लाड़ली बहनों को मिला रक्षाबंधन का तोहफा, शगुन के साथ खाते में 1500 रुपए ट्रांसफर
प्रकाशित - 07 Aug 2025 by Tractor Junction
मुख्यमंत्री ने नरसिंहगढ़ से ट्रांसफर की 27वीं किस्त, जानें कैसे चेक करें आपके खाते में पैसा आया या नहीं
Ladli Behna Yojana 27th Installment Released : मध्य प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 27वीं किस्त आज यानी 7 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ से प्रदेश की बहनों के खातों में ट्रांसफर कर दी है। इस बार किस्त की राशि में खास बढ़ोतरी की गई है। इस बार महिलाओं को नियमित मिलने वाली 1250 रुपए की राशि के साथ ही रक्षाबंधन शगुन के रूप में 250 रुपए की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की गई। यानी इस बार योजना से जुड़ी बहनों को कुल 1500 रुपए सीधे उनके खाते में ट्रांसफर किए गए हैं।
1 करोड़ 26 लाख से अधिक बहनों को 1859 करोड़ ट्रांसफर
मुख्यमंत्री की ओर से ट्रांसफर की गई राशि कुल 1,26,89,823 लाभार्थी महिलाओं को प्राप्त होगी। योजना के तहत ₹1,859 करोड़ 1 लाख 32 हजार 350 रुपये की रकम डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में जमा की गई है। रक्षाबंधन के त्योहार पर सरकार ने लाड़ली बहनों को विशेष उपहार देने का निर्णय लिया। हर महिला को इस बार 250 रुपए अतिरिक्त दिए जा रहे हैं, जिससे उन्हें इस बार 1500 की कुल सहायता राशि प्राप्त होगी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करना और परिवार में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है।
कब शुरू हुई थी लाड़ली बहना योजना
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत साल 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी। अब तक लाड़ली बहना योजना की 26 किस्तें प्रदेश की महिलाओं को मिल चुकी हैं। इस योजना के तहत अब तक सरकार की ओर से करीब 28,000 करोड़ रुपए की राशि उनके खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। इस योजना के तहत सहायता राशि देने के लिए मध्यप्रदेश सरकार का हर महीने करीब 1550 करोड़ रुपए की आवश्यकता होती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जुलाई तक लाड़ली बहना योजना पर सरकार का 6198.88 करोड़ का खर्च हो चुका है।
कैसे चेक करें आपके खाते में योजना की 27वीं किस्त आई या नहीं
मध्यप्रदेश राज्य की जो महिलाएं मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना (Mukhyamantri Ladli Behna Yojana) से जुड़ी हुई हैं, वे यह अवश्य चेक कराना चाहेंगी कि उनके खाते में लाड़ली बहना योजना की 27वीं किस्त का पैसा आया है या नहीं। क्योंकि कई बार किसी कारण से आपके खाते में पैसा ट्रांसफर नहीं हो पाता है, ऐसे में एक बार इसे अवश्य चेक कर लेना चाहिए ताकि किस्त नहीं आने पर आगे शिकायत की जा सके। आप नीचे दिए तरीके से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 27वीं किस्त चेक कर सकती हैं, यह इस प्रकार से है-
- इसके लिए सबसे लाड़ली बहना योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://cmladlibahna.mp.gov.in/ पर जाएं।
- यहां होम पेज पर आपको “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” वाले ऑप्शन पर क्लिक करें।
- ऐसा करते ही आप दूसरे पेज पर आ जाएंगे। यहां अपना आवेदन नंबर या सदस्य समग्र क्रमांक संख्या दर्ज करें।
- अब कैप्चा कोड डालें। इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा।
- अब प्राप्त हुए ओटीपी को दर्ज करें और इसे वेरीफाई करें।
- ओटीपी वेरीफाई करने के बाद आपको “सर्च” के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा।
- ऐसा करते ही आपके सामने 27वीं किस्त के भुगतान की स्थिति खुल जाएगी।
- आप इसमें आसानी से यह चेक कर सकती हैं कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 27वीं किस्त की राशि 1500 आपके खाते में ट्रांसफर की गई है या नहीं।
नहीं आए खाते में किस्त के 1500 रुपए तो कहां करें शिकायत
किस्त नहीं आने पर आप इसकी शिकायत लाड़ली बहना योजना के हेल्पलाइन नंबर 0755 2700800 पर कॉल करके दर्ज करा सकती हैं। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन नंबर पर भी इसकी शिकायत की जा सकती है। वहीं आप इस योजना के ई–मेल cmlby.wcd@mp.gov.in के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
किस्त खाते में ट्रांसफर नहीं होने के क्या हो सकते हैं कारण
सरकार की ओर से सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाला पैसा डीबीटी (DBT) के माध्यम से लाभार्थी के खाते में ट्रांसफर किया जाता है, जिसे खाते में आने में एक से दो दिन का समय लग सकता है। यदि आपके खाते में कोई गड़बड़ी जैसे– खाते का आधार से लिंक नहीं होना, डीबीटी से खाता नहीं जुड़ा होना आदि जैसे कारण है तो इसे अपनी बैंक शाखा पर जाकर सही कराएं, क्योंकि यही वे काराण होते हैं, जिनकी वजह से आपके खाते में किस्त ट्रांसफर नहीं हो पाती है और आपको योजना लाभ मिलने में देरी होती है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें