तिल की इन 6 उन्नत किस्मों से पाएं अधिक पैदावार, सरकार दे रही सब्सिडी
प्रकाशित - 30 Jul 2025 by Tractor Junction
जानें, कौनसी हैं तिल की ये किस्में और इससे कितना मिल सकता है उत्पादन
6 Improved Varieties of Sesame and Subsidy : किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राज्य सरकार की ओर से किसानों को तिल की खेती पर सब्सिडी दी जा रही है। योजना के तहत प्रदेश सरकार किसानों को तिल की 6 बेहतर पैदावार देने वाली किस्मों के बीजों की खरीद पर अनुदान दे रही है। वहीं कृषि विभाग द्वारा किसानो को वैज्ञानिक तरीके से तिल की खेती की विधियों की जानकारी देकर उत्पादन बढ़ाने में सहायता की जा रही है। सरकार का मानना है कि उसके इस कदम से न केवल किसानों की खेती की लागत कम होगी बल्कि उत्पादन में बढ़ोतरी होने से किसानों की आय में भी बढ़ोतरी होगी।
तिल की किन किस्मों पर मिल रही है सब्सिडी
कृषि विभाग ने तिल की छह प्रमुख उन्नत किस्में विकसित की हैं जिनमें आर.टी.-346, आर.टी.-351, गुजरात तिल-6, आर.टी.-372, एम.टी.-2013-3 और बी.यू.ए.टी. तिल-1 शामिल हैं। इन किस्मों का चयन किसानों को अधिक उत्पादन और बेहतर क्वालिटी प्रदान करता है। सरकार बीज अनुदान के तहत 95 रुपए प्रति किलो की दर से बीज उपलब्ध कराती है जिससे किसानों की लागत कम होती है।
उन्नत बीजों से कैसे करें तिल की खेती
तिल की खेती के लिए गर्म और शुष्क जलवायु उपयुक्त मानी जाती है। अच्छी जल निकासी वाली दोमट या हल्की बलुई दोमट भूमि जिसमें pH मान 6.0 से 7.5 के बीच हो, तिल की खेती के लिए उत्तम होती है। खरीफ सीजन में जुलाई के अंतिम सप्ताह तक तिल की बुआई की जा सकती है। खेत में कतार से कतार की दूरी 30 से 45 सेमी और पौधे से पौधे की दूरी 10 से 15 सेमी होनी चाहिए, जिससे पौधों को पर्याप्त पोषण और वृद्धि का अवसर मिल सके। बीज बोने से पहले किसान थिरम या कार्बेंडाजिम जैसे कीटनाशक से बीजोपचार कर सकते हैं ताकि बीज और मिट्टी जनित रोगों से बचाव हो। साथ ही जैविक कीटनाशी ट्राइकोडर्मा का प्रयोग भी बीज उपचार के लिए उपयोगी है।
तिल की खेती में कैसे करें रोग-कीट और खरपतवार नियंत्रण
तिल की खेती में खरपतवार नियंत्रण के लिए बुआई के तुरंत बाद पेंडीमेथालिन का छिड़काव करना लाभकारी होता है। बरसात के समय सिंचाई की जरूरत नहीं होती, लेकिन फूल आने और दान भरने की अवस्था में सिंचाई आवश्यक होती है। तना और फल सड़न रोग से बचाव के लिए थायोफेनेट मिथाइल या कार्बेंडाजिम का छिड़काव करना चाहिए। पत्ती झुलसा रोग के लिए मैनकोजेब या कॉपर ऑक्सीक्लोराइड का प्रयोग आवश्यक है। कीट नियंत्रण के लिए क्विनालफॉक्स या डाईमेथोयेट जैसे कीटनाशकों का छिड़काव आर्थिक नुकसान से बचाव हेतु किया जा सकता है।
वैज्ञानिक विधि से तिल की खेती पर कितना मिल सकता उत्पादन
तिल की कटाई तब करनी चाहिए जब 70 से 80 प्रतिशत फलिया पीली पड़ जाएं। कटाई के बाद फसल को अच्छी तरह धूप में सुखाकर मड़ाई करनी चाहिए। परंपरागत खेती में तिल का उत्पादन 4 से 6 क्विंटल प्रति हेक्टेयर होता है, जबकि वैज्ञानिक विधि अपनाने पर यह 8 से 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक बढ़ सकता है। इससे किसानों को प्रति हेक्टेयर करीब एक लाख रुपए तक की आय हो सकती है।
उत्तर प्रदेश के लिए तिल की खेती का महत्व
उत्तर प्रदेश में खरीफ सीजन के दौरान लगभग 5 लाख हेक्टेयर में तिल की खेती की जाती है। तिल का कृषि में विशेष महत्व है क्योंकि यह कम वर्षा वाले क्षेत्र और असमतल भूमि में भी उगाई जा सकती है। कृषि विभाग द्वारा तिल के बीजों पर प्रति किलोग्राम 95 रुपए का अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा इस वर्ष तिल का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर 9846 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जो किसानों के लिए एक बड़ी राहत है।
तिल के पौष्टिक और औषधीय गुण
तिल में प्रोटीन लगभग 20.9%, वसा 53.5% पाई जाती है, साथ ही इसमें कोलेस्ट्रॉल नहीं होता। यह विटामिन A, B-1, B-2, B-6, B-11 और खनिज जैसे पोटेशियम, कैल्शियम, फास्फोरस, आयरन, मैग्नीशियम और जिंक का अच्छा स्रोत है। तिल के बीज रक्तचाप, रक्त शर्करा नियंत्रण के साथ-साथ कैंसर और रोगाणुरोधी गुणों के लिए भी जाने जाते हैं। इसलिए आयुर्वेद चिकित्सक रोजाना तिल के सेवन की सलाह देते हैं। तिल के तेल की क्वालिटी भी उच्च स्तर की होती है, जिससे यह भोजन में शामिल करने पर स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है।
किसानों के लिए तिल की खेती अतिरिक्त आय का अवसर
कृषि विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में ऐसी भूमि भी है जहां पर पहले बुआई नहीं होती थी या अवशेष पड़ी रहती थी। अब सूक्ष्म सिंचाई के माध्यम से इन जमीनों पर तिल की खेती की जा सकती है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होती है और वे अतिरिक्त आय कमा सकते हैं। किसान अधिक जानकारी के लिए अपने जिले के कृषि विज्ञान केंद्र या जिला कृषि अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों जॉन डियर ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें