सोयाबीन किसानों के लिए बड़ी खबर, इस तारीख से शुरू होगा भावांतर योजना में पंजीयन, यहां करें आवेदन

Share Product प्रकाशित - 01 Oct 2026 by Vivek Tailang

सोयाबीन किसानों के लिए बड़ी खबर, इस तारीख से शुरू होगा भावांतर योजना में पंजीयन, यहां करें आवेदन

जानें, सोयाबीन का भावांतर योजना में पंजीयन कहां और कैसे होगा, आधार वेरिफिकेशन, बैंक खाता और भुगतान से जुड़ी जरूरी बातें

मध्य प्रदेश में सोयाबीन किसानों के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है। भारत सरकार की प्राइस डिफिसिट पेमेंट स्कीम (भावांतर योजना) के तहत खरीफ वर्ष 2026 यानी विपणन वर्ष 2026-27 में सोयाबीन फसल के लिए किसानों का पंजीयन 3 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। किसानों को अपनी सोयाबीन उपज के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीयन कराना होगा।

पंजीयन के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में निर्धारित केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। किसान अपनी सुविधा के अनुसार निःशुल्क पंजीयन केंद्र या निर्धारित शुल्क वाले केंद्र पर जाकर पंजीयन करा सकते हैं।

कहां होगा सोयाबीन का मुफ्त पंजीयन

सोयाबीन किसानों के लिए पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था कई सरकारी और सहकारी केंद्रों पर की गई है। किसान ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों पर बिना किसी शुल्क के पंजीयन करा सकते हैं। इसके अलावा सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर भी किसानों को निःशुल्क पंजीयन की सुविधा मिलेगी। किसान पंजीयन कराने से पहले अपने जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाएं, ताकि प्रक्रिया में परेशानी न हो।

इन केंद्रों पर देना होगा अधिकतम 50 रुपए शुल्क

किसान एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोक सेवा केंद्र और निजी साइबर कैफे के माध्यम से भी सोयाबीन का पंजीयन करा सकते हैं। इन केंद्रों पर प्रति पंजीयन अधिकतम 50 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीयन के दौरान किसान के भूमि संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड और अन्य फोटो पहचान पत्रों का परीक्षण किया जाएगा। संबंधित दस्तावेजों का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा।

सिकमी और बटाईदार किसानों के लिए अलग व्यवस्था

सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसानों के लिए पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति और सहकारी विपणन संस्था द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर उपलब्ध होगी। इन श्रेणी के किसानों का राजस्व विभाग द्वारा शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाएगा। इसलिए ऐसे किसानों को पंजीयन के लिए संबंधित सहकारी समिति या सहकारी विपणन संस्था के केंद्र पर ही जाना होगा।

भुगतान के लिए आधार लिंक बैंक खाता जरूरी

सोयाबीन उपज के भुगतान के लिए किसान के आधार लिंक बैंक खाते का इस्तेमाल प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। यदि आधार लिंक खाते में भुगतान करने में किसी तरह की समस्या आती है, तो पंजीयन के दौरान उपलब्ध कराए गए बैंक खाते में भुगतान किया जा सकेगा। पंजीयन के समय किसान को बैंक खाता नंबर और IFSC कोड देना होगा। अक्रियाशील बैंक खाते, संयुक्त बैंक खाते तथा फिनो, एयरटेल और पेटीएम बैंक खाते पंजीयन के लिए मान्य नहीं होंगे। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपने आधार नंबर के साथ बैंक खाता और मोबाइल नंबर लिंक कराकर उन्हें अपडेट रखें।

आधार वेरिफिकेशन के बिना नहीं होगा पंजीयन

सोयाबीन का पंजीयन कराने और फसल बेचने के लिए आधार नंबर का वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। किसान का आधार वेरिफिकेशन आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आने वाले OTP या बायोमेट्रिक डिवाइस के माध्यम से किया जा सकेगा। पंजीयन तभी हो सकेगा, जब भू-अभिलेख के खाते और खसरे में दर्ज किसान के नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से होगा। नाम में अंतर होने पर किसान को तहसील कार्यालय से सत्यापन कराना होगा। सत्यापन के बाद ही पंजीयन मान्य होगा।

आधार लिंक बैंक खाते का भी होगा सत्यापन

पंजीयन के दौरान किसान के आधार से लिंक बैंक खाते का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए मध्यप्रदेश राज्य आपूर्ति निगम द्वारा ई-उपार्जन/JIT पोर्टल के माध्यम से 1 रुपए का ट्रांजेक्शन किया जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए जिला और तहसील स्तर पर आधार पंजीयन केंद्रों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। यहां किसान अपने मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक संबंधी जानकारी अपडेट करा सकते हैं। पोस्ट ऑफिस में संचालित आधार सुविधा केंद्रों का भी उपयोग किया जा सकता है।

एसएमएस से भी मिलेगी पंजीयन की जानकारी

पिछले खरीफ सीजन में जिन किसानों के मोबाइल नंबर उपलब्ध हैं, उन्हें पंजीयन की जानकारी SMS के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके अलावा गांवों में डोडी पिटवाकर, ग्राम पंचायतों के सूचना पटल, सहकारी समितियों और मंडियों में बैनर के माध्यम से भी किसानों को जानकारी दी जाएगी। प्रशासन ने सोयाबीन किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर भावांतर योजना के तहत पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि उपज के लिए योजना के तहत निर्धारित प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।

“सोयाबीन भावांतर योजना में पंजीयन” के संबंध में पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ):

प्रश्न 1. सोयाबीन भावांतर योजना में पंजीयन कब से शुरू होगा?
उत्तर: सोयाबीन किसानों के लिए भावांतर योजना के तहत पंजीयन 3 अक्टूबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

प्रश्न 2. सोयाबीन भावांतर योजना में मुफ्त पंजीयन कहां करा सकते हैं?
उत्तर: किसान ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालय, सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर मुफ्त पंजीयन करा सकते हैं।

प्रश्न 3. भावांतर योजना में पंजीयन के लिए कितनी फीस लगेगी?
उत्तर: एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और निजी साइबर कैफे पर पंजीयन कराने के लिए अधिकतम 50 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।

प्रश्न 4. सोयाबीन भावांतर योजना में आधार वेरिफिकेशन जरूरी है?
उत्तर: हां, सोयाबीन का पंजीयन कराने और फसल बेचने के लिए आधार नंबर का वेरिफिकेशन अनिवार्य है। यह OTP या बायोमेट्रिक के माध्यम से किया जा सकता है।

प्रश्न 5. सोयाबीन भावांतर योजना में भुगतान किस बैंक खाते में होगा?
उत्तर: भुगतान के लिए किसान के आधार लिंक बैंक खाते का प्राथमिकता के आधार पर इस्तेमाल किया जाएगा। पंजीयन के दौरान बैंक खाता नंबर और IFSC कोड देना होगा।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button