यूपी बजट 2026-27: किसानों को क्या मिला, क्या की गईं हैं अहम घोषणाएं

Share Product प्रकाशित - 11 Feb 2026 by Tractor Junction

यूपी बजट 2026-27: किसानों को क्या मिला, क्या की गईं हैं अहम घोषणाएं

9.12 लाख करोड़ के रिकॉर्ड बजट में कृषि, रोजगार और कल्याण योजनाओं पर खास जोर

उत्तर प्रदेश सरकार ने 11 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट पेश कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में यह बजट प्रस्तुत किया। यह योगी सरकार का 10वां बजट है और बताया जा रहा है कि यह प्रदेश के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। वर्ष 2025–26 का बजट 8,08,736 करोड़ रुपये का था, जो 2024–25 की तुलना में 9.8 प्रतिशत अधिक था। वहीं अब 2026–27 का बजट बढ़कर 9,12,696.35 करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले साल की तुलना में 12.9 प्रतिशत अधिक है।

सरकार का दावा है कि इस बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम आदमी सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा गया है। कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं, जिनसे प्रदेश में विकास और रोजगार को गति मिलने की उम्मीद है। 

बजट में किसानों के लिए क्या खास

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश कृषि उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। गेहूं, धान, गन्ना, आलू, केला, आम, अमरूद, आंवला और मेंथा उत्पादन में प्रदेश का योगदान सबसे अधिक है। सरकार ने अपने कार्यकाल में 3,04,321 करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड गन्ना मूल्य भुगतान कराया है, जो पिछले 22 वर्षों के कुल भुगतान से 90,802 करोड़ रुपये ज्यादा है। बजट में किसानों के लिए जो खास बातें कही कई वे इस प्रकार से हैं:

  • पेराई सत्र 2025–26 के लिए गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है, जिससे किसानों को करीब 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। 
  • रबी विपणन वर्ष 2025–26 में 10.27 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदकर 2,512 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। 
  • खरीफ वर्ष में 42.96 लाख मीट्रिक टन धान खरीदकर 9,710 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किसानों को मिला। बाजरा खरीद के तहत 54,253 किसानों से 2.14 लाख मीट्रिक टन की खरीद कर 595 करोड़ रुपये दिए गए।
  • लखनऊ के गोमतीनगर में किसान एग्री हब का निर्माण चल रहा है, जिससे किसानों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य दिलाने में सहायता मिलेगी। 
  • 1 अप्रैल 2023 से नलकूपों द्वारा सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली आपूर्ति दी जा रही है।
  • कर्ज और बीमा योजनाओं में भी किसानों को राहत दी गई है। अल्पकालिक फसली ऋण के तहत 10,257 करोड़ रुपये वितरित कर 15 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिला। 
  • प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 2017–18 से 2024–25 तक 62 लाख किसानों को 5,110 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई है। 

बजट में महिलाओं के लिए क्या की गईं हैं घोषणाएं

सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई घोषणाएं की हैं। प्रदेश में महिलाओं के लिए विशेष स्किल डेवलपमेंट और समर्पित जॉब प्लेसमेंट केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को बाजार की मांग के अनुसार तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा लड़कियों को स्कूटी योजना के तहत 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए 1 लाख रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की गई है। 

युवाओं को वितरित किए जाएंगे 40 लाख टैबलेट

युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए 40 लाख टैबलेट वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का दावा है कि प्रदेश में बेरोजगारी दर घटकर 2.24 प्रतिशत रह गई है। निवेश को बढ़ावा देने के लिए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के जरिए औद्योगिक परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे करीब 10 लाख नए रोजगार सृजित होने की संभावना है। 

बजट में आम आदमी के लिए क्या खास 

  • बजट में दवाइयों को सस्ता करने की पहल की गई है। लेबर अड्डों का निर्माण कराया जाएगा। 
  • AI योजनाओं के लिए 225 करोड़ रुपये का प्रावधान है। 
  • सड़क परियोजनाओं के लिए 34 हजार करोड़ रुपये और फ्लाईओवर निर्माण के लिए 1,500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। 
  • जेवर एयरपोर्ट के रनवे के लिए भी राशि घोषित की गई है। साथ ही यूपी को आईटी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं।

कुल मिलाकर, योगी सरकार का यह बजट विकास, कृषि, रोजगार और सामाजिक कल्याण पर केंद्रित दिखाई देता है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।

यूपी बजट 2026–27 से जुड़ी बड़ी बातें एक नजर में– 

  • 9.12 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट पेश
  • पिछले साल से 12.9% अधिक बजट आकार
  • योगी सरकार का 10वां बजट
  • गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी
  • करीब 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त गन्ना भुगतान
  • 3,04,321 करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड गन्ना भुगतान
  • 10.27 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद, 2,512 करोड़ रुपये भुगतान
  • 42.96 लाख मीट्रिक टन धान खरीद, 9,710 करोड़ रुपये से अधिक भुगतान
  • बाजरा खरीद पर 595 करोड़ रुपये का भुगतान
  • 1 अप्रैल 2023 से नलकूप सिंचाई हेतु मुफ्त बिजली
  • पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 3.12 करोड़ किसानों को 94,668 करोड़ रुपये ट्रांसफर
  • किसान एग्री हब का निर्माण जारी
  • महिलाओं के लिए विशेष स्किल डेवलपमेंट व जॉब प्लेसमेंट सेंटर
  • स्कूटी योजना के लिए 400 करोड़ रुपये
  • गरीब परिवार की बेटियों की शादी के लिए 1 लाख रुपये सहायता
  • अलग महिला प्रशिक्षण केंद्र स्थापित होंगे
  • 40 लाख युवाओं को टैबलेट वितरण
  • बेरोजगारी दर घटकर लगभग 2.24%
  • निवेश परियोजनाओं से 10 लाख रोजगार सृजन की उम्मीद
  • दवाइयां सस्ती करने की पहल
  • एआई योजनाओं के लिए 225 करोड़ रुपये
  • सड़क परियोजनाओं के लिए 34,000 करोड़ रुपये
  • फ्लाईओवर निर्माण के लिए 1,500 करोड़ रुपये
  • जेवर एयरपोर्ट रनवे के लिए बजट प्रावधान
  • यूपी को IT हब बनाने की दिशा में कदम

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button