ई-कृषि यंत्र अनुदान योजना 2026: स्प्रेयर, रीपर, प्लांटर समेत कृषि यंत्रों पर 50% तक सब्सिडी, आवेदन शुरू
प्रकाशित - 05 Oct 2026
by Vivek Tailang
स्प्रेयर, रीपर, प्लांटर समेत कृषि यंत्रों पर सब्सिडी का लाभ, एग्री-स्टैक फार्मर आईडी अनिवार्य, जानें धरोहर राशि, पात्रता और आवेदन की पूरी प्रक्रिया
मध्य प्रदेश में कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ लेने के इच्छुक किसानों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य के ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके तहत किसान 3 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र किसानों का चयन 14 अक्टूबर 2026 को लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
इस बार किसानों को फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर, बूम टाइप स्प्रेयर, स्वचालित रीपर, ट्रैक्टर चालित रीपर, शुगरकेन रेटून मैनेजर, रिजर और ब्रॉड बेड फरो-प्लांटर जैसे कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा। आवेदन के साथ निर्धारित धरोहर राशि का डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) जमा करना अनिवार्य है। बिना धरोहर राशि के आवेदन मान्य नहीं होगा।
इन कृषि यंत्रों के लिए मांगे गए हैं आवेदन
किसान निम्न कृषि यंत्रों के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक यंत्र के लिए अलग-अलग धरोहर राशि निर्धारित की गई है। ध्यान रहे यह राशि आवेदन के लिए निर्धारित धरोहर राशि है, इसे कृषि यंत्र पर मिलने वाली सब्सिडी न समझें। अलग–अलग कृषि यंत्रों के लिए धरोहर राशि इस प्रकार से हैं:
Popular Tractors
| कृषि यंत्र | धरोहर राशि |
|---|---|
| फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर | ₹5,500 |
| स्वचालित हाई ग्राउंड क्लियरेंस स्प्रेयर-बूम टाइप | ₹15,000 |
| रीपर-स्वचालित | ₹2,300 |
| रीपर-ट्रैक्टर चालित | ₹2,300 |
| शुगरकेन रेटून मैनेजर | ₹5,000 |
| रिजर | ₹2,500 |
| ब्रॉड बेड फरो-प्लांटर | ₹3,000 |
किसान के नाम से बनवाना होगा डिमांड ड्राफ्ट
आवेदन के साथ निर्धारित राशि का डिमांड ड्राफ्ट संबंधित जिले के सहायक कृषि यंत्री के नाम जमा करना होगा। यह डीडी किसान के स्वयं के बैंक खाते से बनवाया जाना जरूरी है। डीडी बनवाने से पहले किसान अपने जिले के अधिकारी का सही पदनाम और विभाग की ओर से निर्धारित विवरण जरूर जांच लें। आवेदन करते समय डीडी की स्कैन प्रति भी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। धरोहर राशि का डीडी उपलब्ध नहीं होने पर आवेदन मान्य नहीं होगा।
जिले वार जिले के सहायक कृषि यंत्री की सूची देखने के लिए यहां क्लिक करें।
कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत तक मिलेगी सब्सिडी
कृषि यंत्रों पर किसानों को सब-मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (एसएमएएम) योजना के तहत अनुदान दिया जाएगा। लघु, सीमांत, महिला तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों को कृषि यंत्र की कुल लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान मिल सकता है। वहीं, अन्य सामान्य वर्ग के किसानों को 40 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी। हालांकि, वास्तविक अनुदान राशि संबंधित कृषि यंत्र की निर्धारित सीमा और किसान की पात्रता के आधार पर तय होगी। किसान पोर्टल पर उपलब्ध सब्सिडी कैलकुलेटर के माध्यम से अपने लिए संभावित अनुदान राशि की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
एग्री-स्टैक फार्मर आईडी हुई अनिवार्य
इस बार आवेदन प्रक्रिया में एग्री-स्टैक फार्मर आईडी को अनिवार्य किया गया है। पोर्टल पर किसान की भूमि संबंधी जानकारी लिंक करने के लिए यह आईडी जरूरी है। जिन किसानों के पास अभी फार्मर आईडी नहीं है, वे ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल या एग्री-स्टैक पोर्टल पर पंजीयन कर इसे प्राप्त कर सकते हैं।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के लिए आवेदन करते समय किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इनमें एग्री-स्टैक फार्मर आईडी, आधार कार्ड की प्रति, बैंक पासबुक के पहले पृष्ठ की प्रति, भूमि की बी-1 की प्रति और निर्धारित धरोहर राशि का स्कैन डीडी शामिल है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के किसानों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र देना होगा। वहीं, ट्रैक्टर चालित कृषि यंत्रों के लिए ट्रैक्टर का रजिस्ट्रेशन कार्ड भी आवश्यक होगा।
ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर ऐसे करें आवेदन
किसान ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल farmer.mpdage.org पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पहले से पंजीकृत किसान आधार ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर आवेदन कर सकते हैं। नए आवेदकों को पहले एमपी ऑनलाइन या कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर बायोमैट्रिक आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से पंजीयन कराना होगा। इसके बाद किसान संबंधित कृषि यंत्र का चयन करके आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में मांगी गई जानकारी भरने के साथ जरूरी दस्तावेज और निर्धारित डीडी की स्कैन प्रति अपलोड करनी होगी।
14 अक्टूबर को होगी लॉटरी
ई-कृषि यंत्र अनुदान योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर 2026 है। इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया जाएगा। केवल आवेदन करने से अनुदान मिलना सुनिश्चित नहीं होगा। चयन और आगे की प्रक्रिया विभागीय नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी। योजना से जुड़ी पात्रता, दस्तावेज या आवेदन में किसी तरह की परेशानी होने पर किसान अपने ब्लॉक या जिला कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
“स्प्रेयर, रीपर, प्लांटर समेत कृषि यंत्रों पर 50% तक सब्सिडी” के संबंध में पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ):
प्रश्न 1. मध्य प्रदेश में कृषि यंत्रों पर कितनी सब्सिडी मिल रही है?
उत्तर:लघु, सीमांत, महिला और एससी/एसटी किसानों को कृषि यंत्रों की लागत पर 50% तक सब्सिडी मिल सकती है। अन्य सामान्य वर्ग के किसानों को 40% तक अनुदान दिया जाएगा।
प्रश्न 2. ई-कृषि यंत्र अनुदान योजना 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख क्या है?
उत्तर:किसान 13 अक्टूबर 2026 तक ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
प्रश्न 3. कृषि यंत्र अनुदान के लिए एग्री-स्टैक फार्मर आईडी जरूरी है क्या?
उत्तर:हां, इस बार कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए एग्री-स्टैक फार्मर आईडी अनिवार्य की गई है।
प्रश्न 4. कृषि यंत्र अनुदान के आवेदन के साथ DD क्यों देना होगा?
उत्तर:आवेदन के साथ संबंधित कृषि यंत्र के अनुसार निर्धारित धरोहर राशि का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना अनिवार्य है। बिना DD के आवेदन मान्य नहीं होगा।
प्रश्न 5. कृषि यंत्र अनुदान के लिए लॉटरी कब होगी?
उत्तर:आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 अक्टूबर 2026 को लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया जाएगा।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।