लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त: 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में किस्त ट्रांसफर, ऐसे चेक करें पेमेंट स्टेटस

Share Product प्रकाशित - 14 Sep 2026 by Vivek Tailang

लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त: 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में किस्त ट्रांसफर, ऐसे चेक करें पेमेंट स्टेटस

सीएम ने सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की किस्त, हर लाड़ली बहन के खाते में पहुंचे 1500 रुपए

मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर मालवा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के जरिए पात्र महिलाओं के बैंक खातों में किस्त की राशि ट्रांसफर की। इस बार प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ महिलाओं को सितंबर की नियमित किस्त के रूप में 1,500 रुपए मिले हैं। सरकार ने डीबीटी के माध्यम से कुल 1,835 करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी है।

1.25 करोड़ महिलाओं को मिली 40वीं किस्त

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर मालवा से लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की 40वीं किस्त जारी की। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस बार 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 9 लाख 22 हजार 450 रुपए की मासिक आर्थिक सहायता अंतरित की गई। इस राशि का भुगतान सीधे महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से किया गया है। योजना के तहत पात्र महिला को वर्तमान में 1,500 रुपए प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है।

40वीं किस्त में मिले 1,500 रुपए

सितंबर महीने की 40वीं किस्त में पात्र महिलाओं को 1,500 रुपए मिले हैं। इसे लेकर कई महिलाओं के मन में यह सवाल था कि क्या इस बार भी रक्षाबंधन के समय की तरह अतिरिक्त राशि मिलेगी। बता दें कि अगस्त में रक्षाबंधन के अवसर पर 250 रुपए की विशेष सहायता भी दी गई थी, लेकिन सितंबर की नियमित किस्त 1,500 रुपए ही है। इस तरह लाभार्थी महिलाओं के खाते में इस बार नियमित मासिक सहायता के रूप में 1,500 रुपए ट्रांसफर किए गए हैं।

आगर मालवा को भी मिली विकास कार्यों की सौगात

लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर मालवा जिले को कई विकास कार्यों की सौगात भी दी। कार्यक्रम में 225.95 करोड़ रुपए की लागत वाले 33 नए विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया गया। इसके अलावा 28.14 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 17 विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया।

कब शुरू हुई थी लाड़ली बहना योजना

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में वर्ष 2023 में हुई थी। योजना का उद्देश्य मध्य प्रदेश की पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता देकर उनके आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार भी इस योजना को जारी रखे हुए है। योजना के तहत पात्र महिला के स्वयं के आधार लिंक और डीबीटी सक्रिय बैंक खाते में राशि भेजी जाती है। आधिकारिक पोर्टल के अनुसार संयुक्त बैंक खाता योजना के लाभ के लिए मान्य नहीं है।

कैसे चेक करें खाते में 40वीं किस्त आई या नहीं

अगर आप लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त का भुगतान चेक करना चाहती हैं, तो इसके लिए योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” विकल्प चुन सकती हैं। यहां आवेदन क्रमांक या सदस्य समग्र क्रमांक दर्ज करने के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी के माध्यम से भुगतान की स्थिति देखी जा सकती है। इसके अलावा लाभार्थी अपने बैंक खाते की पासबुक अपडेट करवाकर या बैंक से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए संदेश के माध्यम से भी राशि जमा होने की पुष्टि कर सकती हैं।

खाते में नहीं आई किस्त तो क्या करें

अगर पात्र होने के बावजूद 40वीं किस्त खाते में नहीं पहुंची है, तो सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन एवं भुगतान की स्थिति और आधार लिंक व डीबीटी की स्थिति जांचनी चाहिए। योजना की आधिकारिक जानकारी के अनुसार बैंक खाते का आधार से लिंक होना और डीबीटी सक्रिय होना जरूरी है। यदि आधार लिंक होने के बावजूद डीबीटी सक्रिय नहीं है, तो संबंधित बैंक शाखा में जाकर डीबीटी सक्रिय कराने का अनुरोध किया जा सकता है। इसके बाद भी समस्या बनी रहती है तो योजना की आधिकारिक हेल्प डेस्क 0755-2700800 पर संपर्क किया जा सकता है।

“लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त” के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ):

प्रश्न 1. लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त कब जारी हुई?

उत्तर: लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त 13 सितंबर 2026 को जारी की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर मालवा से सिंगल क्लिक के जरिए राशि ट्रांसफर की।

प्रश्न 2. लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त में कितने रुपए मिले हैं?

उत्तर: सितंबर की नियमित 40वीं किस्त के रूप में पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,500 रुपए ट्रांसफर किए गए हैं।

प्रश्न 3. लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त कितनी महिलाओं को मिली है?

उत्तर: 40वीं किस्त के तहत करीब 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ रुपए से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की गई है।

प्रश्न 4. लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त का स्टेटस कैसे चेक करें?

उत्तर: लाभार्थी लाड़ली बहना योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” विकल्प के माध्यम से अपनी किस्त का स्टेटस चेक कर सकती हैं। इसके लिए आवेदन क्रमांक या सदस्य समग्र क्रमांक और पंजीकृत मोबाइल नंबर की जरूरत होती है।

प्रश्न 5. लाड़ली बहना योजना की किस्त खाते में नहीं आई तो क्या करें?

उत्तर: किस्त नहीं आने पर पहले आवेदन एवं भुगतान की स्थिति और आधार लिंक व डीबीटी की स्थिति चेक करें। डीबीटी सक्रिय नहीं होने पर संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर इसे सक्रिय कराया जा सकता है।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button