MSP पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने का मौका, पंजीयन शुरू; जानें कहां और कैसे करें रजिस्ट्रेशन

Share Product प्रकाशित - 15 Sep 2026 by Vivek Tailang

MSP पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने का मौका, पंजीयन शुरू; जानें कहां और कैसे करें रजिस्ट्रेशन

मध्यप्रदेश में खरीफ उपार्जन वर्ष 2026-27 के लिए शुरू हुआ पंजीयन, जानें पंजीयन केंद्र, जरूरी दस्तावेज

मध्यप्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य (MSP) पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने वाले किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू हो गई है। किसानों को अपनी उपज सरकारी उपार्जन केंद्रों पर बेचने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीयन कराना होगा। प्रदेश में किसानों की सुविधा के लिए 1100 से अधिक पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं। किसान अपनी सुविधा के अनुसार निःशुल्क या सशुल्क पंजीयन केंद्र पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों से निर्धारित समय के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है। उनका कहना है कि समय पर पंजीयन होने से किसानों को फसल बेचते समय किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

किसानों के लिए निःशुल्क और सशुल्क पंजीयन की सुविधा

सरकार ने किसानों की सुविधा को देखते हुए पंजीयन के लिए दो तरह की व्यवस्था की है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार इन केंद्रों पर पंजीयन करा सकते हैं।

निःशुल्क पंजीयन केंद्र – ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों के अलावा सहकारी समितियों और विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित केंद्रों पर किसानों का पंजीयन निःशुल्क किया जाएगा।

सशुल्क पंजीयन केंद्र – किसान MP Online कियोस्क, CSC कियोस्क, लोक सेवा केंद्र और निजी साइबर कैफे के माध्यम से भी पंजीयन करा सकते हैं। इन केंद्रों पर अधिकतम 50 रुपए प्रति पंजीयन शुल्क लिया जा सकता है।

ध्यान रखें: सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन केवल सहकारी समितियों द्वारा संचालित केंद्रों पर ही किया जाएगा। इनके पंजीयन का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा।

आधार सत्यापन और भू-अभिलेख का मिलान जरूरी

पंजीयन के दौरान किसान का आधार सत्यापन मोबाइल OTP या बायोमेट्रिक यानी फिंगरप्रिंट डिवाइस के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ ही किसान के भू-अभिलेख में दर्ज नाम और आधार कार्ड में दर्ज नाम का मिलान भी किया जाएगा। यदि खसरे या खाते में दर्ज किसान के नाम और आधार कार्ड के नाम में अंतर मिलता है, तो पंजीयन का सत्यापन तहसील कार्यालय से कराया जाएगा। तहसील स्तर से सत्यापन होने के बाद ही पंजीयन मान्य माना जाएगा। इसलिए किसानों को पंजीयन कराने से पहले अपने भूमि संबंधी रिकॉर्ड और आधार में दर्ज नाम की जांच कर लेनी चाहिए।

आधार लिंक बैंक खाते में आएगा फसल का भुगतान

सरकार की ओर से उपार्जित फसल की राशि का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किसान के आधार लिंक बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर किया जाएगा। पंजीयन के दौरान बैंक खाते के सत्यापन की व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (MP State Civil Supplies Corporation) द्वारा ई-उपार्जन/जेआईटी (e-Uparjan/JIT) पोर्टल के माध्यम से किसान के बैंक खाते में 1 रुपए का टेस्ट ट्रांजैक्शन भेजकर खाते का सत्यापन किया जाएगा। इससे भुगतान के समय बैंक खाते से जुड़ी समस्या की संभावना कम होगी। किसानों को ध्यान रखना होगा कि अक्रियाशील यानी In-operative बैंक खाते, संयुक्त खाते और Paytm, Airtel, Fino जैसे पेमेंट बैंक खाते पंजीयन के लिए मान्य नहीं होंगे। किसानों को अपना बैंक खाता और मोबाइल नंबर आधार से लिंक एवं अपडेट रखना चाहिए।

पंजीयन से पहले ये दस्तावेज रखें तैयार

किसानों को पंजीयन कराने से पहले जरूरी दस्तावेज और जानकारी तैयार रखनी चाहिए। इससे पंजीयन प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सकेगी। किसानों को भूमि संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड, फोटो पहचान पत्र, बैंक खाता नंबर और IFSC कोड तैयार रखना चाहिए। इसके अलावा आधार से मोबाइल नंबर और बैंक खाता लिंक होना भी जरूरी है। किसानों को बैंक खाते की स्थिति भी जांच लेनी चाहिए, ताकि भुगतान के समय किसी तरह की परेशानी न आए।

किसानों को एसएमएस (SMS) से मिलेगी पंजीयन की जानकारी

सरकार ने पिछले रबी और खरीफ पंजीयन के दौरान उपलब्ध किसानों के मोबाइल नंबरों पर एसएमएस (SMS) के माध्यम से पंजीयन की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही गांवों में मुनादी कराने, ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर जानकारी लगाने तथा समितियों और मंडी स्तर पर बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

10 अक्टूबर तक करा सकते हैं पंजीयन

एमएसपी (MSP) पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने के इच्छुक किसानों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। किसानों को इस तारीख तक अपना पंजीयन पूरा कर लेना चाहिए, ताकि खरीफ उपज बेचते समय किसी तरह की परेशानी न हो। पंजीयन से पहले आधार, भूमि रिकॉर्ड और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी की जांच कर लेना किसानों के लिए बेहतर रहेगा।

“MSP पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने के लिए पंजीयन” के संबंध में पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ):

प्रश्न 1. मध्यप्रदेश में धान, ज्वार और बाजरा के पंजीयन कब से शुरू हो रहे हैं?

उत्तर: मध्यप्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान, ज्वार और बाजरा के पंजीयन 15 सितंबर 2026 से शुरू हो रहे हैं।

प्रश्न 2. MSP पर धान, ज्वार और बाजरा बेचने के लिए पंजीयन कहां करा सकते हैं?

उत्तर: किसान ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालय, सहकारी समितियों और विपणन संस्थाओं के निःशुल्क पंजीयन केंद्रों पर पंजीयन करा सकते हैं। इसके अलावा MP Online, CSC, लोक सेवा केंद्र और निजी साइबर कैफे पर भी पंजीयन की सुविधा है।

प्रश्न 3. धान, ज्वार और बाजरा पंजीयन के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?

उत्तर: पंजीयन के लिए किसान को आधार कार्ड, भूमि संबंधी दस्तावेज, फोटो पहचान पत्र, बैंक खाता नंबर और IFSC कोड जैसी जानकारी तैयार रखनी चाहिए।

प्रश्न 4. MSP पर फसल बेचने के लिए आधार सत्यापन क्यों जरूरी है?

उत्तर: पंजीयन के दौरान आधार का मोबाइल OTP या बायोमेट्रिक से सत्यापन किया जाएगा। साथ ही आधार और भू-अभिलेख में दर्ज किसान के नाम का मिलान किया जाएगा।

प्रश्न 5. मध्यप्रदेश में धान, ज्वार और बाजरा पंजीयन की अंतिम तिथि क्या है?

उत्तर: खरीफ उपार्जन वर्ष 2026-27 के लिए किसान 10 अक्टूबर 2026 तक धान, ज्वार और बाजरा बेचने के लिए पंजीयन करा सकते हैं।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button