अटल भूजल योजना: किसानों को जल्द मिलेगी ₹158 करोड़ की सब्सिडी, बजट आवंटित
प्रकाशित - 20 Sep 2026 by Vivek Tailang
कृषि विभाग की 90 करोड़ रुपये से अधिक की लंबित राशि के लिए बजट आवंटित, जानें किसानों को कब और कैसे मिलेगी सब्सिडी
राजस्थान के किसानों के लिए राहत की खबर है। अटल भूजल योजना के तहत लंबे समय से लंबित पड़ी करीब 158 करोड़ रुपये की सब्सिडी के भुगतान का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने योजना के तहत बकाया राशि का भुगतान राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (SDMF) से करने का निर्णय लिया है। इससे उन किसानों को राहत मिलेगी, जिन्होंने योजना के तहत निर्धारित कार्य पूरे कर लिए हैं, लेकिन उन्हें अब तक सब्सिडी की राशि नहीं मिल पाई थी।
17 जिलों में लागू थी अटल भूजल योजना
भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की ओर से संचालित अटल भूजल योजना राजस्थान के 17 जिलों में 1 अप्रैल 2020 से लागू की गई थी। योजना का मुख्य उद्देश्य भूजल स्तर में सुधार, जल संरक्षण और पानी के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देना था। इसके तहत किसानों को कई तरह की कृषि गतिविधियों के लिए सब्सिडी दी गई। योजना में फार्म पॉन्ड, डिग्गी, सिंचाई पाइपलाइन, कृषि यंत्र, फसल बदलाव मिनीकिट, फव्वारा, मिनी स्प्रिंकलर और ड्रिप सिंचाई जैसी गतिविधियां शामिल थीं। इन कार्यों के लिए पात्र किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार सब्सिडी मिलनी थी। हालांकि 15 अक्टूबर 2025 के बाद योजना का क्रियान्वयन बंद होने और प्रशासनिक स्वीकृतियों में देरी के कारण बड़ी संख्या में किसानों की सब्सिडी राशि लंबित रह गई।
158 करोड़ रुपये की सब्सिडी थी लंबित
अटल भूजल योजना के तहत राजस्थान में किसानों की करीब 158 करोड़ रुपये की सब्सिडी का भुगतान बाकी था। इसमें कृषि विभाग की करीब 90.91 करोड़ रुपये और उद्यानिकी विभाग की करीब 66.16 करोड़ रुपये की राशि शामिल है। सब्सिडी का भुगतान लंबित होने के कारण योजना के तहत अपने स्तर पर निवेश कर चुके किसानों को लंबे समय से राशि मिलने का इंतजार था। अब राज्य सरकार की ओर से बजट उपलब्ध कराने के फैसले से इन किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
Popular Tractors
केंद्र से किया गया था भुगतान का आग्रह
राजस्थान सरकार की ओर से लंबित सब्सिडी के भुगतान को लेकर केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय से कई बार आग्रह किया गया। मुख्यमंत्री, कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री, राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष और मुख्य सचिव स्तर से भी इस संबंध में पत्राचार और प्रयास किए गए। हालांकि योजना बंद होने और प्रशासनिक स्वीकृतियों में देरी का हवाला देते हुए केंद्र की ओर से लंबित भुगतान करने में असमर्थता जताई गई। इसके बाद राज्य स्तर पर लंबित राशि के भुगतान का रास्ता तलाशा गया।
मुख्यमंत्री ने लिया लंबित भुगतान का फैसला
किसानों की लंबित सब्सिडी को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य स्तर से भुगतान कराने का निर्णय लिया। इसके तहत राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (SDMF) से लंबित राशि जारी की जाएगी। इस निर्णय से उन किसानों को सीधे लाभ मिलेगा, जिन्होंने अटल भूजल योजना के तहत स्वीकृत कार्य पूरे कर लिए थे, लेकिन योजना के बंद होने या अन्य प्रशासनिक कारणों से उन्हें सब्सिडी का भुगतान नहीं मिल पाया।
कृषि विभाग के लिए 90.91 करोड़ रुपये का बजट आवंटित
अटल भूजल योजना की लंबित देनदारियों के भुगतान के लिए वित्त विभाग की ओर से स्वीकृति दी गई है। इसके बाद कृषि आयुक्त नरेश गोयल ने संबंधित जिला परिषदों और जिला कृषि अधिकारियों को बजट आवंटन के आदेश जारी किए हैं। अधिकारियों को पात्र किसानों का सत्यापन जल्द पूरा करने और भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल कृषि विभाग से संबंधित करीब 90.91 करोड़ रुपये की लंबित राशि के भुगतान के लिए बजट आवंटित किया गया है। वहीं उद्यानिकी विभाग की करीब 66.16 करोड़ रुपये की बकाया राशि के भुगतान के लिए भी अलग से कार्रवाई की जा रही है।
किन किसानों को मिलेगा लाभ
अटल भूजल योजना के तहत जिन पात्र किसानों ने फार्म पॉन्ड, डिग्गी, ड्रिप सिंचाई, स्प्रिंकलर, सिंचाई पाइपलाइन, कृषि यंत्र या अन्य स्वीकृत कार्य पूरे किए थे और उनकी सब्सिडी अभी तक लंबित थी, उन्हें इस निर्णय का लाभ मिलेगा। राजस्थान सरकार के अनुसार पात्र किसानों के सत्यापन और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद लंबित सब्सिडी का भुगतान किया जाएगा। इससे किसानों को उनके किए गए निवेश की लंबित राशि प्राप्त होगी और साथ ही जल संरक्षण व सूक्ष्म सिंचाई आधारित खेती को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
“अटल भूजल योजना के तहत लंबित सब्सिडी” के संबंध में पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQs):
प्रश्न 1. अटल भूजल योजना के तहत राजस्थान के किसानों को कितनी सब्सिडी मिलेगी?
उत्तर: अटल भूजल योजना के तहत राजस्थान में किसानों की करीब ₹158 करोड़ की सब्सिडी राशि लंबित है, जिसके भुगतान का रास्ता साफ किया गया है।
प्रश्न 2. अटल भूजल योजना राजस्थान के कितने जिलों में लागू थी?
उत्तर: अटल भूजल योजना राजस्थान के 17 जिलों में 1 अप्रैल 2020 से लागू थी।
प्रश्न 3. अटल भूजल योजना में किन कृषि कार्यों पर सब्सिडी दी गई थी?
उत्तर: योजना के तहत फार्म पॉन्ड, डिग्गी, सिंचाई पाइपलाइन, कृषि यंत्र, फव्वारा, मिनी स्प्रिंकलर, ड्रिप सिंचाई और फसल बदलाव मिनीकिट जैसी गतिविधियों पर सब्सिडी दी गई थी।
प्रश्न 4. अटल भूजल योजना की कितनी राशि कृषि विभाग की लंबित है?
उत्तर: कृषि विभाग की करीब ₹90.91 करोड़ की सब्सिडी राशि लंबित थी, जिसके भुगतान के लिए बजट आवंटित किया गया है।
प्रश्न 5. अटल भूजल योजना की लंबित सब्सिडी का लाभ किन किसानों को मिलेगा?
उत्तर: जिन पात्र किसानों ने योजना के तहत स्वीकृत कार्य पूरे कर लिए थे और उनकी सब्सिडी लंबित थी, सत्यापन और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें भुगतान किया जाएगा।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें