पीएम किसान योजना: सरकार चला रही वेरिफिकेशन अभियान, ये किसान होंगे योजना से बाहर
प्रकाशित - 04 Nov 2025 by Vivek Tailang
जानें, क्या है सरकार का यह वेरिफिकेशन अभियान और इससे क्या होगा फायदा
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के तहत लाभार्थी किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपए की राशि प्रदान की जाती है। अब तक इस योजना से जुड़े किसानों को 20 किस्तें मिल चुकी हैं। अब देश के करोड़ों किसानों को इस योजना की 21वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है। इसी बीच सरकार की ओर से इस योजना को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए वेरिफिकेशन अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत अपात्र किसानों को योजना से बाहर किया जा रहा है ताकि वास्तविक पात्र किसानों को योजना का लाभ मिल सके।
पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त में क्यों हो रही है देरी
इस साल पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त 2 अगस्त 2025 को जारी की गई थी, जबकि 19वीं किस्त 24 फरवरी को आई थी। अब किसान उम्मीद कर रहे हैं कि 21वीं किस्त नवंबर के पहले पखवाड़े में जारी हो सकती है। हालांकि सरकार ने अब तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है, क्योंकि इस बार किस्त जारी करने से पहले सभी लाभार्थियों का वेरिफिकेशन अभियान चलाया जा रहा है।
गलत लाभ उठाने वालों पर सरकार सख्त
कृषि मंत्रालय ने पाया है कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी योजना का लाभ उठा रहे हैं जो इसके पात्र नहीं हैं। कई मामलों में पति और पत्नी दोनों को अलग-अलग लाभ दिया जा रहा था, जो योजना के नियमों का सीधा उल्लंघन है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मंत्रालय ने अब तक करीब 29 लाख संदिग्ध लाभार्थियों की पहचान की है। इन मामलों की जांच राज्य और जिला स्तर पर की जा रही है। जिन किसानों के दस्तावेज या बैंक विवरण में गड़बड़ी मिलेगी, उनके नाम लाभार्थी सूची से हटाए जा सकते हैं। इससे पहले 2022 में भी ऐसा ही बड़ा सफाई अभियान चलाया गया था, जिसके दौरान 1.72 करोड़ अयोग्य लाभार्थियों के नाम हटाए गए थे। उस समय गलत भुगतान रोककर सरकार ने करोड़ों रुपए की बचत की थी।
क्या है पीएम किसान योजना वेरिफिकेशन अभियान
सरकार इस बार PM-KISAN डेटाबेस को पूरी तरह क्लीन और पारदर्शी बनाना चाहती है। इसके लिए लाभार्थियों के आधार कार्ड, भूमि स्वामित्व रिकॉर्ड और बैंक खाता विवरण का क्रॉस-वेरिफिकेशन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आने वाली किस्तें सिर्फ वास्तविक किसानों तक ही पहुंचें, न कि उन लोगों तक जिन्होंने गलत जानकारी देकर लाभ लिया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय का कहना है कि यह कदम पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए उठाया गया है। इससे योजना का लाभ वास्तव में उन किसानों को मिलेगा जिन्हें इसकी सबसे अधिक जरूरत है।
कब जारी होगी पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त
सरकार की ओर से अभी पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त जारी करने की पुष्ट तारीख की घोषणा नहीं की गई है। लेकिन अनुमान है कि यह किस्त नवंबर 2025 के पहले पखवाड़े में जारी की जा सकती है। हाल ही में सरकार ने जम्मू-कश्मीर में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए 21वीं किस्त समय से पहले जारी की थी। इससे यह उम्मीद बढ़ी है कि देशभर के किसानों के खातों में भी जल्द ही राशि भेजी जा सकती है।
छोटी सी गलती आपको बना सकती है अपात्र
यदि किसी किसान के आधार नंबर, बैंक खाता या भूमि रिकॉर्ड में त्रुटि है, तो वह अस्थायी रूप से पात्रता (eligibility) खो सकता है और अगली किस्त रोकी जा सकती है। इसलिए सरकार ने सभी रजिस्टर्ड किसानों से अपील की है कि वे PM-KISAN की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्टेटस अवश्य चेक कर लें।
ऐसे करें पीएम किसान (PM-KISAN) योजना में लाभार्थी स्टेटस चेक
- सबसे पहले pmkisan.gov.in पर जाना होगा।
- आपको “Farmers Corner” सेक्शन में जाना होगा।
- यहां आपको “Beneficiary List” पर क्लिक करना होगा।
- अब आपको अपने राज्य, जिला, उप-डिवीजन, ब्लॉक और गांव का चयन करना है।
- इसके बाद आपको “Get Report” पर क्लिक करना होगा, ऐसा करने पर योजना की लाभार्थी सूची आपके सामने आ जाएगी। इसमें आप देख सकते हैं कि आपका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं।
- यदि आपने CSC सेंटर या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन किया है, तो आप “Self Registered Farmer / CSC Farmers Status” सेक्शन में जाकर आधार नंबर डालकर स्टेटस भी देख सकते हैं।
वेरिफिकेशन से क्या होगा फायदा
सरकार के इस अभियान से योजना को और अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जाएगा। इससे तीन बड़े लाभ होंगे,जो इस प्रकार से हैं:
- गलत और अयोग्य लाभार्थियों को हटाया जाएगा।
- सरकारी धन का सही उपयोग सुनिश्चित होगा।
- सही किसानों को समय पर और सटीक भुगतान मिलेगा।
सरकार का लक्ष्य है कि PM-KISAN योजना का लाभ सिर्फ वास्तविक पात्र किसानों तक पहुंचे। इसलिए जो किसान पात्र हैं और जिनके दस्तावेज सही हैं, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्हें योजना का लाभ मिलता रहेगा।
बिना रूकावट के लेना है योजना का लाभ तो जल्द करें यह काम
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने अब तक 11 करोड़ से अधिक किसानों को आर्थिक सहायता दी है। लेकिन सरकार का मानना है कि योजनाओं की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए समय-समय पर वेरिफिकेशन जरूरी है। यदि आप PM-KISAN के लाभार्थी हैं, तो जल्द से जल्द अपने दस्तावेज और बैंक विवरण अपडेट करें और पोर्टल पर अपना स्टेटस जांच लें। क्योंकि यह वेरिफिकेशन अभियान सिर्फ गड़बड़ी रोकने के लिए नहीं, बल्कि सच्चे किसानों के हक को सुरक्षित रखने के लिए है, ताकि हर सही किसान को सरकार द्वारा दी जा रही 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता समय पर मिल सके।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें