न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद : इस तारीख से शुरू होगी गेहूं की खरीद, रजिस्ट्रेशन शुरू
प्रकाशित - 09 Feb 2025 by Tractor Junction
जानें, किस तारीख से शुरू होगी खरीद और इसके लिए कहां करना होगा रजिस्ट्रेशन
रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (Minimum Support Price) पर खरीद की तैयारी जोर शोर से की जा रही हैं। कई राज्यों में किसानों को सरकारी केंद्रों पर एमएसपी (MSP) पर अपनी फसल बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की जा रही है। इसी कड़ी में यूपी सरकार की ओर से गेहूं की एमएसपी पर खरीद 1 मार्च से शुरू की जा रही है। वहीं यहां पर पिछले साल एमएसपी (MSP) पर गेहूं की खरीद 15 मार्च से शुरू की गई थी, लेकिन इस बार 15 दिन पहले गेहूं की खरीद की जा रही है।
एसएमपी पर गेहूं की खरीद के लिए केंद्रों की लिस्ट जारी
कृषि विभाग के अनुसार यूपी में गेहूं खरीद के लिए मंडल व जिलों के अनुसार सरकारी खरीद केंद्र बनाए जा रहे हैं। इस बार करीब 7000 खरीद केंद्र बनाए जाएंगे ताकि किसानों को गेहूं बेचने में परेशानी नहीं आए। इनमें से कुछ खरीद केंद्रों की लिस्ट जारी की जा रही है। इसके अनुसार किस मंडल जनपद में कितने खरीद बनाए गए हैं, इसकी जानकारी इस प्रकार से है–
- आजमगढ़ मंडल में रबी मार्केटिंग ईयर 2025–26 में गेहूं की खरीद के लिए 165 खरीद केंद्र बनाए गए हैं।
- आजमगढ़ जिले में 70, बलिया में 67 व मऊ में 31 खरीद केंद्र बनाए गए है।
- जनपद मथुरा में 68 खरीद केंद्रों को अनुमोदित किया गया है।
- सहारनपुर जनपद में 86 खरीद केंद्र खोले गए हैं।
फसल मार्केटिंग ईयर 2025–26 के लिए क्या है गेहूं का एमएसपी
केंद्र सरकार की ओर से प्रत्येक रबी व खरीफ सीजन में बुवाई से पहले फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की घोषणा की जाती है। इसके तहत रबी की 6 फसलों के लिए MSP निर्धारित की जाती है। फसल मार्केटिंग सीजन 2025–26 में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी सरकार ने 2450 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है जो पिछले रबी फसल विपणन सीजन से 150 रुपए अधिक है।
यूपी के किसान एमएसपी पर फसल बेचने के लिए कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन
यूपी में गेहूूं को एमएसपी रेट (MSP Rate) पर बेचने के लिए किसानों के नवीनीकरण और पंजीकरण शुरू हो गए हैं। इसके लिए किसान किसी भी जनसुविधा केंद्र, साइबर कैफे, मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा किसान खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर जाकर गेहूं की फसल बेचने के लिए पंजीकरण और नवीनीकरण करा सकते हैं। किसानों को गेहूं के एमएसपी का भुगतान पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से किसानों के आधार और एनपीसीआई पोर्टल पर मैप्ड खाते में किया जाएगा। किसान कंप्यूटराइज्ड सत्यापित खतौनी, किसान पंजीकरण ओर और आधार की फोटो कॉपी केंद्र पर आवश्यक रूप से लेकर जाना होगा।
इस साल देश में कितने क्षेत्रफल में हुई गेहूं की बुवाई
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार इस साल 31 जनवरी 2025 तक देश में गेहूं की बुवाई 324.88 लाख हैक्टेयर में की गई है जो पिछले साल के इसी समय के मुकाबले 6.55 लाख हैक्टेयर अधिक है। इस बार देश में गेहूं की बंपर बुवाई हुई है। इससे गेहूं अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है। हालांकि देश में गेहूं का सामान्य रकबा 312.35 लाख हैक्टेयर है। बता दें कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा गेहूं उत्पादक राज्य है। इसके बाद पंजाब, हरियाणा और मध्यप्रदेश आते हैं।
इस समय क्या चल रहा है यूपी की प्रमुख मंडियों में गेहूं का भाव (wheat price)
कमोडिटी ऑनलाइन मंडी भाव के मुताबिक वर्तमान बाजार दरों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में गेहूं का औसत भाव 2791.4 रुपए प्रति क्विंटल और सबसे उच्च बाजार भाव 3100 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है जो एमएसपी 650 रुपए अधिक है। यदि बात करें देश में गेहूं के औसत भाव की तो इस समय देश में गेहूं का औसत भाव 2955 है जो 2024–25 के लिए तय किए गए एमएसपी के मुकाबले 505 अधिक है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें