अन्नपूर्णा योजना 2026: पोर्टल लॉन्च, हर माह 3,000 रुपये पाने के लिए ऐसे डाउनलोड करें आवेदन फॉर्म
प्रकाशित - 31 May 2026 by Vivek Tailang
पोर्टल शुरू होने के बाद आवेदन प्रक्रिया तेज, पात्र लाभार्थी हर महीने 3,000 रुपये की सहायता पाने के लिए ऑनलाइन फॉर्म डाउनलोड कर कर सकते हैं आवेदन
पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य की महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से अन्नपूर्णा योजना 2026 के आवेदन फॉर्म उपलब्ध करा दिए हैं। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार ने इसे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह योजना राज्य में पहले से संचालित लक्ष्मीर भंडार योजना से जुड़ी व्यवस्था में बदलाव ला सकती है, जिसे वर्ष 2021 में शुरू किया गया था। सरकार ने अन्नपूर्णा पोर्टल भी लॉन्च कर दिया है, जहां राज्य की पात्र महिलाएं आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरा करने के लिए 90 दिन की समय सीमा निर्धारित
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का दायरा काफी बड़ा है और पूरे राज्य में लाखों महिलाओं को इससे जोड़ना है। इसी वजह से सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 90 दिनों की समय-सीमा तय की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है क्योंकि पर्याप्त समय दिया गया है। जब तक नई योजना पूरी तरह लागू नहीं हो जाती, तब तक मौजूदा लक्ष्मीर भंडार योजना के लाभार्थियों को पहले की तरह आर्थिक सहायता मिलती रहेगी।
कैसे डाउनलोड करें अन्नपूर्णा योजना आवेदन फार्म
- आवेदन फाॅर्म डाउनलोड करने के लिए आवेदकों को सबसे पहले अन्नपूर्णा योजना पोर्टल लिंक https://socialsecurity.wb.gov.in/login पर जाना होगा।
- यहां आपको अन्नपूर्णा योजना का फॉर्म डाउनलोड करने का विकल्प दिखाई देगा।
- यहां आवेदक अपनी सुविधा के अनुसार हिंदी, अंग्रेजी या बंगाली भाषा का चयन कर सकते हैं और फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।
- फॉर्म डाउनलोड करने के बाद उसे भरने से पहले सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
- इसके बाद आवेदक को मांगी गई सभी जानकारी सही-सही दर्ज करनी होगी।
फॉर्म में भरनी होगी ये जानकारी
आवेदन फॉर्म काफी विस्तृत है और इसमें आवेदकों से कई जरूरी जानकारियां मांगी गई हैं। इसमें परिवार के मुखिया (HOF) का नाम, जन्मतिथि, लिंग, आधार नंबर, डिजिटल राशन कार्ड से जुड़ी हाउसहोल्ड आईडी (यदि उपलब्ध हो), परिवार के सदस्यों की संख्या, पूरा पता, मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी भरनी होगी। इसके अलावा आवेदक को ईपीआईसी (वोटर आईडी) विवरण, पैन कार्ड की जानकारी, रोजगार का प्रकार, परिवार का कोई सदस्य आयकर या प्रोफेशनल टैक्स देता है या नहीं, परिवार के वयस्क सदस्यों की शैक्षणिक जानकारी, वार्षिक पारिवारिक आय और अन्य संबंधित जानकारियां भी देनी होंगी।
Popular Tractors
कहां जमा कराएं अन्नपूर्णा योजना फाॅर्म
सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को ज्यादा से ज्यादा सरल बनाने के लिए इसे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराया है। पंचायत और नगर पालिका क्षेत्रों में स्थानीय निकाय इस प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सुपरवाइजर घर-घर जाकर आवेदन फॉर्म एकत्र करेंगे ताकि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की महिलाओं को परेशानी न हो। इसके अलावा नव-निर्वाचित विधायक भी इस अभियान में सरकार की मदद करेंगे। राज्य सरकार ने 15 जून से 17 जून तक पूरे पश्चिम बंगाल में ‘जनकल्याण शिविर’ आयोजित करने की घोषणा की है, जहां लोग अपने आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर अधिकारियों से सहायता भी ले सकेंगे।
कौन कर सकता है योजना में आवेदन (अन्नपूर्णा योजना के लिए पात्रता और शर्तें)
अन्नपूर्णा योजना में आवेदन के लिए कुछ पात्रता और शर्ते भी तय की गई है। यह पात्रता और शर्ते इस प्रकार से हैं:
- 19 मई 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार आवेदन करने वाली महिला की आयु 25 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- आवेदक किसी स्थायी सरकारी नौकरी में कार्यरत नहीं होना चाहिए।
- इसके साथ ही आवेदक को केंद्र सरकार, पश्चिम बंगाल सरकार, किसी वैधानिक निकाय, सरकारी उपक्रम, पंचायत, नगर निकाय या स्थानीय प्राधिकरण से नियमित वेतन या पेंशन नहीं मिलनी चाहिए।
- सरकारी सहायता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत शिक्षक और गैर-शिक्षक कर्मचारी भी इसके लिए पात्र नहीं होंगे।
- आवेदक आयकरदाता नहीं होना चाहिए।
महिलाओं तय समय के भीतर पूरी करें आवेदन प्रक्रिया
राज्य सरकार का कहना है कि अन्नपूर्णा योजना पश्चिम बंगाल की महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा का बड़ा सहारा बनेगी। हर महीने मिलने वाली 3,000 रुपये की सहायता राशि घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगी। सरकार ने पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे तय समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें ताकि योजना का लाभ जल्द मिल सके।
अन्नपूर्णा योजना 2026: पोर्टल से आवेदन फॉर्म डाउनलोड करने के संबंध में पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ):
प्रश्न 1. पश्चिम बंगाल अन्नपूर्णा योजना 2026 क्या है?
उत्तर: यह पश्चिम बंगाल सरकार की नई योजना है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
प्रश्न 2. अन्नपूर्णा योजना 2026 के लिए कौन आवेदन कर सकता है?
उत्तर: 25 से 60 वर्ष की पश्चिम बंगाल की पात्र महिलाएं आवेदन कर सकती हैं, जो आयकरदाता न हों और किसी स्थायी सरकारी नौकरी में कार्यरत न हों।
प्रश्न 3. अन्नपूर्णा योजना का आवेदन फॉर्म कैसे डाउनलोड करें?
उत्तर: आवेदक पश्चिम बंगाल सोशल सिक्योरिटी पोर्टल पर जाकर हिंदी, अंग्रेजी या बंगाली भाषा में आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।
प्रश्न 4. क्या आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है?
उत्तर: हां, आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार किए जाएंगे।
प्रश्न 5. आवेदन प्रक्रिया कितने दिनों तक चलेगी?
उत्तर: सरकार ने आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए 90 दिनों की समय-सीमा तय की है।
प्रश्न 6. आवेदन फॉर्म जमा कहां किया जा सकता है?
उत्तर: फॉर्म पंचायत, नगर पालिका कार्यालयों और 15 से 17 जून तक आयोजित जनकल्याण शिविरों में जमा किए जा सकते हैं।
प्रश्न 7. आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?
उत्तर: आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, वोटर आईडी, पैन कार्ड (यदि हो), राशन कार्ड और आय संबंधी विवरण जरूरी हो सकते हैं।
प्रश्न 8. क्या मौजूदा लक्ष्मीर भंडार योजना बंद हो जाएगी?
उत्तर: नई योजना पूरी तरह लागू होने तक लक्ष्मीर भंडार योजना के लाभार्थियों को पहले की तरह सहायता मिलती रहेगी।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें