न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद : इस राज्य में 23 सितंबर से शुरू होगी धान की खरीद
प्रकाशित - 16 Sep 2024 by Tractor Junction
जानें, धान खरीद की क्या की गई है व्यवस्था और किस कीमत होगी खरीद
किसानों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य मिल सके और बाजार में आई गिरावट से होने वाले नुकसान से उन्हें बचाया जा सके। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य (Minimum Support Price) पर फसलों की खरीद की जाती है। इस योजना के तहत हर साल फसलों की बुवाई से पहले केंद्र सरकार किसानों के लिए रबी व खरीफ विपणन सीजन के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) जारी करती है और इसी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर ही किसानों से फसलों की खरीद की जाती है। इस साल खरीफ सीजन के लिए एमएसपी (MSP) की घोषणा सरकार ने कर दी हे। ऐसे में राज्य के किसानों से 23 सितंबर 2024 से धान की खरीद शुरू की जाएगी। जिन किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है उन किसानों से ही धान की खरीद की जाएगी। प्रदेश में एमएसपी पर धान खरीदी का काम 15 नवंबर 2024 तक जारी रहेगा।
राज्य में क्या रहेगी धान खरीद के लिए व्यवस्था
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के तहत केंद्रीय और राज्य पूल के लिए 60 लाख मीट्रिक टन धान और 3.83 लाख मीट्रिक टन बाजरे की खरीद की जाएगी। इसे देखते हुए हरियाणा सरकार की ओर से धान खरीद के लिए तैयारी पूरी कर ली गई। इसके लिए प्रदेश में 241 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इस साल राज्य में 84 लाख टन धान उत्पादन का अनुमान लगाया गया है, ऐसे में धान की बंपर खरीद की उम्मीद है। किसानों को समय पर धान खरीद का भुगतान किया जाए इसका भी ध्यान रखा गया है। धान खरीद की भुगतान राशि सीधे किसानों के खाते में ट्रांसफर की जाएगी। इसके अलावा राज्य सरकार ने खरीफ फसलों के लिए मंडियों में बारदाने और भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था की है। सभी खरीद केंद्रों पर हेल्प डेस्क, शेड, पेयजल व शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मंडियों में सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक वे ब्रिज लगाने के आदेश भी दिए गए हैं।
इस साल राज्य में कितनी हुई है धान की बुवाई
इस साल प्रदेश में धान की बुवाई 14.63 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में की गई है। जबकि बाजरे की बुवाई 4.44 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में की गई है जिसका 10.78 लाख मीट्रिक टन उत्पादन होने का अनुमान है। मक्का की बुवाई 0.07 लाख हैक्टेयर में की गई है, जिसका 0.23 लाख मीट्रिक टन उत्पादन होने का अनुमान है। इस तरह धान के अलावा किसानों से बाजरा, मक्का व मूंग की खरीद भी एमएसपी (MSP) पर की जाएगी।
बाजारा, मक्का व मूंग की कब होगी एमएसपी पर खरीद
श्री अन्न व दलहन की खेती को बढ़ावा दिए जाने से प्रदेश में बाजरा, मक्का व मूंग का भी बेहतर उत्पादन होने का अनुमान है। ऐसे में राज्य सरकार इन फसलों की भी एमएसपी पर खरीद करेगी। इसमें बाजरा और मूंग की खरीद एक अक्टूबर से 15 नवंबर तक की जाएगी। बाजरा के लिए 91 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इस साल प्रदेश में बाजरा की बुवाई 4.44 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में की गई है और इसका 10.78 लाख मीट्रिक टन उत्पादन होने का अनुमान है। मूंग की खरीद के लिए 38 खरीद केंद्र खोले गए हैं। इसके अलावा मक्का की खरीद 20 सितंबर से शुरू होगी जो 15 नवंबर तक चलेगी। मक्का की बुवाई 0.07 लाख हैक्टेयर में की गई है जिससे 0.23 लाख मीट्रिक टन उत्पादन होने का अनुमान है। मक्का की खरीद के लिए 19 खरीद केंद्र खोले गए हैं।
क्या है 2024 के लिए खरीफ फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP)
केंद्र सरकार की ओर से प्रत्येक रबी और खरीफ सीजन में बुवाई से पूर्व उनका न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) घोषित किया जाता है। इसमें रबी की 6 और खरीफ की 14 फसलों का एमएसपी घोषित किया जाता है। इस खरीफ सीजन के लिए धान सहित अन्य फसलों का एमएसपी इस प्रकार है-
- सामान्य धान के लिए एमएसपी- 2300 रुपए प्रति क्विंटल
- ग्रेड ए किस्म के धान के लिए एमएसपी- 2320 रुपए प्रति क्विंटल
- बाजरे के लिए एमएसपी- 2625 रुपए प्रति क्विंटल
- मक्का के लिए एमएसपी- 2225 रुपए प्रति क्विंटल
- मूंग के लिए एमएसपी- 8682 रुपए प्रति क्विंटल
एमएसपी पर फसल बेचने में आ रही समस्या समाधान के लिए कहां करें संपर्क
यदि प्रदेश के किसानों को एमएसपी पर फसल के विक्रय से संबंधित कोई समस्या आ रही है तो उसके समाधान के लिए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, पंचकूला के कार्यालय में हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। यहां किसान संपर्क करके अपनी समस्या का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों जॉन डियर ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें