सोलर रूफटॉप सब्सिडी योजना : सोलर पैनल लगवाने पर मिलेगी 40 प्रतिशत सब्सिडी

Share Product Published - 11 Nov 2021 by Tractor Junction

सोलर रूफटॉप सब्सिडी योजना : सोलर पैनल लगवाने पर मिलेगी 40 प्रतिशत सब्सिडी

जानें, सोलर रूफटॉप सब्सिडी के लिए कैसे करें आवेदन और क्या देने होंगे दस्तावेज

केंद्र सरकार की ओर से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए देश के लोगों को सोलर एनर्जी को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए सरकार की ओर से सब्सिडी का लाभ भी प्रदान किया जाता है। यदि आप अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाते हैं तो आपको सरकार की ओर से 40 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। 

सोलर पैनल लगवाने का सबसे बड़ा फायदा ये हैं कि आपके बिजली बिल के खर्च की बचत होगी। इतना ही नहीं यदि आप अतिरिक्त बिजली बनाकर इसे ग्रिड (बिजली स्टेशन) को बेच भी सकते हैं। इससे आपको फ्री बिजली मिलेगी और अतिरिक्त बिजली  बेचकर कमाई भी होगी। तो आइए जानते हैं कैसे आप सोलर पैनल पर सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं। 

क्या है सोलर रूफटॉप सब्सिडी योजना ( Solar Rooftop Subsidy Scheme )

भारत सरकार की ओर से सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए सोलर रूफ टॉप योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत देश का कोई भी नागरिक अपनी छत पर सोलर पैनल लगवा सकता है। सोलर पैनल लगवाने के लिए सरकार की ओर से उसे सब्सिडी यानि अनुदान दिया जाता है ताकि लोग सस्ती कीमत पर सोलर पैनल लगवाकर इसका लाभ उठा सकें। सोलर पैनल के इस्तेमाल से बिजली का खर्चा की खपत कम होगी। सरकार का उद्देश्य 2022 तक 100 गीगा वॉट सौर ऊर्जा क्षमता को हासिल करना है। इसमें से 40 गीगा वॉट ऊर्जा छत पर लगे सोलर पैनल से प्राप्त करने का सरकार ने लक्ष्य तय किया है। बता दें कि 100 गीगा वॉट बराबर 100 गुणा 1000 बराबर 1,00,000 मेगावॉट होता है।  

सोलर पैनल लगवाने से ये होंगे फायदे ( Solar Panels )

•    सोलर पैनल से बिजली उत्पादन में कोई प्रदूषण नहीं होता है। क्योंकि ये ऊर्जा पूर्ण रूप से सूर्य की रोशनी पर आधारित है। 
•    सोलर पैनेल से उर्जा बनाने में कोयला, पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल नहीं करना पड़ता है। 
•    इसके अलावा हर महीने आने वाले भारी-भरकम बिजली के बिल में बचत होगी। 
•    इतना ही नहीं अतिरिक्त बिजली को बेचकर भी कमाई की जा सकती है। 

सोलर रूफ टॉप योजना में कितनी मिलेगी सब्सिडी

•    यदि आप अपने घर की छत पर 3 किलोवॉट तक का सोलर पैनल लगवाते हैं तो आपको सरकार की ओर से 40 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी। 
•    वहीं आप 10 किलोवॉट का सोलर पैनल लगवाते हैं तो आपको सरकार की ओर से 20 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी। 
•    सोलर रूफटॉप योजना के तहत आवासीय, सरकारी, समाजिक और संस्थागत क्षेत्र को सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जाएगा।  

सोलर रूफटॉप सब्सिडी योजना में आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज

यदि आप सोलर रूफटॉप सब्सिडी योजना में आवेदन करना चाहते हैं तो आपको कुछ दस्तावेजों की आवश्यकता होगी जो इस प्रकार से हैं-
•    आवेदन करने वाले व्यक्ति का आधार कार्ड
•    आवेदक का पहचान पत्र जैसे- पैन कार्ड, राशन कार्ड आदि। 
•    आवेदन करने वाले का मोबाइल नंबर
•    आवेदक का बैंक खाता संख्या (इसके लिए बैंक खाते की पासबुक के प्रथम पृष्ठ की कॉपी)
•    आवेदक की दो पासपोर्ट साइज फोटो
•    आवेदक के पते का सबूत- इसके लिए राशन कार्ड की कॉपी 

सोलर रूफटॉप योजना में सब्सिडी के लिए आवेदन की प्रक्रिया

घर या आफिस की छत पर सोलर पैनल लगवाने के इच्छुक व्यक्ति के लिए आधिकारिक वेबसाइट solarrooftop.gov.in पर जाकर फ्री में अपनी छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए आवेदन कर सकते है। इसकी प्रक्रिया इस प्रकार से हैं-
•    सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट solarrooftop.gov.in पर जाना होगा।
•    आपको होम पेज पर दिए गए ऑप्शन यू एप्लाई फार रूफटॉप सोलर पर क्लिक करना होगा।
•    अगले पेज में अपने राज्य की वेबसाइट के लिंक पर क्लिक करना होगा।
•    आपके सामने आवेदन फॉर्म खुल जाएगा।
•    अब फार्म में पूछी गई सभी जानकारी सही से करनी होगी। 
•    इसके बाद सबमिट पर क्लिक कर करना होगा। 
•    इस तरह आपकी सोलर रूफटॉप योजना में आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

सोलर रूफटॉप योजना से जुड़ी कोई समस्या हो तो यहां करें संपर्क

सोलर रूफटॉप योजना का आवेदन करने या इस योजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए आप इस हेल्पलाइन नंबर 1800 180 3333 पर संपर्क कर सकते है। इसके अलावा आप आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी संपर्क सूचना प्राप्त कर सकते है और आसानी से अपनी समस्या का समाधान कर सकते है।

विशेष सूचना - भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से आवश्यक सलाह और जानकारी दी गई है। इसे आप नीचे दिए गए लिंक पर जाकर देख सकते हैं- 

लिंक- https://mnre.gov.in/img/documents/uploads/file_f-1610949591054.pdf


अगर आप अपनी कृषि भूमि, अन्य संपत्ति, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण, दुधारू मवेशी व पशुधन बेचने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु की पोस्ट ट्रैक्टर जंक्शन पर नि:शुल्क करें और ट्रैक्टर जंक्शन के खास ऑफर का जमकर फायदा उठाएं।

Call Back Button