बेमौसम बारिश-ओलावृष्टि से फसल नुकसान की भरपाई करेगी सरकार, 24 घंटे में सर्वे के निर्देश
प्रकाशित - 11 Apr 2026 by Vivek Tailang
यूपी में रबी फसलों को भारी नुकसान, सरकार ने अधिकारियों को दिए सर्वे व मुआवजे के आदेश
उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं के चलते रबी सीजन की खड़ी फसलें बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई हैं। कई जिलों में गेहूं, सरसों और दलहनी फसलों को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
इस स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने त्वरित कदम उठाते हुए प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने साफ किया है कि इस संकट की घड़ी में किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाएगी।
उच्च स्तरीय बैठक में लिए गए अहम फैसले
हाल ही अप्रैल माह में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालात की समीक्षा की और अधिकारियों को तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य का हर किसान, कृषक परिवार और बटाईदार सरकार की प्राथमिकता में है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। सरकार ने अधिकारियों से कहा है कि वे जमीनी स्तर पर जाकर स्थिति का आकलन करें और किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करें।
Popular Tractors
24 घंटे में सर्वे शुरू करने के निर्देश
सरकार ने सबसे पहले फसल नुकसान के सही आकलन के लिए त्वरित सर्वे पर जोर दिया है। सभी जिलों के प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे के भीतर सर्वे कार्य शुरू करें। इसके लिए राजस्व, कृषि और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने को कहा गया है, ताकि सर्वे में किसी प्रकार की देरी या गड़बड़ी न हो। सरकार का लक्ष्य है कि सर्वे रिपोर्ट जल्द से जल्द तैयार कर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाए।
पारदर्शी और समयबद्ध मुआवजा देने पर जोर
सरकार ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि मुआवजा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध हो। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नुकसान का निष्पक्ष आकलन करें और पात्र किसानों को जल्द भुगतान किया जाए। फसल बीमा योजना के तहत दावों के निस्तारण में तेजी लाने के लिए बीमा कंपनियों के साथ समन्वय बढ़ाने को भी कहा गया है। अधिकारियों को निर्देश है कि वे खुद किसानों से संपर्क कर उन्हें योजना का लाभ दिलाएं, ताकि किसी भी किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े।
आपदा राहत कोष से तुरंत सहायता
राज्य सरकार ने जिलों को राज्य आपदा राहत कोष से तत्काल धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जहां स्थिति ज्यादा गंभीर है, वहां राहत शिविर स्थापित करने की भी तैयारी की जा रही है। इसके अलावा मंडी समितियों के माध्यम से भी किसानों को सहायता पहुंचाने की योजना बनाई गई है, ताकि उन्हें तुरंत आर्थिक सहारा मिल सके।
आगजनी और पशुहानि पर विशेष ध्यान
कुछ क्षेत्रों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे किसानों को अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ा है। इसको लेकर सरकार ने विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए निर्देश दिए हैं कि जनहानि या पशुहानि की स्थिति में 24 घंटे के भीतर राहत राशि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पात्र परिवारों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ भी तुरंत देने को कहा गया है।
किसानों को भरोसा, सरकार साथ खड़ी
कुल मिलाकर उत्तरप्रदेश सरकार का फोकस इस समय तेजी से सर्वे कराकर जल्द मुआवजा देने पर है। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है और हर जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है। इस कदम से किसानों को यह भरोसा मिला है कि नुकसान के बावजूद उन्हें आर्थिक रूप से संभालने के लिए सरकार सक्रिय है और जल्द ही सहायता उनके पास पहुंचेगी।
बेमौसम बारिश-ओलावृष्टि से फसल नुकसान मुआवजा के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ)
प्रश्न 1. क्या सरकार फसल नुकसान की भरपाई करेगी?
उत्तर: हां, सरकार ने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
प्रश्न 2. फसल नुकसान का सर्वे कब होगा?
उत्तर: सरकार ने 24 घंटे के भीतर सर्वे शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
प्रश्न 3. मुआवजा कैसे मिलेगा?
उत्तर: सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पात्र किसानों को सीधे मुआवजा दिया जाएगा।
प्रश्न 4. क्या फसल बीमा का लाभ भी मिलेगा?
उत्तर: हां, फसल बीमा योजना के तहत दावों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रश्न 5. आगजनी या पशुहानि पर क्या सहायता मिलेगी?
उत्तर: ऐसी स्थिति में 24 घंटे के भीतर राहत राशि और बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें