महिला समृद्धि योजना में महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपए, ₹5100 करोड़ के बजट का ऐलान
प्रकाशित - 27 Mar 2025 by Tractor Junction
दिल्ली सरकार ने बजट में की किसानों, महिलाओं सहित अन्य वर्ग के लिए लाभकारी घोषणाएं
Delhi Budget 2025: एमपी, यूपी, राजस्थान के बाद अब दिल्ली सरकार ने भी अपना वित्त वर्ष 2025–26 के लिए बजट पेश कर दिया है। इस बजट में महिलाओं के लिए खास घोषणा की गई है। साथ ही बजट में भी खास प्रावधान किया है। ऐसे में अब यहां की पात्र महिलाओं को महिला समृद्धि योजना (Mahila Samridhi Yojana) का लाभ जल्द ही मिलने वाला है। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने किसानों के लिए भी बड़ी घोषणा की है। इसमें पीएम किसान योजना (PM Kisan Yojana) के तहत मिलने वाली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (Pradhan Mantri Kisan Samman Nidhi Yojana) की राशि को 6,000 रुपए से बढ़ाकर 9,000 रुपए कर दिया गया है। दिल्ली सरकार ने अपने बजट में सभी वर्गों के लिए खजाना खोल दिया है। इससे दिल्ली में रहने वाले सभी वर्गों के लोगों को लाभ होगा। आइए, जानते हैं, दिल्ली सरकार ने अपने वित्तीय बजट 2025–26 में क्या घोषणाएं की हैं।
महिलाओं को जल्द मिलेगा महिला समृद्धि योजना का लाभ
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट 2025–26 के तहत इस योजना के लिए 5100 करोड़ रुपए का बजट में प्रावधान किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि दिल्ली सरकार जल्द ही इस योजना को शुरू कर सकती है। महिला समृद्धि योजना (Mahila Samridhi Yojana) के तहत यहां की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सरकार की ओर से हर महीने 2500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। खास बात यह है कि इस योजना से महिलाओं को न सिर्फ आर्थिक मदद ही मिलेगी बल्कि इन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने के लिए सरकार इन्हें अन्य योजनाओं से भी जोड़ेगी जिससे उनकी उन्नति होगी।
महिला समृद्धि योजना के तहत क्या मिलेंगी सुविधाएं
- महिला समृद्धि योजना (Mahila Samridhi Yojana) के तहत महिलाओं को रोजगार और स्टार्टअप के लिए सब्सिडी और सस्ता लोन दिया जाएगा।
- योजना के तहत छात्राओं व कामकाजी महिलाओं को उच्च शिक्षा व व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए विशेष अनुदान दिया जाएगा।
- महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों को मजबूत किया जाएगा जिसमें मुफ्त चिकित्सा जांच व इलाज की सुविधा प्रदान की जाएगी।
- महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष हेल्पलाइन और पुलिस गश्त को बढ़ावा दिया जाएगा।
- महिलाओं के स्वयं सहायता समूह को आर्थिक सहायता और सरकारी प्रोजेक्ट्स में भागीदारी का अवसर प्रदान किया जाएगा।
किन महिलाओं को मिलेगा महिला समृद्धि योजना का लाभ
महिला समृद्धि योजना (Mahila Samridhi Yojana) का लाभ दिल्ली की उन महिलाओं काे दिया जाएगा जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। इस योजना की पात्रता संबंधी नियम भी सभवत: अन्य राज्यों में लागू लाड़ली बहना योजना जैसे ही होंगे। हालांकि इस योजना के पात्रता संबंधी नियम अभी तय नहीं किए गए हैं। बताया जा रहा है कि योजना के लिए जल्द आवेदन शुरू किए जाएंगे। इसके लिए पोर्टल लांन्च किया जा सकता है। योजना की शुरुआत से पहले सभी संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी और इसके बाद केवल पात्र महिलाओं को ही इस योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। इस प्रक्रिया में स्थानीय प्रशासन, बैंक और आधार अथॉरिटी की सहायता ली जाएगी।
महिला समृद्धि योजना में आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की होगी आवश्यकता
महिला समृद्धि योजना (Mahila Samridhi Yojana) के तहत आवेदन करने वाली महिलाओं को कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। योजना के लिए जिन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी, वे दस्तावेज इस प्रकार से हैं–
- पहचान के लिए आधार कार्ड जो बैंक खाते से लिंक हो
- बैंक खाता विवरण, इसके लिए पासबुक की प्रथम पेज की कॉपी
- परिवार का आय प्रमाण–पत्र
- परिवार का बीपीएल प्रमाण–पत्र
- महिला का निवास प्रमाण–पत्र
- परिवार का राशन कार्ड
- महिला का वोटर आईडी आदि।
महिला समृद्धि योजना में कब से शुरू होंगे आवेदन
महिला समृद्धि योजना (Mahila Samridhi Yojana) में कब से आवेदन शुरू होंगे। इस संदर्भ में आपको बता दें कि इस योजना को शुरू करने में अभी थोड़ा वक्त लगेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि उनकी सरकार वादों को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। उन्होंने कहा कि यह महिला समृद्धि योजना एक बार की नहीं, बल्कि हर महीने लगातार दी जानी है। इसलिए इसे शुरू करने में थोड़ा वक्त लगेगा, ताकि कोई गड़बड़ी न हो। हम चाहते हैं कि इसे शुरू करने से पहले पूरी तरह से फूलप्रूफ व पारदर्शी सिस्टम बनाएं ताकि दिल्ली की बहनों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो।
दिल्ली बजट 2025–26 की अन्य खास घोषणाएं
- पीएम सूर्य घर योजना (PM Surya Ghar Yojana) के तहत हर घर को 78,000 रुपए की सब्सिडी दी जाएगी।
- गरीबों को सस्ता व पोष्टिक भोजन प्रदान करने के लिए 100 अटल कैंटीन खोलने के लिए 100 करोड़ रुपए का बजट में प्रावधान किया गया है।
- अंत्योदय जनकल्याण योजना (Antyodaya Jankalyan Yojana) के लिए 10,000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।
- मेधावी छात्रों को लैपटॉप (Laptop) दिए जाने की घोषणा की गई है।
- महिला एवं बाल विकास विभाग (Women and Child Development Department) के लिए 9,000 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।
- होम गार्ड्स (Home Guards) की संख्या बढ़ाकर 25,000 किए जाने की घोषणा की है।
- दिल्ली में महिलाओं को पिंक टिकट की जगह स्मार्ट कार्ड दिए जाएंगे।
- 5000 नई इलेक्ट्रिक बसें (Electric Buses) चलाई जाएंगी।
- दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) के विस्तार के लिए 2929 करोड़ रुपए का बजट में प्रावधान किया गया है।
- यमुना सफाई के लिए 500 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।
- झुग्गी बस्तियों के पुनर्विकास के लिए 696 करोड़ का बजट रखा गया है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें