मक्का भाव में तेजी के संकेत! नई फसल की आवक, CBOT और ग्लोबल ट्रेड का बाजार पर असर
प्रकाशित - 22 Sep 2026 by Vivek Tailang
नई फसल की आवक बढ़ने के बावजूद क्वालिटी मक्का में मजबूती, सीबीओटी की तेजी और ग्लोबल ट्रेड में बदलाव से घरेलू बाजार को मिला रहा सहारा
मक्का बाजार में इन दिनों नई फसल की आवक बढ़ने के साथ बाजार पर दबाव देखने को मिल रहा है, लेकिन अच्छी क्वालिटी के मक्का की मांग मजबूत बनी हुई है। 22 सितंबर 2026 की बाजार रिपोर्ट के अनुसार, नई फसल के मक्का का भाव करीब ₹1,400 से ₹1,835 प्रति क्विंटल के दायरे में बताया गया है। वहीं प्लांट-क्वालिटी मक्का में ₹2,500 से ₹2,780 और दक्षिण भारत में नई फसल मक्का का भाव करीब ₹2,810 से ₹2,920 प्रति क्विंटल बताया गया है।
इधर अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मक्का को लेकर गतिविधियां बढ़ी हैं। सीबीओटी (शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड) में मक्का वायदा में तेजी के संकेतों के बीच वैश्विक सप्लाई और ट्रेड फ्लो में बदलाव का असर बाजार पर दिखाई दे रहा है। रॉयटर्स की 17 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार, 2026/27 में वैश्विक मक्का उत्पादन और खपत के बीच करीब 3 करोड़ टन का अंतर रहने का USDA अनुमान है, जो तीन दशक से अधिक समय में सबसे बड़ा अंतर बताया गया है।
क्या है सीबीओटी (CBOT)
सीबीओटी यानी शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड, अमेरिका के शिकागो में स्थित प्रमुख कमोडिटी वायदा बाजार है। यहां मक्का, सोयाबीन और गेहूं सहित कई कृषि जिंसों के फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट में कारोबार होता है। ऐसे में जब सीबीओटी में मक्का वायदा में तेजी आती है, तो इसका असर वैश्विक मक्का बाजार के रुझान पर भी देखा जा सकता है।
Popular Tractors
नई फसल की आवक से सामान्य मक्का पर दबाव
नई फसल की आवक शुरू होने से सामान्य क्वालिटी के मक्का पर दबाव बना हुआ है। मक्का बाजार की रिपोर्ट के अनुसार बिहार की प्रमुख मंडियों में मक्का के भाव करीब ₹2,300 से ₹2,540 प्रति क्विंटल तक बताए गए हैं। वहीं मध्य प्रदेश में अलग-अलग मंडियों के भाव करीब ₹1,475 से ₹2,550 तक नजर आ रहे हैं। महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के बाजारों में भी मक्का के भाव क्वालिटी और मंडी के अनुसार अलग-अलग रहे। रिपोर्ट में महाराष्ट्र की कुछ मंडियों में भाव ₹2,740 से ₹2,685 के आसपास तथा दक्षिण भारत की प्रमुख मंडियों में करीब ₹2,630 से ₹2,900 तक के भाव दर्ज किए गए हैं। इससे साफ है कि मक्का बाजार में इस समय केवल नई फसल की आवक ही भाव तय नहीं कर रही है, बल्कि क्वालिटी, प्लांट की मांग, स्थानीय खपत और निर्यात बाजार भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
प्लांट-क्वालिटी मक्का की मांग मजबूत
मक्का के बाजार में प्लांट-क्वालिटी की मांग सामान्य मक्का की तुलना में मजबूत दिखाई दे रही है। रिपोर्ट में प्लांट-क्वालिटी मक्का का भाव ₹2,500 से ₹2,780 प्रति क्विंटल बताया गया है। मक्का की मांग पोल्ट्री फीड, पशु आहार और स्टार्च उद्योग के साथ-साथ एथेनॉल उत्पादन से भी जुड़ी है। ऐसे में अच्छी क्वालिटी के मक्का की औद्योगिक मांग बाजार को नीचे आने से रोकने में मदद कर सकती है।
सीबीओटी की तेजी से ग्लोबल बाजार को सहारा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सीबीओटी मक्का वायदा भी इस समय बाजार की नजर में है। मक्का बाजार रिपाेर्ट के अनुसार दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट करीब 5.43 डॉलर प्रति बुशल, मार्च कॉन्ट्रैक्ट 5.56 डॉलर, मई कॉन्ट्रैक्ट 5.63 डॉलर और जुलाई कॉन्ट्रैक्ट करीब 5.66 डॉलर प्रति बुशल बताया गया है। रिपोर्ट में इन कॉन्ट्रैक्ट्स में लगभग 14-15 प्रतिशत की तेजी का संकेत दिया गया है। वैश्विक स्तर पर मक्का की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ने का असर वायदा बाजार पर पड़ा है। रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिका में बड़ी फसल के बावजूद वैश्विक उत्पादन-खपत संतुलन को लेकर बाजार में चिंता बनी हुई है।
अर्जेंटीना की बढ़ती मक्का बिक्री से बदला ग्लोबल ट्रेड
ग्लोबल ट्रेड में अर्जेंटीना इस समय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रॉयटर्स की 9 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त और सितंबर में अर्जेंटीना का मक्का निर्यात 1 करोड़ टन तक पहुंचने का अनुमान है। इसकी वजह मजबूत फसल और अंतरराष्ट्रीय मांग है। यूक्रेन से सप्लाई में व्यवधान और यूरोप में मौसम से फसलों को हुए नुकसान के कारण खरीदार अर्जेंटीना की ओर रुख कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अर्जेंटीना की 2025/26 मक्का फसल करीब 7.17 करोड़ टन रहने का अनुमान है। साथ ही ब्राजील में घरेलू एथेनॉल मांग बढ़ने से वहां निर्यात के लिए उपलब्ध मक्का पर असर पड़ा है, जिससे अर्जेंटीना को वैश्विक बाजार में अधिक हिस्सेदारी मिलने का अवसर मिला है।
अमेरिका से भी मक्का निर्यात की मांग
अमेरिकी मक्का की ग्लोबल ट्रेड में भी अच्छी हिस्सेदारी बनी हुई है। USDA की 11 सितंबर की जानकारी के अनुसार, अमेरिकी निजी निर्यातकों ने मेक्सिको के लिए 2.64 लाख टन मक्का की बिक्री 2026/27 मार्केटिंग ईयर में डिलीवरी के लिए दर्ज की थी। इससे संकेत मिलता है कि वैश्विक खरीदारों की मक्का मांग बनी हुई है और अमेरिका, अर्जेंटीना तथा अन्य प्रमुख निर्यातक देशों के बीच सप्लाई को लेकर प्रतिस्पर्धा जारी है।
आगे मक्का को लेकर क्या रह सकता है बाजार का रुख
घरेलू मक्का बाजार में आगे भाव की दिशा मुख्य रूप से नई फसल की आवक, मक्का की क्वालिटी, प्लांटों की खरीद, एथेनॉल की मांग और निर्यात कारोबार पर निर्भर करेगी। नई फसल की आवक बढ़ने से सामान्य मक्का पर दबाव रह सकता है, लेकिन अच्छी क्वालिटी और औद्योगिक मांग वाले मक्का में मजबूती बनी रह सकती है। वहीं ग्लोबल बाजार में अमेरिका की फसल, अर्जेंटीना का निर्यात, ब्राजील की घरेलू खपत और यूक्रेन की सप्लाई स्थिति महत्वपूर्ण फैक्टर रहेंगे। इसलिए किसानों और कारोबारियों के लिए मंडी भाव के साथ-साथ सीबीओटी और अंतरराष्ट्रीय मक्का ट्रेड पर नजर रखना भी जरूरी होगा।
“मक्का बाजार में मजबूती के संकेत और भाव में तेजी” के संबंध में पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ):
प्रश्न 1. आज मक्का का भाव क्या है?
उत्तर: 22 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार नई फसल के मक्का का भाव करीब 1,400 से 1,835 रुपए प्रति क्विंटल बताया गया है। प्लांट-क्वालिटी मक्का के भाव 2,500 से 2,780 रुपए प्रति क्विंटल तक रहे।
प्रश्न 2. क्या मक्का के भाव में तेजी के संकेत हैं?
उत्तर: मक्का बाजार में तेजी के कुछ संकेत दिखाई दे रहे हैं। प्लांट-क्वालिटी मक्का की मांग, सीबीओटी में तेजी और ग्लोबल ट्रेड में बदलाव बाजार को सहारा दे रहे हैं।
प्रश्न 3. CBOT में मक्का का भाव कितना है?
उत्तर: रिपोर्ट के अनुसार दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट करीब 5.43 डॉलर प्रति बुशल, मार्च कॉन्ट्रैक्ट 5.56 डॉलर और मई कॉन्ट्रैक्ट करीब 5.63 डॉलर प्रति बुशल रहा।
प्रश्न 4. नई फसल की आवक का मक्का भाव पर क्या असर है?
उत्तर: नई फसल की आवक बढ़ने से सामान्य क्वालिटी के मक्का पर दबाव बन सकता है। हालांकि अच्छी क्वालिटी के मक्का की मांग मजबूत रहने पर इसके भाव को सहारा मिल सकता है।
प्रश्न 5. ग्लोबल ट्रेड का मक्का बाजार पर क्या असर पड़ रहा है?
उत्तर: अमेरिका, अर्जेंटीना, ब्राजील और यूक्रेन जैसे प्रमुख मक्का उत्पादक देशों की सप्लाई और निर्यात गतिविधियां ग्लोबल बाजार को प्रभावित कर रही हैं। इसका असर घरेलू मक्का बाजार की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें