गन्ने की इन दो नई किस्मों से होगी बेहतर पैदावार, बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू
प्रकाशित - 04 Feb 2025
by Tractor Junction
जानें, कौनसी है गन्ने की ये किस्में और बीज की मिनी किट लेने के लिए कहां करें आवेदन
New Variety of Sugarcane Seeds : गन्ने की खेती (Sugarcane cultivation) करने वाले किसानों के लिए खुशखबर है। इस समय बसंतकालीन गन्ने की बुवाई की जाएगी। ऐसे में किसानों को प्रदेश सरकार की ओर से गन्ने की दो उन्नत किस्मों के बीजों की बुकिंग की जा रही है। खास बात यह है कि इसके तहत किसानों को गन्ने की बेहतर क्वालिटी के बीज किफायती दाम पर मिल सकते हैं। योजना के तहत गन्ने की नई किस्म को.शा. 18231 और को.लख. 16202 के मिनी सीड किट प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए बुकिंग की जा रही है। यह बुकिंग ऑनलाइन पोर्टल पर 3 फरवरी से सुबह 10 बजे से शुरू कर दी गई है। जो किसान गन्ने की इन दो नई किस्मों के बीज प्राप्त करना चाहते हैं, वे इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। बीज का वितरण बुकिंग के बाद 15 फरवरी 2025 से किया जाएगा।
क्या है गन्ने की नई किस्म को.शा. 18231 की खासियत
गन्ने की नई किस्म को प्रदेश गन्ना शोध संस्थान ने विकसित किया है। यह किस्म लाल सड़न रोग प्रतिरोधी किस्म है। इस किस्म से पैदा होने वाला गन्ना मोटा होता है। यह किस्म किसानों को बंपर उत्पादन और चीनी मिलों को अच्छा चीनी परता देने वाली किस्म है। यह किस्म बेहतर जमाव, ज्यादा कल्ले और मोटा गन्ना पैदा करने की क्षमता रखती है। यदि बात करें इसकी पैदावार की तो इस किस्म में करीब 900 से 920 क्विंंटल तक गन्ना प्राप्त हो सकता है।
क्या है गन्ने की नई किस्म को.लख 16202 की खासियत
गन्ने की नई किस्म को.लख 16202 को कोयंबटूर और लखनऊ गन्ना प्रजनन केंद्रों के सहयोग से विकसित किया गया है। गन्ने की यह किस्म उकठा और लाल सड़न रोग के प्रतिरोधी किस्म है। इस किस्म से 920 क्विंटल प्रति हैक्टेयर तक पैदावार मिल सकती है। इस किस्म से चीनी मिल को अच्छी चीनी परता मिलता है।
कहां से मिल सकता है इन नई किस्मों का बीज
किसानों को इस साल गन्ने की किस्म को.शा. 18231 तथा को.लख. 16202 के मिनी सीड किट के लिए कुल 4.90 लाख और 350 लाख बड उपलब्ध होंगे। यह सीड किट प्राप्त करने के लिए उनकी बुकिंग का सत्यापन होगा। उसके बाद यह बीज नजदीकी शोध केंद्र से वितरित किया जाएगा। जो किसान को.शा. 18231 किस्म का बीज प्राप्त करना चाहते हैं तो वे शाहजहांपुर या मुजफ्फरनगर केंद्र से इसे ले सकते हैं। वहीं जो किसान को.लख. 16202 का बीज प्राप्त करना चाहते हैं तो वे इसे मुजफ्फरनगर और सुल्तानपुर केंद्र से ले सकते हैं।
किसान पुराने बीजों का नहीं करें इस्तेमाल
गन्ना विभाग के निदेशक वीके शुक्ल द्वारा प्रेस वार्ता में बताया कि इस साल बसंतकालीन गन्ना बुवाई के लिए नए बीजों का चयन करना चाहिए और पुराने या रोगग्रस्त बीजों की बुवाई से बचना चाहिए। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे इस समय अधिक से अधिक क्षेत्रफल में गन्ने की बुवाई करें और बीज अभी से सुरक्षित कर लें ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो।
गन्ने की इन किस्म के बीजों की बुकिंग कैसे कराएं
किसानों को इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग करना होगा। किसान किसी भी समय गन्ना विभाग की वेबसाइट पर जाकर इन किस्मों के मिनी सीड किट की बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के समय ही किसानों को मिनी सीड किट का भुगतान करना होगा। किसान किसी भी समय पोर्टल पर जाकर अपनी बुकिंग कर सकते है और इसके लिए ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। बुकिेंग के लिए किसानों को अपने कृषक कोड का उपयोग करना होगा। एक किसान को अधिकतम 100 बड (सिंगल बड) बुकिंग की सुविधा दी जाएगी। बुकिंग के बाद मिनी सीड किट का वितरण 15 फरवरी 2025 से किया जाएगा। इस वितरण की तारीख किसानों को अनके मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। किसान अपने नजदीकी शोध क्रेंद्र से बीज प्राप्त कर सकेंगे। गन्ने की इन दो नई किस्मों के संबंध में अधिक जानकारी के लिए यूपी के गन्ना किसान उत्तर प्रदेश गन्ना अनुसंधान परिषद की आधिकारिक वेबसाइट और बुकिंग के लिए चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के अधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं। इसके अलावा किसान चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग, उत्तर प्रदेश के टेाल फ्री नंबर 1800-121-3203 पर भी कॉल करके जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
किसानों के लिए महत्वपूर्ण लिंक–
- चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पोर्टल लिंक– https://www.upcane.gov.in/
- उत्तर प्रदेश गन्ना अनुसंधान परिषद की आधिकारिक वेबसाइट लिंक– https://www.upcsr.org/DefaultEng.aspx
- गन्ना किसान के लिए हेतु टोल फ्री नंबर - 1800-121-3203
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।