गन्ना किसानों को तोहफा, गन्ने का मूल्य 30 रुपए बढ़ाया; अब मिलेगा 400 रुपए प्रति क्विंटल का भाव
प्रकाशित - 30 Oct 2025
by Vivek Tailang
जानें, किस राज्य के किसानों को मिलेगा बढ़ा हुआ मूल्य, देखें नई रेट लिस्ट
किसानों को अधिक से अधिक फायदा हो इसके लिए सरकार की ओर से कई प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी के साथ सरकार की ओर से किसानों को उपज के सही दाम दिलाने का प्रयास भी किया जा रहा है। इसके लिए भावांतर योजना चलाई जा रही है। इसी कड़ी में गन्ना किसानों को राहत देते हुए हाल ही में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने तोहफा दिया है।
सरकार ने पेराई सत्र 2025–26 के लिए गन्ने का राज्य परामर्शित मूल्य यानी एसएपी में 30 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। इस तरह अब राज्य के किसानों को अगेती किस्म के गन्ना के लिए 400 रुपए और सामान्य गन्ने के लिए 390 रुपए प्रति क्विंटल भाव मिल सकेगा। सरकार के इस फैसले से राज्य के करीब 46 लाख गन्ना किसानों को सीधा लाभ होगा। गन्ने का मूल्य बढ़ने से किसानों में खुशी की लहर है।
यूपी के किसानों के लिए गन्ने की नई रेट लिस्ट
|
गन्ने की किस्म |
गन्ने का एसएपी रेट प्रति क्विंटल |
|
अगेती गन्ना |
400 रुपए प्रति क्विंटल |
|
सामान्य गन्ना |
390 रुपए प्रति क्विंटल |
प्रदेश में आठ सालों में कितना बढ़ा गन्ने का मूल्य
गन्ना मंत्री ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बीते आठ सालों में सरकार ने कुल 85 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से किसानों की आमदनी में करीब तीन हजार करोड़ रुपए की अतिरिक्त बढ़ोतरी होगी। यह अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि मानी जा रही है। बता दें कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से यह चौथी बार है जब गन्ने के राज्य सलाहकारी मूल्य में वृद्धि की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सत्ता संभालने के बाद अब तक कितनी हुई बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 में सत्ता संभालने के बाद पहली बार 10 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद 2021-22 में चुनाव से पहले 25 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई, जिससे गन्ना मूल्य 350 रुपये तक पहुंच गया था। पेराई सत्र 2023-24 में गन्ना दरों में 20 रुपए की बढ़ोतरी की गई। जबकि 2024-25 के सत्र में इसे यथावत रखा गया था यानी कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। अब पेराई सत्र 2025-26 के लिए सरकार ने फिर बड़ा कदम उठाते हुए 30 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है।
8 सालों के दौरान गन्ना पेराई सत्र में कब और कितनी हुई बढ़ोतरी, एक नजर में
|
पेराई सत्र |
मूल्य वृद्धि (₹/क्विंटल) |
|
2017-18 |
10 रुपए |
|
2021-22 |
25 रुपए |
|
2023-24 |
20 रुपए |
|
2025-26 |
30 रुपए |
यूपी के गन्ना किसानों की आय में हुआ दुगुना सुधार
गन्ना मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गन्ना उद्योग बदहाली की स्थिति में था। कई चीनी मिलें बंद पड़ी थीं या बेची जा चुकी थीं। लेकिन योगी आदित्यनाथ सरकार ने सत्ता में आने के बाद पारदर्शी व्यवस्था लागू की और गन्ना उद्योग में नई जान फूंकी। मंत्री ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में 12 हजार करोड़ रुपए का निवेश गन्ना क्षेत्र में हुआ है। इस दौरान चार नई चीनी मिलें खोली गईं, छह बंद पड़ी मिलों को दोबारा शुरू किया गया और 42 मिलों की क्षमता में बढ़ोतरी की गई। इसके अलावा किसानों की सुविधा के लिए गन्ना पर्ची प्रणाली को पूरी तरह ऑनलाइन किया गया है, जिससे भुगतान व्यवस्था पारदर्शी और समयबद्ध हुई है।
गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में यूपी नंबर वन
मंत्री के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश देश में गन्ना, चीनी और एथेनाॅल उत्पादन में पहले स्थान पर है। वर्ष 2007 से 2017 के बीच गन्ने का क्षेत्रफल 9.51 लाख हेक्टेयर था, जो अब बढ़कर 29.51 लाख हेक्टेयर हो गया है। उन्होंने बताया कि पिछली सरकारों के 10 साल के मुकाबले, योगी सरकार के आठ सालों में गन्ना मूल्य भुगतान लगभग दोगुना हुआ है। 2017 से पहले कुल भुगतान 1,47,346 करोड़ रुपये था, जबकि वर्तमान सरकार अब तक 2,90,225 करोड़ रुपए का भुगतान करा चुकी है।
इस समय अन्य राज्य में कितना है गन्ने का समर्थन मूल्य (एसएपी) 2025–26
|
क्र.सं. |
राज्य |
एसएपी (रुपए प्रति क्विंटल) |
|
1 |
हरियाणा |
415 रुपए प्रति क्विंटल |
|
2. |
पंजाब |
401 रुपए प्रति क्विंटल |
|
3 |
बिहार |
365 रुपए प्रति क्विंटल |
|
4 |
उत्तराखंड |
375 रुपए प्रति क्विंटल |
|
5 |
महाराष्ट्र |
355 रुपए प्रति क्विंटल |
|
6 |
कर्नाटक |
370 रुपए प्रति क्विंटल |
किसानों में खुशी तो चीनी मिल मालिक सतर्क
सरकार के इस फैसले से जहां गन्ना किसानों में खुशी की लहर है, वहीं चीनी मिल संचालक सतर्क हो गए हैं। किसान संगठनों ने इस निर्णय को “काफी देरी से लिया गया मगर स्वागतयोग्य कदम” बताया है। वहीं, गन्ना उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि सरकार को साथ ही एथेनाॅल उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में भी ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि मिलों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहे। कुल मिलाकर, सरकार का यह निर्णय किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करता है। गन्ना मूल्य में 30 रुपए की बढ़ोतरी से किसानों को सीधा फायदा मिलेगा।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।