25,900 कृषि यंत्रों पर मिलेगी सब्सिडी, जल्द करें आवेदन

Share Product प्रकाशित - 08 Aug 2026 by Vivek Tailang

25,900 कृषि यंत्रों पर मिलेगी सब्सिडी, जल्द करें आवेदन

सब्सिडी की राशि सीधे किसानों के खाते में होगी ट्रांसफर, लॉटरी में चयन नहीं होने पर टोकन राशि होगी वापस, जानें पूरी प्रक्रिया

उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए कृषि यंत्र खरीदने का अच्छा अवसर है। राज्य सरकार ने कृषि यंत्र वितरण योजना (Agricultural Machinery Subsidy Scheme) के तहत 25,900 कृषि यंत्रों पर सब्सिडी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए कृषि विभाग का पोर्टल किसानों के आवेदन हेतु खोल दिया गया है। इच्छुक किसान 10 अगस्त तक ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। योजना के तहत पात्र किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा, जबकि सब्सिडी की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

इसी के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन किसानों का चयन लॉटरी में नहीं हो पाया और जिन्होंने बुकिंग के समय टोकन राशि जमा की थी, उनकी धनराशि जल्द से जल्द वापस की जाए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

लॉटरी में चयन नहीं होने पर वापस मिलेगी टोकन राशि

कृषि मंत्री ने बताया कि सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। इसी के तहत जिन किसानों को पिछले वर्षों में कृषि यंत्र नहीं मिल पाए थे, उनकी जमा टोकन राशि वापस लौटाई जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कृषि यंत्रों की बुकिंग कराने वाले 38,568 किसानों की करीब 15.16 करोड़ रुपये की टोकन राशि उनके बैंक खातों में वापस भेजी जा चुकी है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2023-24 के 9,837 किसानों की लगभग 3.57 करोड़ रुपये की राशि भी एक सप्ताह के भीतर वापस करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

10 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन

कृषि विभाग के अनुसार, अनुदान पर कृषि यंत्र प्राप्त करने के लिए किसानों को 10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि के बाद ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।

योजना के तहत किसानों को निम्न श्रेणियों में कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे—

  • फार्म मशीनरी बैंक
  • कस्टम हायरिंग सेंटर
  • एकल कृषि यंत्र

इन तीनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 25,900 कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। विभाग के अनुसार अब तक 41,762 किसान आवेदन कर चुके हैं।

कितनी मिलेगी सब्सिडी

उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत अलग-अलग श्रेणियों में अलग-अलग दर से सब्सिडी दी जाती है जो इस प्रकार से है: 

  • फार्म मशीनरी बैंक पर 80 प्रतिशत तक अनुदान मिलता है। 
  • कस्टम हायरिंग सेंटर पर 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। 
  • एकल कृषि यंत्रों पर भी निर्धारित मानकों के अनुसार अनुदान का लाभ मिलता है। 

योजना का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराकर खेती की लागत कम करना और कृषि कार्यों को अधिक आसान एवं आधुनिक बनाना है।

किसान पंजीकरण कराना है अनिवार्य

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ लेने के लिए किसान का विभागीय पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे तुरंत अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए किसानों को जिन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी, वे दस्तावेज इस प्रकार से हैं: 

  • आधार कार्ड
  • खतौनी
  • बैंक पासबुक
  • मोबाइल नंबर

इसके अलावा बैंक खाते का विवरण सही होना जरूरी है, क्योंकि योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सीधे किसान के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

किसानों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह योजना

कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी किसानों की लागत कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती के कार्य कम समय में पूरे किए जा सकते हैं, श्रम लागत घटती है और उत्पादन क्षमता भी बढ़ती है। ऐसे में जिन किसानों के पास सीमित संसाधन हैं, उनके लिए यह योजना काफी लाभदायक साबित हो सकती है। यदि किसी किसान का चयन ई-लॉटरी में नहीं होता है, तो उसकी जमा टोकन राशि भी वापस कर दी जाएगी। इससे किसानों का आर्थिक जोखिम कम होगा और वे बिना चिंता के योजना में आवेदन कर सकेंगे।

अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करें, जल्द आवेदन करें

उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करें और सभी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करें, ताकि उन्हें योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी विवरण देख सकते हैं।

“25,900 कृषि यंत्रों पर मिलेगी सब्सिडी” के संंबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQs):

प्रश्न 1. उत्तर प्रदेश में कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि क्या है?

उत्तर: उत्तर प्रदेश में कृषि यंत्र वितरण योजना के तहत किसान 10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग कर सकते हैं। इसके बाद पात्र किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

प्रश्न 2. इस योजना के तहत कितने कृषि यंत्रों पर सब्सिडी मिलेगी?

उत्तर: योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर और एकल कृषि यंत्रों सहित कुल 25,900 कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा।

प्रश्न 3. कृषि यंत्रों पर कितनी सब्सिडी मिलेगी?

उत्तर: योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक पर 80 प्रतिशत तक तथा कस्टम हायरिंग सेंटर पर 40 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी। अन्य कृषि यंत्रों पर भी निर्धारित नियमों के अनुसार अनुदान मिलेगा।

प्रश्न 4. यदि ई-लॉटरी में चयन नहीं होता है तो क्या टोकन राशि वापस मिलेगी?

उत्तर: हां। यदि किसी किसान का चयन ई-लॉटरी में नहीं होता है, तो उसके द्वारा जमा की गई टोकन राशि वापस उसके बैंक खाते में भेज दी जाएगी।

प्रश्न 5. योजना का लाभ लेने के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?

उत्तर: किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए आधार कार्ड, खतौनी, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर और सही बैंक खाता विवरण आवश्यक है, क्योंकि सब्सिडी की राशि सीधे DBT के माध्यम से खाते में भेजी जाएगी।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button