दिल्ली-NCR, हरियाणा और उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना
प्रकाशित - 31 Oct 2026 by Vivek Tailang
जानें, आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम, किसानों और आमजन को किन सावधानियों का रखना होगा ध्यान
देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नवंबर की शुरुआत में कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के ऊपर बन रहा कम दबाव का क्षेत्र भी धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है। इसके प्रभाव से मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। ऐसे में किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती सिस्टम, भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को सुबह 8:30 बजे दक्षिणी अंडमान सागर और आसपास के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इसके 31 अक्टूबर के आसपास और मजबूत होकर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इस मौसमी सिस्टम का असर दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से 2 और 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 1 से 5 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
मध्य भारत में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 नवंबर तक बारिश के आसार हैं। वहीं, विदर्भ में 1 नवंबर तक और छत्तीसगढ़ में 1 तथा 4-5 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 31 अक्टूबर और 2-3 नवंबर को कई जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है। 2 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
यूपी-बिहार समेत पूर्वी भारत में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 31 अक्टूबर को और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। बिहार में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं। झारखंड में भी 31 अक्टूबर से 5 नवंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 1 से 5 नवंबर तक बारिश की संभावना है। वहीं, ओडिशा में 1 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। 2 नवंबर को भारी बारिश और 3 नवंबर तक कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की आशंका है।
दिल्ली-NCR, हरियाणा और उत्तराखंड में भी बदल सकता है मौसम
उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में 2 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। यहां 31 अक्टूबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। इसके अलावा 2 नवंबर को दिल्ली-NCR, चंडीगढ़ और हरियाणा के कुछ इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी राजस्थान में भी 31 अक्टूबर को बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र और सौराष्ट्र-कच्छ में 31 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
किसानों और आमजन क्या रखें सावधानियां
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बारिश और तेज हवाओं की संभावना वाले क्षेत्रों में खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित पक्के मकान में शरण लें और खराब मौसम में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। किसानों को सलाह है कि खेतों में कटी हुई फसल और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें। खुले में रखे अनाज को तिरपाल से ढककर रखें और तेज हवाओं के दौरान फसलों को नुकसान से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करें। पशुओं को भी खुले स्थानों के बजाय सुरक्षित जगह पर रखें। किसान अपने क्षेत्र के मौसम पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखें और कृषि से जुड़े जरूरी काम मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही करें। मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने से बारिश, आंधी और बिजली गिरने से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें