सोनपुर मेला 2025: किसानों को कृषि यंत्रों पर 80% तक सब्सिडी का लाभ
प्रकाशित - 02 Dec 2025
by Tractor Junction
ऑनलाइन आवेदन व परमिट से मशीनें खरीदें, आधुनिक तकनीक और योजनाओं की पूरी जानकारी।
विश्व–प्रसिद्ध बिहार के सोनपुर मेला 2025 में इस बार किसानों के लिए एक नई और बड़ी सुविधा जोड़ी गई है। परंपरागत पशु मेले के साथ-साथ पहली बार कृषि मेला का भी आयोजन किया गया है, जिसमें किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। हाल ही में कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस मौके पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ी और कृषि विभाग के स्टॉलों पर देर तक रौनक बनी रही।
किसानों के विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
उद्घाटन समारोह में कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार कृषि प्रधान राज्य है, जहां 76% आबादी खेती पर निर्भर है और 90% किसान लघु एवं सीमांत श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इस दिशा में बिहार का कृषि विकास बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को समय पर खाद-बीज, पानी, कृषि उपकरण और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए कई नई योजना संचालित कर रही है। कृषि प्रदर्शनी किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने का एक बड़ा मंच है, जहां वे खेती को अधिक आधुनिक और लाभकारी बनाने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
आधुनिक तकनीक और नवाचार आकर्षण का केंद्र
कृषि विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉलों में इस बार आधुनिक तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में कृषि वैज्ञानिक किसानों को उन्नत खेती तकनीक, जैविक खेती, मिट्टी परीक्षण, माइक्रो-इरिगेशन, समेकित कृषि प्रबंधन के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इन तकनीकों के उपयोग से किसानों की उत्पादन लागत कम होगी और पैदावार बढ़ेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले वर्षों में स्मार्ट खेती और टेक-एग्रीकल्चर खेती का मुख्य आधार बनने जा रहा है।
कृषि यंत्रों पर भारी सब्सिडी: 80% तक मिल रहा लाभ
सोनपुर मेले की सबसे बड़ी खासियत कृषि यंत्रों पर दी जा रही भारी सब्सिडी है। एक अधिकारी ने बताया कि मार्केट में 42,000 रुपए कीमत वाली मशीन पर सामान्य श्रेणी के किसानों को 21,000 रुपये सब्सिडी दी जा रही है। वहीं एससी/एसटी किसानों को 24,000 रुपए सब्सिडी तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा मसाला मिल, पावर टिलर, रीपर, सीड-कम-फर्टिलाइज़र ड्रिल, स्प्रे मशीन और अन्य कई आधुनिक यंत्रों पर भी सब्सिडी उपलब्ध है। यह मौका उन किसानों के लिए खास है जो लंबे समय से किसी यंत्र को खरीदना चाहते थे लेकिन कीमत के कारण खरीद नहीं पा रहे थे।
ऑनलाइन आवेदन और परमिट प्रक्रिया
सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए किसानों को सरल प्रक्रिया का पालन करना होगा, इसके लिए किसानों को सबसे पहले ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद किसान अपने प्रखंड के कृषि अधिकारी से परमिट प्राप्त करेंगे। परमिट मिलने के बाद ही किसान मेले में जाकर सब्सिडी पर यंत्र खरीद सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार जब तक बजट उपलब्ध रहेगा, किसानों को सब्सिडी का लाभ मिलता रहेगा।
पूरे बिहार के किसानों के लिए खुला अवसर
यह मेला सिर्फ सारण जिले के किसानों के लिए नहीं, बल्कि पूरे बिहार के किसानों के लिए खुला है। कृषि विभाग ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में पटना में भी बड़े स्तर पर कृषि मेला आयोजित किया जाएगा, जहां किसानों को कृषि यंत्रों की विस्तृत श्रेणी और योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी।
सरकारी योजनाओं की जानकारी और सलाह भी उपलब्ध
मेले में किसानों को कृषि विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है, खासकर रबी सीजन को देखते हुए फसल प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, देरी से बुवाई के समाधान, स्मार्ट खेती तकनीक, कीट–रोग नियंत्रण पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल रहा है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से आग्रह किया है कि वे मिट्टी की जांच अवश्य कराएं और फसल के अनुसार उर्वरक प्रबंधन अपनाएं ताकि उत्पादन बढ़े और लागत में कमी आए।
किसानों के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा यह मेला
सोनपुर मेला इस बार सिर्फ पशु खरीद–बिक्री तक सीमित नहीं रहा, बल्कि किसानों के लिए आधुनिक कृषि का केंद्र बन गया है। यहां उपलब्ध मॉडल, मशीनें, तकनीक और सरकारी योजनाएं किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। सरकार की पहल से किसानों को कम लागत में आधुनिक यंत्र मिल रहे हैं, जिससे खेती को लाभदायक और आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।