गन्ना किसानों को बड़ी सौगात! खरीद मूल्य में 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी
प्रकाशित - 28 Nov 2025
by Vivek Tailang
नई दरों से सीजन 2025 की पेराई में किसानों को मिलेगा सीधा फायदा, जानें, गन्ने का नया रेट
पंजाब के गन्ना किसानों के लिए एक बड़ी राहतभरी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरदासपुर जिले के दीनानगर में नई अत्याधुनिक चीनी मिल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में गन्ने की खरीद मूल्य में 15 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी का ऐलान किया। इस बढ़ोतरी के बाद अब पंजाब में गन्ने का खरीद रेट 401 रुपए से बढ़कर 416 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है, जो देश में सबसे अधिक है। सरकार का कहना है कि इस फैसले से पंजाब के हजारों गन्ना किसानों को सीधा आर्थिक लाभ प्राप्त होगा और उनकी आय में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी होगी।
पंजाब लगातार देश में सबसे अधिक गन्ना रेट देने वाला राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान करती है और यही कारण है कि पंजाब लगातार देश में सबसे अधिक गन्ना खरीद दर देने वाला राज्य बना हुआ है। उनका मानना है कि किसानों को बेहतर मूल्य मिलने से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि अधिक से अधिक किसान गन्ने की खेती की ओर आकर्षित होंगे, जिससे उत्पादन भी बढ़ेगा।
नई शुगर मिल से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता
दीनानगर में शुरू की गई कोऑपरेटिव शुगर मिल को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। पहले इस शुगर मिल में केवल 2,000 टन प्रतिदिन (TCD) की पेराई क्षमता थी, जिसे अब बढ़ाकर 5,000 टन प्रतिदिन (TCD) कर दिया गया है। इससे चीनी उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा और प्रदेश चीनी उत्पादन के मामले में अधिक आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि इस मिल में अत्याधुनिक मशीनरी, सल्फर-रहित रिफाइंड शुगर प्लांट और 28.5 मेगावॉट के पावर प्लांट की स्थापना की जा रही है। इससे गन्ने की भुगतान व्यवस्था मजबूत होगी, उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को समय पर उनकी उपज का मूल्य मिल सकेगा।
7025 किसान बेच सकेंगे गन्ना, पहले था 2850 का आंकड़ा
नई मिल के संचालन से जहां उत्पादन बढ़ेगा, वहीं किसानों को मिलने वाला लाभ भी दोगुना हो जाएगा। पहले इस मिल पर केवल 2,850 किसान ही अपनी फसल बेच पाते थे, जबकि नई क्षमता बढ़ने के बाद अब 7,025 किसान यहां गन्ने की आपूर्ति कर सकेंगे। इससे अधिक किसानों की पैदावार सीधे मिल तक पहुंचेगी और उन्हें बाहर मंडियों में भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, बढ़ी हुई क्षमता के कारण अब गन्ने की खरीद और भुगतान व्यवस्था अधिक प्रभावी तथा तेज होगी। किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा और गन्ना पेराई सीजन में किसी तरह की देरी नहीं होगी।
20 मेगावॉट बिजली उत्पादन से बढ़ेगी मिल की कमाई
मिल में लगाए गए पावर प्लांट की मदद से 20 मेगावॉट बिजली का उत्पादन भी किया जाएगा, जिसे पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) को बेचा जाएगा। इससे मिल को 20 करोड़ रुपए की अतिरिक्त वार्षिक आय होने की उम्मीद है। इस आय से मिल का संचालन और किसानों के भुगतान दोनों को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम न केवल किसानों के हित में है, बल्कि मिल को भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
किसानों को सीजन शुरू होने से पहले मिला बड़ा तोहफा
गन्ना पेराई सीजन शुरू होने से ठीक पहले किए गए इस फैसले को किसान बेहद सकारात्मक मान रहे हैं। किसानों का कहना है कि बढ़ी हुई दरों से उनकी सालाना आय में सीधा असर पड़ेगा और बढ़ती लागत के बीच यह बढ़ोतरी बेहद राहत देने वाली है। कई किसानों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह फैसला किसानों के लिए हौसला बढ़ाने वाला है और इससे राज्य में गन्ना उत्पादन का क्षेत्र भी बढ़ेगा। इधर सरकार को भी उम्मीद है कि गन्ने की बढ़ी हुई कीमत और नई मिल की क्षमता से गन्ना उत्पादन में बढ़ोतरी होगी, जिससे राज्य में चीनी उद्योग को नई गति मिलेगी।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।