मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना पर बड़ी घोषणा, 3 करोड़ महिलाओं को बनाया जाएगा लखपति
प्रकाशित - 22 Feb 2025
by Tractor Junction
लाड़ली बहनें जुड़ेंगी राष्ट्रीय स्तर की योजना से, जानें, कैसे लाड़ली बहनें बनेंगी लखपति
Mukhyamantri Ladli Bahana Yojana : मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना (Mukhyamantri Ladli Bahana Yojana) महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय योजना है जिसकी चर्चा पूरे देश में हुई। अब इस योजना को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। हाल ही में लाड़ली बहना योजना के संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा की है जिससे इस योजना से जुड़ी महिलाओं सहित देश की करीब 3 करोड़ महिलाओं को लाभ होगा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत अगली पहल में इन्हें लखपति बनाने का काम किया जाएगा। इसको लेकर सरकार एक नया प्लान तैयार कर रही है।
इस बात की जानकारी हाल ही में एमपी के रायसेन में देशव्यापी नक्शा पायलट प्रोजेक्टर के लॉन्चिंग के शुभारंभ दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी। इस दौरान प्रदेश के पूर्व सीएम और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि अब हम लाड़ली बहनों को लखपति बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। इस योजना के तहत लाड़ली बहनों सहित देशभर की 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को लखपति दीदी योजना से जोड़ा जाएगा
लखपति दीदी योजना (Lakhpati Didi Yojana) केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई एक ऐसी योजना है जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस योजना के जरिये लाखों महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता देकर उन्हें लखपति बनाने का काम किया जाएगा। लखपति दीदी योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों की सदस्य महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से वार्षिक आय 1 लाख रुपए से अधिक करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने या इसका विस्तार करने के लिए बिना ब्याज के ऋण प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत महिलाओं को 5 लाख रुपए तक का लोन बिना किसी ब्याज के दिया जाता है, इसलिए इस योजना को लखपति दीदी योजना कहा जाता है। अब राज्य सरकार मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं को लखपति दीदी योजना से जोड़ने का काम कर रही है। इसका रोडमैप भी सरकार ने तैयार किया है। इसके तहत महिलाओं को बिजनेस, दुकान या किसी अन्य प्रकार का काम शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
योजना के तहत लाड़ली बहनों को कैसे मिलेगा बिना ब्याज के लोन
लाड़ली बहना योजना (Ladli Bahana Yojana) से जुड़ी पात्र महिलाओं को लखपति दीदी योजना से जोड़ने के लिए महिलाओं के स्वयं सहायता समूह (SHG) तैयार किए जाएंगे जिसमें कम से कम 10 महिलाएं शामिल होंगी, उनको व्यवसाय या बिजनेस प्लान बनाना होगा। बिजनेस प्लान बनने के बाद इस प्लान को स्वयं सहायता समूह द्वारा सरकार को भेजा जाएगा। इसके बाद सरकार की ओर से लखपति दीदी योजना से जुडे़ अधिकारी आपके द्वारा भेजे गए प्रस्ताव का रिव्यू करेंगे। इसके बाद यदि आपका प्रस्ताव स्वीकार हो जाता है तो आपको लखपति दीदी योजना के तहत बिना ब्याज के 5 लाख रुपए का लोन दिया जाएगा। इस राशि से लाड़ली बहना योजना समूह की महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगी।
लाड़ली बहना योजना की महिलाओं के लिए लखपति बनने के लिए क्या रहेंगी पात्रताएं
लाड़ली बहना योजना की महिलाओं को लखपति बनने के लिए लखपति दीदी योजना के तहत निर्धारित पात्रताओं को पूरा करना होगा, इसके बाद ही उन्हें लखपति दीदी योजना का लाभ मिल सकेगा। लखपति दीदी योजना के लिए जो पात्रता रखी गई हैं, वे इस प्रकार से हैं–
- लखपति दीदी योजना का लाभ लेने के लिए महिला ग्रामीण क्षेत्र की निवासी होनी चाहिए।
- महिला सीएचजी यानी स्वयं सहायता समूह की सदस्य होनी चाहिए।
- महिला की आयु 18 से 60 साल के बीच होनी चाहिए।
- महिला आर्थिक रूप से कमजोर होनी चाहिए।
लाड़ली बहना योजना समूह की महिलाएं कहां करें 5 लाख के लोन के लिए आवेदन
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं को कम से कम 10 सदस्यों का एक समूह बनाना होगा। इसके बाद वे अपना बिजनेस या व्यवसाय खोलने के लिए लखपति दीदी योजना के तहत 5 लाख का लोन लेने के लिए आवेदन कर सकती हैं। लखपति दीदी योजना में आवेदन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए महिलाएं अपने नजदीकी स्वयं सहायता समूह (SHG) या ग्रामीण विकास विभाग के कार्यालय में संपर्क सकती हैं।
क्या है लखपति दीदी योजना ?
केंद्र सरकार की ओर से लखपति दीदी योजना को 15 अगस्त 2023 को शुरू किया गया था। इस योजना का उद्देश्य देश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। योजना के तहत उन्हें स्किल ट्रेनिंग प्रदान करके उन्हें बिजनेस या व्यवसाय शुरू करने में सहयोग दिया जाता है। लखपति दीदी योजना में ग्रामीण विकास मंत्रालय (एमओआरडी) की दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई–एनआरएलएम) योजना का समावेश किया गया है। इसमें डीएवाई–एनआरएलएम के तहत 30 जून 2024 तक 10.05 करोड़ महिलाओं को 90.86 लाख स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) में शामिल किया गया है। इन एसएचजी सदस्यों में से एक करोड़ से अधिक एसएचजी सदस्यों की सालाना इनकम एक लाख रुपए से ज्यादा है, ऐसे में यह लखपति दीदी हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
