किसानों के लिए बड़ी योजना: ₹6 लाख तक कृषि ऋण 6% ब्याज पर, 5% ब्याज सब्सिडी देगी सरकार
प्रकाशित - 17 Sep 2026 by Vivek Tailang
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत मिलेगा कृषि ऋण, 5% ब्याज सब्सिडी देगी सरकार, ₹384 करोड़ मंजूर
उत्तर प्रदेश के लघु और सीमांत किसानों के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 15 सितंबर 2026 को हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में योजना के लिए उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड को 384 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
योजना के तहत पात्र लघु एवं सीमांत किसान 6 लाख रुपए तक का दीर्घकालीन कृषि ऋण 6 प्रतिशत की रियायती वार्षिक ब्याज दर पर ले सकेंगे। किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान देगी। हालांकि, इस ब्याज अनुदान का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जो निर्धारित किस्तों का भुगतान तय समय पर करेंगे।
₹6 लाख तक का कृषि ऋण 6% ब्याज पर
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का प्रमुख उद्देश्य किसानों को कृषि और कृषि आधारित गतिविधियों में दीर्घकालीन निवेश के लिए सस्ता ऋण उपलब्ध कराना है। योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को अधिकतम 6 लाख रुपए तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की रियायती वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार के अनुसार, मौजूदा व्यवस्था में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक को नाबार्ड से अपेक्षाकृत अधिक ब्याज दर पर पुनर्वित्त मिलने के कारण किसानों को कृषि ऋण करीब 11 से 11.50 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध होता है। नई योजना में सरकार की ओर से ब्याज अनुदान दिए जाने से पात्र किसानों के लिए ऋण की ब्याज दर 6 प्रतिशत तक रह सकेगी।
Popular Tractors
समय पर किस्त चुकाने पर मिलेगा 5% ब्याज अनुदान
योजना में किसानों को ब्याज में राहत देने के लिए 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान किया गया है। लेकिन इसका लाभ लेने के लिए किसानों को ऋण की किस्तें निर्धारित देय तिथि तक जमा करनी होंगी। इसका मतलब है कि योजना के तहत ऋण लेने वाले किसान के लिए समय पर किस्त चुकाना जरूरी होगा। निर्धारित शर्तों के अनुसार भुगतान करने वाले पात्र किसानों को ही ब्याज अनुदान का लाभ दिया जाएगा।
प्रदेश के 92% कृषक परिवारों को लाभ देने का लक्ष्य
सरकार के अनुसार उत्तर प्रदेश में लघु एवं सीमांत किसान प्रदेश के कुल कृषक परिवारों का करीब 92 प्रतिशत हैं। इन्हीं किसानों को कम ब्याज दर पर दीर्घकालीन कृषि निवेश ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की जा रही है। योजना के तहत मिलने वाले ऋण का उपयोग किसान कृषि और कृषि आधारित गतिविधियों में दीर्घकालीन पूंजी निवेश एवं परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए कर सकेंगे। इससे कृषि उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है।
योजना के लिए ₹384 करोड़ की वित्तीय सहायता मंजूर
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए कुल 384 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इस राशि में किसानों के दीर्घकालीन ऋण पर ब्याज अनुदान के साथ बैंक शाखाओं के आधुनिकीकरण और ब्रांडिंग के लिए सहायता भी शामिल है। ब्याज अनुदान का प्रावधान पांच वर्षों के लिए रहेगा, जबकि बैंक शाखाओं के आधुनिकीकरण एवं ब्रांडिंग के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 में दो वर्षों की अवधि तय की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में योजना के लिए 38 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
दिसंबर 2025 में हुई थी योजना की घोषणा
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 21 दिसंबर 2025 को सहकारिता विभाग के ‘युवा सहकार सम्मेलन एवं यूपी कोऑपरेटिव एक्सपो-2025’ में की थी। अब मंत्रि-परिषद से मंजूरी मिलने के बाद योजना को लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
कृषि के साथ इन कामों के लिए भी ले सकेंगे ऋण
योजना का उद्देश्य केवल मौसमी खेती के खर्च के लिए ऋण उपलब्ध कराना नहीं है। किसान इस ऋण का इस्तेमाल कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों में दीर्घकालीन निवेश और परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए कर सकेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार रियायती ब्याज दर पर ऋण मिलने से लघु एवं सीमांत किसानों को कृषि से जुड़े दीर्घकालीन निवेश में सहायता मिल सकती है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आधारित छोटे उद्योग और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने का लक्ष्य भी रखा गया है।
“मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत कृषि ऋण और सब्सिडी” के संबंध में पूछे जाने वाले वाले सवाल और उनके जवाब (FAQ) :
प्रश्न 1. मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना क्या है?
उत्तर: मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना उत्तर प्रदेश सरकार की योजना है, जिसके तहत लघु एवं सीमांत किसानों को कृषि और कृषि आधारित गतिविधियों में दीर्घकालीन निवेश के लिए रियायती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रश्न 2. मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना में कितना कृषि ऋण मिलेगा?
उत्तर: योजना के तहत पात्र लघु एवं सीमांत किसानों को अधिकतम 6 लाख रुपए तक का दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रश्न 3. मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना में कितने प्रतिशत ब्याज लगेगा?
उत्तर: योजना के तहत किसानों को 6 प्रतिशत की रियायती वार्षिक ब्याज दर पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रश्न 4. सरकार किसानों को कितने प्रतिशत ब्याज अनुदान देगी?
उत्तर: राज्य सरकार किसानों को वितरित ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान देगी। इसका लाभ निर्धारित शर्तों के अनुसार समय पर किस्त चुकाने वाले पात्र किसानों को मिलेगा।
प्रश्न 5. मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के लिए कितने रुपए मंजूर हुए हैं?
उत्तर: यूपी सरकार ने योजना के लिए उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड को कुल 384 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता देने की मंजूरी दी है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें