लाड़ली बहना योजना : अब इस तारीख से खाते में आएंगे 1500 रुपए, नए रजिस्ट्रेशन भी होंगे शुरू
प्रकाशित - 04 Sep 2025 by Tractor Junction
जानें, कब से मिलेगी 1500 रुपए की आर्थिक सहायता और किन महिलाओं को मिलेगा इसका लाभ
Ladli Behna Yojana Update 2025 : महिलाओं के बीच लोकप्रिय लाड़ली बहना योजना को लेकर एक बार फिर से अच्छी खबर सामने आई है। अब लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों को हर माह 1500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अभी तक यह राशि 1250 रुपए प्रति माह थी, लेकिन अब इसे दिवाली के बाद भाई दूज से बढ़ाकर 1500 रुपए किया जाएगा। इसके साथ ही नए पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) शुरू करने की भी घोषणा की गई है, जिससे प्रदेश की कई नई महिलाएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगी।
2028 तक 3000 रुपए प्रतिमाह देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2028 तक इस योजना की राशि को बढ़ाकर 3000 रुपए प्रति माह किया जाएगा। वर्तमान में 1.26 करोड़ से अधिक महिलाएं लाड़ली बहना योजना से जुड़ी हुई हैं और हर माह उन्हें 1250 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में दी जा रही है। अक्टूबर 2025 से महिलाओं को 1500 रुपए हर महीने सीधे उनके खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे। अब तक इस योजना की 27 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और जल्द ही इस योजना से जुड़ी बहनों को 28वीं किस्त ट्रांसफर की जाएगी।
कब जारी होगी लाड़ली बहना योजना की 28वीं किस्त
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की किस्त हर महीने की 10 से 15 तारीख के बीच लाभार्थी महिलाओं को मिलती है। हालांकि इस बार किस्त की सटीक तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद है कि इसी अवधि में 28वीं किस्त की राशि जारी कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, दिवाली के बाद भाई दूज से नई बढ़ी हुई राशि 1500 रुपए लागू हो जाएगी। ऐसे में अक्टूबर के महीने से लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं को हर माह 1500 रुपए मिलने लगेंगे। बता दें कि इस बार 18 अक्टूबर को दिवाली और 23 अक्टूबर को भाई दूज का त्योहार है। संभावना है कि भाई दूज के आसपास, यानी 23 अक्टूबर के बाद लाड़ली बहना योजना की बढ़ी हुई राशि 1500 रुपए बहनों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि योजना की 29वीं किस्त इस बार निर्धारित तारीख से कुछ दिनों की देरी से जारी हो सकती है।
योजना में बीते डेढ़ साल से क्यों नहीं हुए रजिस्ट्रेशन
लाड़ली बहना योजना एमपी में बीते करीब डेढ़ साल से नए रजिस्ट्रेशन नहीं किए गए हैं। सितंबर 2023 में आखिरी बार नए नाम जोड़े गए थे, लेकिन इसके बाद विधानसभा चुनाव के कारण आचार संहिता लागू हो गई थी और पंजीकरण की प्रक्रिया ठप हो गई। इस दौरान योजना की पुरानी लाभार्थी महिलाएं जिनकी आयु 60 वर्ष पूरी हो चुकी है, उन्हें सिस्टम द्वारा स्वत: योजना से हटा दिया गया। सिर्फ जनवरी और जुलाई माह में जिनकी आयु 60 पार हो जाती है या जिनका निधन हो जाता है, उन्हें योजना से हटाया जाता है।
इस लाड़ली बहना योजना से एक माह में बाहर हुई 1.63 लाख महिलाएं
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी 2025 तक करीब 1.63 लाख महिलाओं के नाम लाड़ली बहना योजना की पात्रता सूची से हटा दिए गए हैं, क्योंकि वे 60 वर्ष की आयु पार कर चुकी थीं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी का नाम मनमाने तरीके से नहीं काटा गया, बल्कि सिस्टम द्वारा स्वत: इन नामों को हटाया गया है। इधर प्रदेश की विपक्षी पार्टी कांग्रेस का आरोप है कि सरकार धीरे-धीरे इस योजना को बंद करने की दिशा में काम कर रही है। उनका कहना है कि एक तरफ अपात्र महिलाओं के नाम हटाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नए पंजीयन शुरू नहीं किए जा रहे हैं, जिससे पात्र महिलाएं योजना से वंचित हो रही हैं।
जल्द शुरू किए जाएंगे लाड़ली बहना योजना के तहत रजिस्ट्रेशन
मुख्यमंत्री मोहन यादव और महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने स्पष्ट किया है कि लाड़ली बहना योजना किसी भी स्थिति में बंद नहीं होगी। योजना के तहत नए पंजीयन की प्रक्रिया बजट 2025-26 के बाद शुरू की जाएगी। बताया गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर और नगरीय क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर आवेदन लिए जाएंगे। हालांकि रजिस्ट्रेशन कब से शुरू होंगे, इस बारे में प्रदेश सरकार की ओर से आधिकारिक रूप से अभी तक कोई घोषणा नहीं की गई है।
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत और अब तक की प्रगति
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव 2023 से पहले की थी। योजना की शुरुआत में महिलाओं को 1000 रुपए प्रति माह दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर जुलाई 2023 में 1250 रुपए किया गया। अब एक बार फिर राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर 1500 रुपए प्रति माह करने का ऐलान किया है और 2028 तक महिलाओं को 3,000 रुपए तक की आर्थिक सहायता देने की बात कही है।
विधानसभा चुनाव में गेम चेंजर साबित हुई थी, लाड़ली बहना योजना
लाड़ली बहना योजना को मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के समय गेमचेंजर माना गया था और इसे देखते हुए अन्य राज्यों में भी ऐसी योजनाएं शुरू की गईं। हालांकि, लंबे समय से राशि में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी और रजिस्ट्रेशन भी नहीं किए जा रहे थे, जिससे लाभार्थी महिलाओं के मन में सवाल उठ रहे थे कि कहीं राज्य सरकार इस योजना को भविष्य में बंद तो नहीं कर देगी। लेकिन अब सरकार के नए ऐलान से उम्मीद की जा रही है कि योजना को बंद नहीं किया जाएगा और जल्द ही नए रजिस्ट्रेशन कर योजना से वंचित बहनों को लाभ पहुंचाया जाएगा।
लाड़ली बहना योजना से सशक्त बन रही हैं प्रदेश की महिलाएं
लाड़ली बहना योजना एक प्रभावी सामाजिक कल्याण योजना है, जिसका उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना में राशि बढ़ाने और नए नाम जोड़ने के सरकार के ऐलान से यह स्पष्ट हो गया है कि योजना जारी रहेगी और पहले से ज्यादा महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। हालांकि नए पंजीयन की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन इन सब बातों से सरकार की मंशा और दिशा दोनों साफ दिखाई दे रही है कि प्रदेश सरकार इस योजना को बंद नहीं करेगी, इसे आगे भी जारी रखा जाएगा।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें