मार्च महीने में आम की फसल में डाले यह खाद, मजबूत होंगे फल
प्रकाशित - 21 Mar 2026
by Vivek Tailang
जानें, मार्च महीने में किसान आम की फसल में किस खाद का कितना करें उपयोग
आम की अच्छी पैदावार के लिए सही समय पर सही खाद का उपयोग बेहद जरूरी होता है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, मार्च का महीना आम के पेड़ों के लिए सबसे अहम होता है, क्योंकि इसी समय बौर (फूल) फल में बदलने लगते हैं। अगर इस दौरान संतुलित पोषण नहीं दिया जाए, तो फूल झड़ सकते हैं और उत्पादन पर सीधा असर पड़ता है। इसलिए किसानों को इस समय खाद प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
मार्च में कौन-सी खाद डालें और कितना करें उपयोग
मार्च के महीने में आम के पेड़ों को संतुलित पोषण देने के लिए जैविक और रासायनिक दोनों प्रकार की खाद का उपयोग करना फायदेमंद माना जाता है।
जैविक खाद का उपयोग
सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट का इस्तेमाल करें इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और जड़ों को मजबूती मिलती है।
सूक्ष्म पोषक तत्वों का छिड़काव
बोरॉन, जिंक और मैग्नीशियम का स्प्रे करें। इससे फूल मजबूत बनते हैं और झड़ने की समस्या कम होती है
पोटाश युक्त खाद का उपयोग
एनपीके (NPK) 13:00:45 या पोटैशियम नाइट्रेट का उपयोग करें, 3 ग्राम खाद प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करें। इस खाद के इस्तेमाल से एक मंजर (फूलों का गुच्छा) से 8–10 आम तक लगने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे उत्पादन में सीधा फायदा मिलता है।
क्यों जरूरी है मार्च में सही पोषण
मार्च के दौरान पेड़ों पर बौर से छोटे-छोटे फल बनने लगते हैं। यह सबसे संवेदनशील समय होता है। पोषण की कमी होने पर फूल झड़ सकते हैं। फल छोटे और कमजोर रह सकते हैं जिससे उत्पादन में भारी गिरावट आ सकती है। इसलिए इस समय सही खाद और पोषक तत्व देना बेहद जरूरी है।
सिंचाई का रखें खास ध्यान
मार्च के महीने में सिंचाई भी संतुलित मात्रा में करनी चाहिए। बौर आने के समय अधिक पानी देने से बचना चाहिए। ज्यादा सिंचाई से नई पत्तियां निकलने लगती हैं, जिससे फूल कमजोर हो जाते हैं। वहीं जब छोटे फल (मटर के दाने जितने) दिखाई दें, तब हल्की सिंचाई शुरू करनी चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, ड्रिप सिंचाई इस समय सबसे बेहतर तरीका है, जिससे पानी की बचत होती है और जड़ों तक सही नमी पहुंचती है।
कीट और बीमारियों से बचाव जरूरी
मौसम में बदलाव के कारण मार्च में आम के पेड़ों पर कीट और रोगों का खतरा बढ़ जाता है। इसे मधुआ, गुझिया और हॉपर जैसे कीट फूलों को नुकसान पहुंचाते हैं। झुलसा रोग भी फसल को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में समय पर स्प्रे करना जरूरी है और दवाओं का उपयोग भी लेकिन इसका इस्तेमाल कृषि विशेषज्ञ की सलाह से ही करना चाहिए।
मल्चिंग से मिलेगा फायदा
पेड़ों के नीचे सूखी घास, पत्तियां या प्लास्टिक बिछाकर मल्चिंग करना लाभदायक होता है। मिट्टी की नमी लंबे समय तक बनी रहती है, खरपतवार कम उगते हैं और जड़ों को बेहतर वातावरण मिलता है।
हल्की छंटाई भी है जरूरी
यदि पेड़ों की टहनियां ज्यादा घनी हो गई हैं, तो सूखी या बीमार शाखाओं को हल्का काट देना चाहिए। इससे धूप और हवा अंदर तक पहुंचती है और फल बेहतर गुणवत्ता के बनते हैं। ध्यान रखें कि इस समय भारी छंटाई न करें, क्योंकि पेड़ फूल और फल बनने की अवस्था में होता है।
आम की खेती से बेहतर मुनाफा
अगर किसान मार्च के महीने में आम के पेड़ों को सही खाद, संतुलित सिंचाई और उचित देखभाल दें, तो न केवल फूल झड़ने से बचाए जा सकते हैं, बल्कि उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में सुधार किया जा सकता है। खास बात यह है कि पोटाश युक्त खाद और सूक्ष्म पोषक तत्वों का सही उपयोग इस समय सबसे ज्यादा असरदार साबित होता है। इस तरह थोड़ी सी सावधानी और सही तकनीक अपनाकर किसान आम की खेती से बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।