35,000 निजी नलकूप लगाएगी सरकार, मिलेगी सब्सिडी
प्रकाशित - 05 Mar 2025 by Tractor Junction
जानें, बिहार बजट 2025–26 में किसानों के लिए प्रमुख घोषणाएं
Bihar Budget 2025–26 : केंद्र सरकार के बजट 2025–26 के बाद राज्य सरकारों के बजट भी पेश किए जा रहे हैं। इसके तहत बिहार सरकार के बजट 2025–26 (Bihar Budget 2025–26) में सिंचाई के लिए किसानों को 35,000 निजी नलकूप स्थापना का लक्ष्य रखा है जिस पर नियमानुसार सब्सिडी दी जाएगी। इससे किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा बजट में किसानों के लिए कई लाभकारी योजनाओं की सौगात दी गई है। बिहार बजट 2025–26 की बड़ी घोषणाओं में अरहर, मूंग, उड़द आदि फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद, सभी अनुमंडलों एवं प्रखंडों में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना, सभी प्रखंडों में तरकारी सुधा आउटलेट, बिहार खाद्य प्रसंस्करण नीति 2025, गुड़ उत्पादन के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना, नहरों के किनारे सोलर पाॅवर प्लांट, बिहार ग्रीन डेवलपमेंट फंड की स्थापना आदि शामिल है। इस बार बिहार राज्य के बजट का आकार 3 लाख 16 हजार 895 करोड़ रुपए हो गया है, जो पिछले साल के बजट से 38 हजार 169 करोड़ रुपए अधिक है। इस साल राज्य सरकार की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों के निर्माण, ग्रामीण विकास के साथ ही कृषि में सबसे अधिक खर्च किया जाएगा।
Bihar Budget 2025–26 में किसानों के लिए क्या की गई है प्रमुख घोषणाएं
- बिहार में चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत वित्तीय वर्ष 2025–26 में कृषि के विकास के लिए बिहार मिलेट मिशन का गठन और आम, मशरूम, टमाटर, आलू, प्याज आदि के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा।
- राज्य के सभी 38 जिलों में जलवायु–अनुकूल कृषि कार्यक्रम के तहत 190 गांव को जलवायु अनुकूल मॉडल कृषि गांव के रूप में विकसित किया जाएगा।
- राज्य में पोषक अनाजों पर अनुसंधान एवं प्रसार के लिए टनकुप्पा, गया तथा बिदुपुर, वैशाली में “पान के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” की स्थापना की जाएगी।
- पशुपालकों के द्वार पर पशु चिकित्सा (डोर स्टेप पशु चिकित्सा सेवा) सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य के सभी 534 प्रखंडों हेतु एक–एक “मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट” की व्यवस्था की गई है।
- “समग्र गव्य विकास योजना” के तहत राज्य के सभी वर्गों के किसानों व बेरोजगार युवक–युवतियों के लिए स्वरोजगार के सृजन एवं आय में बढ़ोतरी के लिए उन्नत नस्ल के दुधारू मवेशी /बाछी–हिफर की डेयरी यूनिट स्थापित की जाएगी।
- बिहार का दूध “सुधा” के विपणन केंद्रों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। कांफेड द्वारा राज्य के सभी प्रखंडों में बिक्री केंद्रों की स्थापना की जाएगी।
- गुड़ के लिए एक “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” की स्थापना पूसा (समस्तीपुर) में की जाएगी।
Bihar Budget 2025–26 में महिलाओं के लिए क्या की गई हैं घोषणाएं
- महिलाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए बजट में महिला चालकों को ई–रिक्शा व दो पहिया वाहनों को खरीदने के लिए नकद सब्सिडी दी जाएगी।
- महिला सिपाहियों को पोस्टिंग थाने के आसपास आवास करने के लिए राज्य सरकार की ओर से किराए पर आवास लेकर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
- पर्व त्योहारों पर विशेषकर महिलाओं द्वारा संचालित छठ पूजा के अवसर पर धार्मिक पर्यटन योजना की शुरुआत की जाएगी।
- प्राथमिकता के आधार पर महिलाओं को पर्यटन गाइड के रूप में ट्रेनिंग देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
- हर पंचायत में गरीब लड़कियों के लिए कन्या विवाह मंडप की स्थापना की जाएगी।
- महिलाओं के लिए सभी शहरों में पिंक टॉयलेट होंगे।
- पटना में व्यायामशाला की स्थापना की जाएगी जिसकी ट्रेनर महिला होगी। पटना में महिलाओं के लिए जिम ऑन व्हील होगा।
- प्रमुख शहरों में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास की स्थापना की जाएगी।
क्या है निजी नलकूप योजना बिहार
बिहार सरकार की ओर से किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सात निश्चय पार्ट–2 के “हर खेत तक सिंचाई का पानी” के तहत मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना (Mukhyamantri Niji Nalkoop Yojana) चलाई जा रही है। इस येाजना के तहत राज्य सरकार वर्गानुसार किसानों को बोरिंग मोटर पंप लगाने के लिए 50 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी देती है। इस योजना के तहत खेतों की सिंचाई के लिए 15 से 70 मीटर गहराई तक बोरिंग और 2 से 5 हॉर्स पावर के मोटर पंप पर सब्सिडी दी जाती है। योजना के तहत सामान्य वर्ग के किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है। जबकि पिछड़ा वर्ग को 70 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। इसके अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के किसानों को 80 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ प्रदान किया जाता है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें