खुशखबरी: किसानों को मुफ्त में दिए जाएंगे तोरिया के उन्नत बीज
प्रकाशित - 09 Sep 2026
by Vivek Tailang
प्रदेश में तोरिया के 30 हजार मिनीकिट निःशुल्क वितरण का लक्ष्य, जानें आवेदन प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से किसानों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में प्रदेश के किसानों को तोरिया की खेती के लिए उन्नत बीज उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इसके तहत किसानों को तोरिया के 30 हजार मिनीकिट निःशुल्क वितरित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि विभाग की ओर से मिनीकिट के लिए किसानों की बुकिंग कराई जा रही है। खास बात यह है कि अब तक किसानों द्वारा 15 हजार मिनीकिट की बुकिंग कराई जा चुकी है।
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों से अपील की है कि वे तोरिया के निःशुल्क मिनीकिट प्राप्त करने के लिए कृषि विभाग के पोर्टल पर जल्द से जल्द बुकिंग कराएं और योजना का लाभ उठाएं। किसानों के लिए यह पहल रबी मौसम में तोरिया की खेती को बढ़ावा देने और उन्हें उन्नत बीज उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
तोरिया के साथ इन फसलों की भी बुकिंग प्रक्रिया जारी
कृषि मंत्री ने बताया कि तोरिया के अलावा रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए अन्य प्रमुख फसलों की भी बुकिंग प्रक्रिया चल रही है। इसमें गेहूं के 10.45 लाख क्विंटल, चना के 69.96 हजार क्विंटल, मटर के 17.89 हजार क्विंटल, मसूर के 41.76 हजार क्विंटल तथा राई-सरसों के 15.94 हजार क्विंटल की बुकिंग प्रक्रियाधीन है। उन्होंने किसानों से इन फसलों के लिए भी अधिक से अधिक संख्या में बुकिंग कराने की अपील की है, ताकि किसान समय पर अपनी फसल से संबंधित सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
Popular Tractors
किसानों के लिए फसल बीमा की अंतिम तारीख बढ़ी
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में कृषि भवन के समीक्षा कक्ष में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की समीक्षा बैठक भी हुई। बैठक में किसानों की फसलों की सुरक्षा और बीमा से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार के विशेष अनुरोध पर भारत सरकार ने खरीफ 2026 मौसम में फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त से बढ़ाकर 10 सितंबर 2026 कर दी है। ऐसे में जिन किसानों ने अभी तक अपनी फसल का बीमा नहीं कराया है, उनके पास बीमा कराने का अवसर है।
27.10 लाख केसीसी खातों के पात्र किसानों को लाभ दिलाने के निर्देश
बैठक में कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी 27.10 लाख किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खातों में पात्र किसानों का बीमा बैंकों द्वारा शत-प्रतिशत कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित संस्थाओं से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई पात्र किसान फसल बीमा के लाभ से वंचित न रहे। सरकार के अनुसार, वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक 69.28 लाख किसानों को कुल 6,124.79 करोड़ रुपये की फसल क्षतिपूर्ति प्रदान की जा चुकी है। इससे फसल खराब होने की स्थिति में किसानों को आर्थिक राहत उपलब्ध कराने में फसल बीमा योजना की भूमिका का पता चलता है।
बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के सर्वे में तेजी के निर्देश
बैठक के दौरान खरीफ 2026 में अतिवृष्टि और बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान की भी समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों को समय पर फसल क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए बाकी पात्र आवेदनों का सर्वे जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और कृषि विभाग की जांच समितियां किसानों की मौजूदगी में सर्वे की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करें, ताकि पात्र किसानों को समयबद्ध तरीके से क्षतिपूर्ति का लाभ मिल सके।
फसल नुकसान की सूचना इन माध्यमों से दें किसान
फसल को प्राकृतिक आपदा से नुकसान होने पर किसान इसकी सूचना संबंधित विभाग तक पहुंचा सकते हैं। इसके लिए भारत सरकार का टोल-फ्री नंबर 14447, किसान कॉल सेंटर नंबर 0522-2317003, व्हाट्सएप चैटबॉट, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप और संबंधित बैंक शाखाओं के माध्यम से सूचना दर्ज कराई जा सकती है।
तोरिया के मुफ्त मिनीकिट के लिए ऐसे कराएं बुकिंग (आवेदन प्रक्रिया)
तोरिया के निःशुल्क मिनीकिट प्राप्त करने के इच्छुक किसान कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल agriculture.up.gov.in पर जाकर बुकिंग कर सकते हैं। किसानों को सलाह है कि वे जल्द बुकिंग कराएं, क्योंकि सरकार ने प्रदेश में 30 हजार तोरिया मिनीकिट के निःशुल्क वितरण का लक्ष्य रखा है और 7 सितंबर तक इनमें से 15 हजार मिनीकिट की बुकिंग हो चुकी है। ऐसे में प्रदेश के किसानों चाहिए कि वे जल्द से जल्द तोरिया बीज के लिए बुकिंग कराएं ताकि उन्हें मुफ्त बीज का फायदा मिल सके।
“मुफ्त तोरिया बीज मिनी किट” के संबंध में पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ):
प्रश्न 1. उत्तर प्रदेश में किसानों को कितने तोरिया मिनीकिट मुफ्त दिए जाएंगे?
उत्तर: यूपी में किसानों को तोरिया के 30 हजार मिनीकिट निःशुल्क वितरित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रश्न 2. 7 सितंबर 2026 तक कितने तोरिया मिनीकिट की बुकिंग हो चुकी है?
उत्तर: 7 सितंबर 2026 तक किसानों द्वारा 15 हजार तोरिया मिनीकिट की बुकिंग कराई जा चुकी है।
प्रश्न 3. तोरिया के मुफ्त मिनीकिट के लिए किसान कहां बुकिंग करा सकते हैं?
उत्तर: किसान कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल agriculture.up.gov.in पर जाकर तोरिया के निःशुल्क मिनीकिट के लिए बुकिंग करा सकते हैं।
प्रश्न 4. खरीफ 2026 में फसल बीमा कराने की अंतिम तारीख क्या है?
उत्तर: खरीफ 2026 मौसम के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तारीख 10 सितंबर 2026 कर दी गई है। पहले यह तारीख 31 अगस्त थी।
प्रश्न 5. फसल खराब होने पर किसान नुकसान की सूचना कैसे दे सकते हैं?
उत्तर: किसान फसल नुकसान की सूचना टोल-फ्री नंबर 14447, किसान कॉल सेंटर नंबर 0522-2317003, व्हाट्सएप चैटबॉट, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप और संबंधित बैंक शाखा के माध्यम से दे सकते हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।