खुशखबरी: इन जिलों के किसानों के लिए 34 रैक यूरिया रवाना, जानिए आपके जिले में कब पहुंचेगा स्टॉक
प्रकाशित - 31 Aug 2025
by Tractor Junction
खरीफ सीजन में यूरिया की किल्लत से जूझते किसानों को मिलेगी राहत, कालाबाजारी पर भी लगेगी लगाम
34 Racks of Urea Dispatched for the Farmers of These Districts : केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकारें भी किसानों को खरीफ बुवाई सीजन में यूरिया उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रियता से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में राज्य सरकार की ओर से खरीफ सीजन 2025 में किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक (fertilizer) उपलब्ध कराने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है। राज्य के कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया है कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में यूरिया, डीएपी और एनपीके खाद की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे फसलों की बुआई, रोपाई और टॉप ड्रेसिंग के लिए किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं हो।
1 से 26 अगस्त तक भेजी गईं 301 यूरिया रैक
यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि 1 अगस्त से 26 अगस्त 2025 के बीच भारत सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश के लिए 301 यूरिया रैक भेजी गई हैं। इनमें से 267 रैक किसानों तक पहुंच चुकी हैं और 34 रैक रास्ते में हैं, जो अगले 2–3 दिनों में अपने-अपने जिलों में पहुंच जाएंगी। मंत्री ने कहा कि वर्तमान में 10 से 12 रैक प्रतिदिन की दर से यूरिया की आपूर्ति हो रही है, जिससे किसानों की दैनिक खाद की आवश्यकताएं पूरी की जा सकें।
प्रदेश के किन जिलों के लिए भेजी गईं यूरिया रैक
27 और 28 अगस्त को केंद्र सरकार ने 18 नई रैक यूरिया उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए भेजी है, जिनमें प्रमुख जिलों में बस्ती, अलीगढ़, मऊ, अयोध्या, झांसी, जालौन, सुल्तानपुर, शाहजहांपुर, कानपुर, बाराबंकी, बरेली, मुरादाबाद, हरदोई, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बदायूं शामिल हैं। इन जिलों में यूरिया वितरण 2025 के तहत समयबद्ध आपूर्ति की जा रही है।
प्रदेश में खाद की कितनी उपलब्धता
सरकारी आंकड़ों के अनुसार 27 अगस्त 2025 तक उत्तर प्रदेश के सहकारिता व निजी क्षेत्रों में यूरिया (Urea): 5,64,865 मीट्रिक टन, डीएपी (DAP): 4,07,792 मीट्रिक टन, एनपीके (NPK): 3,03,446 मीट्रिक टन खाद की उपलब्धता है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य में किसी भी प्रकार की खाद की कमी नहीं है और किसान अपनी जरूरत के अनुसार स्थानीय विक्रय केंद्रों से खाद प्राप्त कर सकते हैं।
सभी उर्वरक ब्रांड एक समान क्वालिटी के
कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे “भारत यूरिया”, “भारत डीएपी” जैसे नामों को लेकर भ्रमित न हों। उन्होंने कहा कि सभी उर्वरक सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार एक जैसी गुणवत्ता वाले हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे केवल एक ही ब्रांड पर निर्भर न रहें और अपने नजदीकी केंद्र से आसानी से खाद प्राप्त करें। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि फसलों की आवश्यकता से अधिक उर्वरक का भंडारण नहीं करें ताकि सभी किसानों को खाद समय पर मिल सके।
कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई
खाद वितरण 2025 को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सरकार ने कालाबाजारी, जमाखोरी और ओवररेटिंग पर सख्ती से निगरानी रखी है। वर्ष 2025-26 में अब तक 12,653 छापेमारी अभियान की कार्रवाई और 3,385 खाद नमूनों की जांच व 1047 नमूने विश्लेषण हेतु भेजे गए। इनमें से 35 अमानक नमूने पाए गए। इस अभियान के दौरान प्रदेश सरकार ने कार्रवाई करते हुए 571 लाइसेंस निलंबित, 1,196 लाइसेंस रद्द, 122 दुकानदारों को चेतावनी, 15 दुकानों पर बिक्री प्रतिबंध, 12 दुकानें सील, 111 एफआईआर दर्ज और 11 आरोपियों को जेल भेजा गया है। कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों को केवल MRP (अधिकतम खुदरा मूल्य) पर ही खाद मिलनी चाहिए। ओवररेटिंग या टैगिंग (अनावश्यक पैकेज जोड़कर मूल्य बढ़ाना) पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
किसानों को राहत और भरोसा
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उर्वरक की उपलब्धता से लेकर गुणवत्ता और कीमत तक, हर पहलू पर निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकार पर भरोसा रखें और फसलों की जरूरत के अनुसार ही खाद का इस्तेमाल करें।
किसान कहां करें कालाबाजारी की शिकायत
अपने क्षेत्र में खाद की उपलब्धता और वितरण की जानकारी के लिए नजदीकी कृषि विक्रेता या कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क करें। किसी भी शिकायत, ओवररेटिंग या कालाबाजारी की सूचना के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-180-1551 पर तुरंत जानकारी दें।
यूरिया की कालाबाजारी करते पकड़ा, चार गुना अधिक दाम में बेच रहा था
देश भर में यूरिया वितरण को लेकर सरकार के प्रयास जारी हैं। वहीं यूरिया की किल्लत के बीच यूरिया की कालाबाजारी के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हाल ही में छत्तीसगढ़ से आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखण्ड में यूरिया की कालाबाजारी करते हुए एक दुकानदार पकड़ा गया है। राजस्व व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण में पाया कि बजरंग ट्रेडर्स के संचालक द्वारा यूरिया की एक बोरी 266 रुपए के बजाय 950 रुपए में बेची जा रही थी। यह शासन द्वारा निर्धारित मूल्य से लगभग तीन गुना अधिक है। जांच के बाद दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने अन्य उर्वरक दुकानों का भी निरीक्षण कर अनुज्ञा पत्रों और प्रिंसिपल सर्टिफिकेट की जांच की। साथ ही सभी विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही खाद बेचें और दुकान के बाहर मूल्य सूची अनिवार्य रूप से चस्पा करें। किसानों से अपील की गई है कि अगर कहीं खाद तय दर से ज्यादा में बिक रही हो तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।