खुशखबर: गन्ना किसानों के लिए लागू हुई नई योजना, आधुनिक कृषि यंत्रों पर मिलेगी 50% सब्सिडी
प्रकाशित - 08 Sep 2025 by Tractor Junction
जानिए क्या है यह योजना और कैसे मिलेगा गन्ना किसानों को इसका लाभ
सरकार की ओर से किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र व राज्य सरकारें अपने–अपने स्तर पर कई योजनाओं का संचालन कर रही है तो कई नई योजनाएं शुरू की जा रही हैं। इसी कड़ी में राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के किसानों के लिए मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना शुरुआत की गई है। यह योजना विशेष रूप से गन्ना किसानों के लिए शुरू की गई है ताकि उनकी आय में बढ़ोतरी हो सके। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के गन्ने के उत्पादन को बढ़ाने के साथ ही किसानों की आय में बढ़ोतरी करना है। आइए जानते हैं, क्या है मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना और इस योजना से कैसे मिलेगा गन्ना किसानों को लाभ।
क्या है मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना
दरअसल बिहार सरकार की ओर से राज्य के गन्ना किसानों के लिए मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत अब किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों व उन्नत बीजों पर सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जाएगा। यही नहीं इस योजना के तहत किसानों को गन्ने की खेती से संबंधित आधुनिक तकनीक की फ्री में ट्रेनिंग दी जाएगी। इस योजना से किसानों की खेती की लागत में कमी आएगी, उत्पादन में बढ़ोतरी होने के साथ ही उनकी इनकम भी बढ़ेगी। इस तरह यह योजना किसानों की आय दुगुनी करने में मददगार साबित होगी।
भोजपुर जिले को गन्ना उत्पादन में अग्रणी बनाने की दिशा में काम तेज
राज्य सरकार की ओर से भोजपुर जिले को गन्ना उत्पादन में अग्रणी बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इस योजना से न केवल गन्ने की मिठास लौटेगी, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा। गन्ना विभाग का लक्ष्य आधुनिक तकनीकों और सरकारी सहायता से खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।
गन्ना किसानों को इन चार योजनाओं का मिलेगा लाभ
गन्ना विभाग की ओर से इस मिशन के तहत चार अलग-अलग योजनाएं तैयार की हैं, जिनका लाभ न केवल भोजपुर, बल्कि पूरे राज्य के किसान उठा सकते हैं। योजना के तहत किसानों को सस्ती दरों पर मशीनें, बीजों पर सब्सिडी, प्रशिक्षण कार्यक्रम और बीज उत्पादन में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे किसानों को गन्ने की खेती करने में सहायता मिलेगी और गन्ने की पैदावार भी बढ़ेगी।
गन्ना किसानों को किन कृषि यंत्रों पर मिलेगा 50 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ
राज्य सरकार की मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत जुताई, नाली निर्माण, बीज कटिंग, शोध और रोपाई जैसे कृषि यंत्रों व मशीनों पर 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। इन कृषि यंत्रों पर लागत मूल्य पर सब्सिडी दी जाएगी। इन कृषि यंत्रों के प्रयोग से किसान का समय व मेहनत दोनों की बचत होगी और फसल की क्वालिटी में भी सुधार होगा।
किसानों को कैसे मिलेगी आधुनिक तकनीक की ट्रेनिंग
राज्य सरकार की ओर से कृषि मशीनों व बीजों पर अनुदान देने के साथ ही किसानों को नई तकनीक सिखाई जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से नि:शुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके तहत गन्ना विभाग द्वारा 40-40 किसानों के बैच बनाए जाएंगे। इन बैचों को वैज्ञानिक और कृषि विशेषज्ञों द्वारा ट्रेनिंग दी जाएगी। किसानों को बीज चयन, रोपाई, फसल प्रबंधन और उत्पादन बढ़ाने की तकनीकें सिखाई जाएंगी। इससे किसानों को पारंपरिक तरीकों के बजाय वैज्ञानिक तरीके से गन्ने की खेती का लाभ मिलेगा जो उत्पादन बढ़ाने में सहायक होगा।
किसानों को उन्नत बीजों पर कितनी मिलेगी सब्सिडी
गन्ने की बेहतर पैदावार के लिए बीज की क्वालिटी पर ध्यान देना बेहद जरूरी होता है। यदि बीज अच्छा होगा तो फसल भी अच्छी होगी। ऐसे में किसानों को अच्छी क्वालिटी के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे और उन पर अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए बिहार सरकार की ओर से आधार बीज उत्पादन योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत आधार बीज उत्पादन करने वाले किसानों को 1,000 रुपए प्रति क्विंटल तक का अनुदान दिया जाएगा। वहीं इस योजना के तहत सामान्य वर्ग के किसानों को प्रमाणित बीजों की खरीद पर 210 रुपए प्रति क्विंटल अनुदान दिया जाएगा। जबकि एसटी, एससी वर्ग के किसानों को 240 रुपए प्रति क्विंटल की सब्सिडी दी जाएगी। इस योजना से किसानों को कम कीमत पर उच्च क्वालिटी का बीज प्राप्त हो सकेगा।
बीज उत्पादक किसानों को भी मिलेगा प्रोत्साहन
राज्य सरकार की ओर से न केवल किसानों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, बल्कि बीज उत्पादकों को प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। इसके लिए प्रमाणित बीज तैयार करने वाले किसानों को 50 रुपए प्रति क्विंटल का प्रोत्साहन अनुदान दिया जा रहा है। इससे बीज उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और बाजार में स्थानीय, सस्ते और बेहतर क्वालिटी के बीज किसानों को उपलब्ध होंगे।
किन उन्नत किस्मों के बीजों पर दिया जाएगा अनुदान
मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत गन्ने की 10 उन्नत किस्में शामिल की गई हैं जिन पर अनुदान दिया जाएगा। इसमें CO-0238, CO-0118, CO-98014, COP-9301, COP-112 सहित अन्य किस्में शामिल की गई है। इन किस्मों के बीजों पर पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर लाभ प्रदान किया जाएगा। बताया जा रहा है कि यह गन्ने की किस्में अधिक उत्पादन और रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए जानी जाती हैं।
योजना में आवेदन के लिए पात्रता व आवश्यक दस्तावेज
गन्ना किसान मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत आवेदन के लिए किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी, वे इस प्रकार से हैं:
- किसान का आधार कार्ड
- खेत की भूमि संबंधित कागजात
- बैंक खाते की पासबुक कॉपी
- कृषि पंजीकरण प्रमाण–पत्र
- किसान का रजिस्ट्रर्ड मोबाइल नंबर
- बैंक खाता आधार से लिंक होना जरूरी है।
- किसान बिहार राज्य का निवासी होना चाहिए।
- किसान के पास 13 अंकों का डीबीटी होना आवश्यक है।
कैसे करें मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना में आवेदन
बिहार राज्य के गन्ना किसान मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत आवेदन करके उन्नत बीजों, आधुनिक कृषि यंत्रों पर सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं। इस योजना में आवेदन करने के लिए किसान का गन्ना उद्योग विभाग बिहार सरकार के शुगरकेन पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। इसके बाद ही आप इस योजना में आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर पंजीयन कराने के लिए आपके पास 13 अंकों की डीबीटी नंबर होना चाहिए। यह डीबीटी नंबर उन किसानों को दिया जाता है जो कृषि विभाग में पंजीकृत है। वहीं जो किसान नए हैं, उन्हें पहले गन्ना विभाग बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना पंजीयन करना होगा। इसके बाद उन्हें 13 अंकों का डीबीटी मिलेगा। इस डीबीटी की सहायता से आप आसानी से गन्ना विकास योजना के तहत आवेदन कर सकेंगे और सब्सिडी का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। योजना की अधिक जानकारी के लिए किसान गन्ना उद्योग विभाग बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करें या अपने निकट के कृषि विभाग या गन्ना उद्योग विभाग से संपर्क करें।
मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना से संबंधित महत्वपूर्ण लिंक
- योजना के लिए आधिकारिक वेबसाइट पोर्टल- https://ccs.bihar.gov.in/
- शुगरकेन पोर्टल पर पंजीकरण के लिए लिंक- https://ccs.bihar.gov.in/KisanRegistration
- योजना के तहत कृषि यंत्रों के लिए आवेदन हेतु लिंक- https://ccs.bihar.gov.in/KisanRegistration
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों जॉन डियर ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें