंक हो
- किसान का पासपोर्ट साइज फोटो
केसीसी बनवाने की ये है आसान प्रक्रिया
किसान अपने नजदीकी सहकारी बैंक से संपर्क करके बड़ी आसानी से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवा सकते हैं। इसके लिए आपको सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लेकर बैंक जाना होगा। बैंक आपको केसीसी बनवाने के लिए ओवदन का एक फॉर्म देगा जिसे आपको सही-सही भरना होगा और उसके साथ जो दस्तावेज मांगे गए हैं उनकी प्रमाणित प्रति इस फॉर्म के साथ लगानी होगी। यदि आपका फॉर्म सही भरा हुआ है और दस्तावेजों सही लगाएं गए हैं तो बैंक द्वारा इन दस्तावेजोंं की जांच की जाएगी। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद बैंक 14 दिन के अंदर आपको केसीसी कार्ड जारी कर देगा। ऐसा नियम बनाया हुआ है।
किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने से किसानों को होंगे ये लाभ
- किसान क्रेडिट कार्ड से किसानों को सस्ती दर पर ऋण उपलब्ध हो सकेगा।
- किसान क्रेडिट कार्ड से 3 लाख रुपए तक ऋण सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकते है।
- किसान क्रेडिट कार्ड के तहत दिए जाने वाले ऋण में किसानों को छूट प्रदान की जाती है।
- किसान क्रेडिट कार्ड के तहत लिए गए ऋण पर किसानों को सालाना 4 प्रतिशत की दर से ब्याज देना होता है, जो सबसे कम है।
- किसान क्रेडिट कार्ड के तहत लिए गए ऋण की राशि का भुगतान यदि किसान द्वारा तय समय अवधि से पहले पूरा कर दिया जाता है तो किसानों को सरकार की ओर से लिए गए ऋण राशि में 3 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जाती है।
- इसके साथ ही किसानों को 7 प्रतिशत ब्याज दर की राशि की जगह केवल 4 प्रतिशत की दर से ब्याज का भुगतान करना होता है।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।