किसान घर बैठे कैसे बनवाएं किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), जानें ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया
प्रकाशित - 29 Jun 2026 by Vivek Tailang
ऑनलाइन आवेदन, पात्रता, जरूरी दस्तावेज और KCC के लाभ, जानें किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़ी हर जरूरी जानकारी।
देश के करोड़ों किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) बनवाने की प्रक्रिया अब पहले से कहीं अधिक आसान होने जा रही है। केंद्र सरकार ने किसानों को बैंक शाखाओं के बार-बार चक्कर लगाने से राहत देने के लिए 'कृषिका (Krishika) मोबाइल एप' लॉन्च किया है। इस एप के माध्यम से किसान घर बैठे ही किसी भी पात्र बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। सरकार का लक्ष्य आवेदन मिलने के 15 दिनों के भीतर ऋण स्वीकृत करना है, जिससे किसानों को समय पर खेती के लिए वित्तीय सहायता मिल सके।
क्या है कृषिका एप
कृषिका एप किसानों के लिए तैयार किया गया एक सुरक्षित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए किसान मोबाइल से ही किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के लिए आवेदन कर सकते हैं। अब किसानों को आवेदन के लिए बार-बार बैंक जाने की जरूरत नहीं होगी। एप पर आवेदन जमा होते ही वह सीधे संबंधित बैंक के ऋण पोर्टल पर पहुंच जाएगा, जहां से ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सरकार का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और सरल होगी तथा किसानों को समय पर फसली ऋण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
KCC के लिए ऑनलाइन आवेदन कैसे करें
कृषिका एप के माध्यम से आवेदन करने के लिए किसान को सबसे पहले अपने मोबाइल में एप डाउनलोड करना होगा। इसे गुगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके बाद मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरनी होगी। आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसान को अपनी कृषि भूमि, फसल और बैंक से संबंधित जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। आवेदन सबमिट होते ही वह संबंधित बैंक के पोर्टल पर पहुंच जाएगा, जहां बैंक उसकी जांच कर आगे की कार्रवाई करेगा। किसान अपने आवेदन की स्थिति और फाइल की प्रगति भी एप पर ऑनलाइन देख सकेंगे।
Popular Tractors
KCC बनवाने के लिए पात्रता
किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ लेने के लिए आवेदक का कृषि कार्य से जुड़ा होना आवश्यक है। व्यक्तिगत किसान, संयुक्त खेती करने वाले किसान, बटाईदार, पट्टेदार किसान, स्वयं सहायता समूह (SHG) तथा संयुक्त देयता समूह (JLG) भी निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। आवेदक के पास कृषि भूमि या खेती से संबंधित आवश्यक दस्तावेज होना जरूरी है।
कृषिका एप से ऑनलाइन आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
कृषिका एप के माध्यम से आवेदन करते समय किसानों को कुछ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इनमें मुख्य रूप से आपको जिन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी, वे इस प्रकार से हैं:
- आधार कार्ड
- जमाबंदी या भूमि संबंधी दस्तावेज
- बैंक खाते का विवरण
- मोबाइल नंबर
- पासपोर्ट आकार का फोटो
- पैन कार्ड (यदि आवश्यक हो)
- अन्य दस्तावेज, जिनकी मांग संबंधित बैंक कर सकता है।
सभी दस्तावेज स्पष्ट और सही होने चाहिए, ताकि आवेदन में किसी प्रकार की देरी न हो।
15 दिन में ऋण स्वीकृत करने का लक्ष्य
केंद्र सरकार ने बैंकों को निर्देश दिए हैं कि KCC ऋण के लिए प्राप्त ऑनलाइन आवेदन का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। सरकार का लक्ष्य आवेदन प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर ऋण स्वीकृत करना है। इससे किसानों को बुवाई, खाद, बीज, सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों के लिए समय पर पूंजी उपलब्ध हो सकेगी।
नाबार्ड बना नोडल एजेंसी
इस पूरी व्यवस्था के संचालन के लिए राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) को नोडल एजेंसी बनाया गया है। इस प्लेटफॉर्म से देश के 35 वाणिज्यिक बैंक, 45 क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, भूमि विकास बैंक तथा लगभग 376 सहकारी बैंक जुड़े हुए हैं। इससे किसान अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी पात्र बैंक में KCC ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
किसानों को एप की दी जा रही जानकारी
कई जिलों में कृषि विभाग और लीड बैंक की ओर से किसानों को कृषिका एप की जानकारी देने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि KCC ऋण के लिए आने वाले किसानों के आवेदन यथासंभव इसी एप के माध्यम से करवाए जाएं। राजस्थान में अलवर के लीड बैंक अधिकारी अमित धुल के अनुसार जिले में विभिन्न बैंकों के माध्यम से करीब 1.70 लाख किसान पहले से किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का लाभ ले रहे हैं। अब कृषिका एप शुरू होने से आवेदन प्रक्रिया और भी आसान तथा तेज हो जाएगी।
कृषिका एप से किसानों को क्या होगा फायदा
कृषिका एप के माध्यम से KCC आवेदन पूरी तरह डिजिटल होने से किसानों का समय और खर्च दोनों बचेंगे। बैंक जाने की आवश्यकता कम होगी, आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देखी जा सकेगी और ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी। इससे किसानों को समय पर फसली ऋण मिलने में सुविधा होगी और वे बिना आर्थिक परेशानी के खेती के जरूरी कार्य पूरे कर सकेंगे।
“ किसान घर बैठे कैसे बनवाएं किसान क्रेडिट कार्ड (KCC)” के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQs):
प्रश्न 1. कृषिका ऐप क्या है?
उत्तर: कृषिका ऐप केंद्र सरकार का डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से किसान घर बैठे किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रश्न 2. किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के लिए कौन आवेदन कर सकता है?
उत्तर: व्यक्तिगत किसान, संयुक्त खेती करने वाले किसान, बटाईदार, पट्टेदार, स्वयं सहायता समूह (SHG) और संयुक्त देयता समूह (JLG) निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
प्रश्न 3. KCC के लिए आवेदन करते समय कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए?
उत्तर: आधार कार्ड, जमाबंदी या भूमि संबंधी दस्तावेज, बैंक खाते का विवरण, मोबाइल नंबर, पासपोर्ट साइज फोटो तथा आवश्यकता होने पर पैन कार्ड जैसे दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है।
प्रश्न 4. कृषिका ऐप के माध्यम से KCC ऋण कितने समय में स्वीकृत हो सकता है?
उत्तर: सरकार ने बैंकों को आवेदन प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर किसान क्रेडिट कार्ड ऋण स्वीकृत करने का लक्ष्य दिया है।
प्रश्न 5. किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के क्या लाभ हैं?
उत्तर: KCC के जरिए किसान कम ब्याज दर पर फसली ऋण प्राप्त कर सकते हैं। इससे बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई, कृषि यंत्र, पशुपालन और अन्य कृषि कार्यों के लिए समय पर वित्तीय सहायता मिलती है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें