इस तकनीक से करें टमाटर की खेती, बाजार में मिलेंगे अधिक भाव

Share Product प्रकाशित - 14 Jul 2023 by Tractor Junction

इस तकनीक से करें टमाटर की खेती, बाजार में मिलेंगे अधिक भाव

जानें, बेहतर क्वालिटी के टमाटर की पैदावार के आसान टिप्स

वर्तमान में टमाटर के भाव आसमान छू रहे हैं। कभी 20-40 रुपए बिकने वाला टमाटर इन दिनों 150 से लेकर 250 रुपए किलोग्राम तक बाजार में बिक रहा है। टमाटर के बढ़ते रेट का फायदा उन किसानों को मिल रहा है जिन्होंने इस बार टमाटर की फसल (Tomato Crop) ली है। बाजार में टमाटर की बढ़ती मांग के कारण टमाटर की खेती करना अब किसानों के लिए लाभ का सौदा बनता जा रहा है।

हालांकि ऐसा हरगिज नहीं कहा जा सकता है कि आगे भी टमाटर के भाव बढ़े ही रहेंगे। लेकिन इस समय टमाटर की कीमतों में आए उछाल ने बहुत से किसानों को मालामाल कर दिया है। उनमें कर्नाटक का एक किसान परिवार भी शामिल है जिसने टमाटर की बिक्री से 38 लाख रुपए की कमाई की है। यकीन नहीं होता होगा। लेकिन यह सच है।  

कर्नाटक के किसान परिवार ने टमाटर से कमाये 38 लाख रुपए

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कर्नाटक के एक किसान परिवार ने टमाटर बेचकर 38 लाख रुपए की कमाई की है। इसके अलावा कर्नाटक के एक ओर किसान जिनका नाम वेंकटरमण है। यह चिंतामणि तालुका के रहने वाले हैं। इन्होंने टमाटर को बेचकर इससे करीब 17 लाख रुपए से ज्यादा कमा लिए। इन दोनों ही किसानों ने कर्नाटक की कोलार मंडी में टमाटर बेचकर इतना पैसा कमाया है। बता दें कि कोलार मंडी में टमाटर के भाव आसमान पर हैं। 

बता दें कि उत्तम क्वालिटी के टमाटर के ही बाजार में ज्यादा भाव मिलते हैं। इसलिए किसानों को फसल की क्वालिटी पर अधिक ध्यान देना चाहिए। आजकल बाजार में ऐसी क्वालिटी के टमाटर भी आ रहे हैं जो तीन-चार दिन तक खराब नहीं होते हैं।  

उत्तम क्वालिटी के टमाटर उगाने के लिए क्या करें किसान

उत्तम क्वालिटी के टमाटर उगाने के लिए किसानों को टमाटर उगाने की सही तकनीक की जानकारी होनी चाहिए ताकि टमाटर दिखने में भी अच्छे लगे और खाने में भी। इसके लिए किसान को टमाटर की उत्तम किस्मों का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके अलावा किसान कुछ कृषि टिप्स अपनाकर भी बेहतर क्वालिटी के टमाटर उगा सकते हैं।

आज हम ट्रैक्टर जंक्शन के माध्यम से किसानों को उत्तम क्वालिटी के टमाटर उगाने में अपनाएं जाने वाले खास टिप्स की जानकारी दे रहे हैं ताकि आपको टमाटर से अधिक मुनाफा मिल सके।

टमाटर की खेती कब करें

टमाटर एक बारहमासी पौधा है। यदि खेत में जल निकास की उत्तम व्यवस्था हो तो इसे बारहमाह उगाया जा सकता है। प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा के लिए आप इसकी खेती पॉली हाउस में भी कर सकते हैं। हालांकि भारत में अधिकतर किसान इसकी खेती खुले खेत में करते हैं। आमतौर पर टमाटर के पौधे की रोपाई जनवरी के दूसरे सप्ताह में की जाती है। लेकिन यदि आप सितंबर में इसकी रोपाई करना चाहते हैं तो इसके लिए नर्सरी जुलाई के अंत में तैयार कर लें। पौधे की रोपाई अगस्त के अंत या सितंबर के पहले सप्ताह में करें। मई में इसकी रोपाई के लिए मार्च और अप्रेल माह में इसकी नर्सरी तैयार करें।

टमाटर की खेती के लिए मिट्‌टी व जलवायु का चयन

टमाटर के पौधे को विकसित होने के लिए औसतन 18 से 26 सेल्सियस तापमान की जरूरत होती है। वहीं बात करें टमाटर की खेती (Tomato Cultivation) के लिए मिट्‌टी की तो टमाटर की खेती अच्छे जल निकास वाली सभी प्रकार की मिट्टी में की जा सकती है। लेकिन टमाटर की खेती के लिए सबसे अच्छी दोमट मिट्‌टी होती है। वहीं इसकी खेती काली दोमट, रेतीली दोमट और लाल दोमट मिट्‌टी में सफलतापूर्वक की जा सकती है। टमाटर की खेती के लिए मिट्‌टी का पीएच मान 7 से 8.5 होना चाहिए।

टमाटर की खेती के लिए कैसे करें किस्म का चयन

टमाटर की किस्म का चुनाव अपने क्षेत्र के अनुसार करना चाहिए। वैसे टमाटर की बहुत सी हाईब्रिड किस्में भी है जो बहुत बेहतर उत्पादन देती है। इसमें पूसा हाइब्रिड-1, पूसा हाइब्रिड-2, रश्मि व अविनाश- 2 अच्छी किस्में मानी जाती हैं।

कैसे तैयार करें टमाटर की नर्सरी

  • किसान खेत की अच्छे से जुताई कर पिछली फसल के अवशेषों को निकाल दें।  
  • अब इस खेत की मिट्टी में गोबर की सड़ी खाद अच्छी तरह से मिला दें।
  • इस तरह अच्छी तरह तैयार किए गए खेत में जमीन की सतह से 10 से 15 सेंटीमीटर की ऊंचाई पर क्यारियां बनाएं।
  • यदि आप एक एकड़ में टमाटर खेती कर रहे हैं तेा इसके लिए 150 से लेकर 200 ग्राम की मात्रा में बीज लें।
  • अब इन बीजों को 5 ग्राम ट्राइकोडर्मा से उपचारित करें और इसके बाद इसकी बुवाई करें।
  • बीजों की बुवाई अधिक गहराई में नहीं करें। इससे अंकुरण प्रभावित होता है। इसकी बुवाई लगभग 5 सेमी. की दूरी पर करें।
  • बीजों की बुवाई के बाद हल्की सिंचाई कर दें।
  • बुवाई के करीब 20 से 25 दिन बाद पौधे मुख्य खेत में रोपाई के लिए तैयार हो जाते हैं।

अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए कैसे करें टमाटर की खेती

  • टमाटर के पौधों का रोपण करने के लिए भली-भांति तैयार किए गए खेत की जमीन पर प्लास्टिक की परत बिछा दें। इससे मिट्‌टी ज्यादा गर्म नहीं होगी और खरपतवार नियंत्रण में भी आपको आसानी होगी।
  • रोपाई से पहले किसान टमाटर की सिंचाई के लिए ड्रिप सिंचाई सिस्टम की व्यवस्था करें। इससे टमाटर की फसल कम पानी में तैयार हो जाएगी।
  • रोपाई के लिए तैयार होने पर पौधों को प्लास्टिक की परत में छोटे-छोटे छेद करके उनमें पौधों की रोपाई कर दें।

जब पौधों की लंबाई 40 सेमी यानि 16 इंच हो जाए तब पौधों को सहारा देने के लिए लकड़ी, तार आदि का इस्तेमाल करें। अब इस लकड़ी या तार से पौधे को बांध दें। ऐसा करने पर टमाटर का पौधा लकड़ी व तार के सहारे बढ़ता जाएगा और इसके फल भी जमीन पर स्पर्श नहीं करेंगे जिससे फल खराब नहीं होगी।

  • टमाटर की अधिकांश किस्मों को रोपाई के 7 से लेकर 10 सप्ताह के बाद काटा जा सकता है। हालांकि कटाई का समय टमाटर की किस्म और स्थानीय जलवायु पर निर्भर होता है।
  • मिट्‌टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने के लिए फसल चक्र का उपयोग करें। यानी टमाटर के बाद पत्तागोभी, मक्का, फलियां और अन्य फसल बोएं।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों जॉन डियर ट्रैक्टर, इंडो फार्म ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button