किसानों के लिए सुनहरा मौका, कृषि यंत्रों पर मिल रही है 50% तक सब्सिडी

Share Product प्रकाशित - 16 Jan 2026 by Vivek Tailang

किसानों के लिए सुनहरा मौका, कृषि यंत्रों पर मिल रही है 50% तक सब्सिडी

जानें किन किसानों को मिलेगा लाभ और कैसे करना होगा आवेदन

राज्य के किसानों के लिए खेती को आधुनिक और किफायती बनाने का एक बड़ा अवसर सामने आया है। प्रदेश सरकार ने कृषि मशीनीकरण को बढ़ावा देने और फसल अवशेष जलाने की समस्या पर रोक लगाने के उद्देश्य से किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी देने का फैसला किया है। यह लाभ राज्य कृषि विभाग द्वारा संचालित ‘सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (SMAM)’ योजना के तहत दिया जा रहा है।

सरकारी जानकारी के अनुसार इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक किसान 21 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह योजना खास तौर पर छोटे और सीमांत किसानों के लिए काफी फायदेमंद मानी जा रही है।

फसल अवशेष प्रबंधन पर सरकार का खास फोकस

हर साल पराली और अन्य फसल अवशेष जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और खेतों की मिट्टी की उर्वरता पर भी बुरा असर पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से इस योजना में फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े कृषि यंत्रों पर विशेष सब्सिडी का प्रावधान किया है। सरकार का मानना है कि आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल से किसान पराली जलाने जैसी समस्याओं से बच सकते हैं और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी खेती को भी अधिक लाभकारी बना सकते हैं। 

किन कृषि यंत्रों पर मिलेगी सब्सिडी

स्माम (SMAM) योजना के तहत किसानों को कई आधुनिक कृषि यंत्रों पर सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। इनमें प्रमुख फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर (CHC), हाईटेक हब फॉर कस्टम हायरिंग और कृषि ड्रोन पर सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा ‘प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेसिड्यू’ योजना के तहत भी फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े यंत्रों और कस्टम हायरिंग सेंटर पर सब्सिडी दी जाएगी। वहीं, त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बैच ड्रायर, मक्का सोलर ड्रायर और पॉपिंग मशीन जैसे उपकरणों पर भी किसानों को अनुदान का लाभ मिलेगा। 

योजना के तहत कितनी मिलेगी सब्सिडी

सरकार किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर अधिकतम 50 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है। इससे किसानों पर मशीनों की लागत का बोझ कम होगा और वे आधुनिक तकनीक की मदद से कम समय और कम खर्च में अधिक उत्पादन कर सकेंगे। विशेषज्ञों के अनुसार कृषि यंत्रों के उपयोग से न सिर्फ उत्पादन बढ़ता है, बल्कि खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता और उत्पादकता भी लंबे समय तक बनी रहती है। 

सब्सिडी पर कृषि यंत्रों के लिए कैसे करना होगा आवेदन

अगर आप भी इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो नीचे दी गई प्रक्रिया को अपनाकर आसानी से आवेदन कर सकते हैं, जो इस प्रकार से है: 

  • सबसे पहले उत्तर प्रदेश कृषि विभाग की वेबसाइट https://agridarshan.up.gov.in पर जाएं।
  • होम पेज पर मौजूद ‘किसान कॉर्नर’ सेक्शन में प्रवेश करें।
  • यहां आपको ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ का ऑप्शन दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें।
  • मांगी गई आवश्यक जानकारी भरकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
  • ध्यान रहे कि कृषि यंत्रों का चयन ई-लॉटरी (e-lottery) प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।

टोकन मनी जमा करना होगा अनिवार्य

इस योजना के तहत आवेदन करने वाले किसानों को ऑनलाइन टोकन मनी जमा करनी होगी, बिना टोकन मनी के आपका आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे में यह भी जानना जरूरी है कि कितनी टोकन मनी जमा करानी होगी। कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान अनुसार टोकन मनी का निर्धारण किया गया है, जो इस प्रकार से है: 

  • जिन कृषि यंत्रों पर अनुदान राशि 10 हजार से 1 लाख रुपए तक है, उनके लिए 2,500 रुपए टोकन मनी जमा करनी होगी।
  • जिन यंत्रों पर अनुदान राशि 1 लाख रुपए से अधिक है, उनके लिए 5,000 रुपए टोकन राशि निर्धारित की गई है। 

किसानों के लिए क्यों फायदेमंद है यह योजना

यह योजना किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, खेती की लागत घटाने और पर्यावरण संरक्षण में मदद करने की दिशा में एक अहम कदम है। 50 प्रतिशत तक मिलने वाली सब्सिडी से छोटे और सीमांत किसान भी अब महंगे कृषि यंत्र आसानी से खरीद सकेंगे। कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश सरकार की यह पहल किसानों के लिए एक सुनहरा मौका है, जिससे वे अपनी खेती को अधिक उन्नत, टिकाऊ और लाभकारी बना सकते हैं।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों जॉन डियर ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button