मौसम अलर्ट : कहीं भीषण लू का प्रकोप तो कहीं बारिश की चेतावनी

Share Product प्रकाशित - 30 Apr 2024 ट्रैक्टर जंक्शन द्वारा

मौसम अलर्ट : कहीं भीषण लू का प्रकोप तो कहीं बारिश की चेतावनी

जानें, देश में कहां रहेगा मौसम गर्म और किन राज्यों में होगी बारिश

इस समय देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप बना हुआ है तो दूसरी ओर कुछ जगहों पर बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां देखने को मिल रही है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ कुछ जगहों पर भारी बर्फबारी हुई। अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। वहीं उत्तर पंजाब, उत्तरी हरियाणा, सिक्किम, विदर्भ और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ी। इसी प्रकार दक्षिणी केरल, दक्षिणी तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश हुई है। जबकि इसके विपरित गंगीय पश्चिम बंगाल में कई जगहों सहित उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, सौराष्ट्र व कच्छ में कुछ जगहों पर लू की स्थिति देखी गई। इसी प्रकार झारखंड, केरल, कोंकण, गोवा और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति दिखाई दी। देश के अधिकांश जगहों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। इसे देखते हुए यह कहा जा सकता है कि मई का महीने में भी गर्मी और सताएगी।

आज हम ट्रैक्टर जंक्शन के माध्यम से आज का मौसम, कल का मौसम सहित आगामी 5 दिन के मौसम की जानकारी दे रहे हैं। 

इस समय देश में बन रहे ये मौसम सिस्टम

इस समय देश में कई मौसमी सिस्टम बन रहे हैं, इसमें चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ अब पाकिस्तान और उससे सटे अफगानिस्तान के ऊपर औसत समुद्र तल से 3.1 और 9.6 किलोमीटर ऊपर है।

एक और चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर असम पर समुद्र तल से 1.5 और 3.1 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है।

ट्रफ रेखा बिहार से मणिपुर तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और दक्षिण असम से होकर गुजर रही है।

दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश से लेकर विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक एक ट्रफ या हवा का विच्छेदन औसत समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है।

दक्षिणी तमिलनाडु और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

3 मई की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमाचय क्षेत्र के करीब पहुंचने की संभावना है।

अगले 24 घंटे के दौरान देश में कहां, कैसा रहेगा मौसम

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में 30 अप्रैल को भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

उत्तराखंड में हल्की बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसी के साथ ही विदर्भ, मराठवाड़ा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जना हो सकती है।

पंजाब के उत्तरी भागों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छिटपुट ओलावृष्टि संभव है।

उत्तरी हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में हल्की बारिश और मेघ गर्जना संभव है।

केरल और दक्षिणी तमिलनाडु में हल्की छिटपुट बारिश हो सकती है।

देश में यहां बनी रह सकती है लू की स्थिति

गंगीय पश्चिम बंगाल में कई जगहों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, सौराष्ट्र और कच्छ में कुछ जगहों पर लू की स्थिति हो सकती है। इसी के साथ ही झारखंड, केरल, कोंकण, गोवा और रायलसीमा के कुछ भागों में लू की स्थिति रह सकती है।

अगले 5 दिन लू की स्थिति और इसके बाद होगी बारिश

मौसम विभाग की मानें तो पूर्वी भारत में एक मई तक लू से भीषण लू की स्थिति जारी रहेगी। इसके बाद धीरे-धीरे लू का असर कम होने की संभावना है। ऐसे में अगले 5 दिन के दौरान दक्षिणी भारत में लू की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद अगले 4 से 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में तूफान और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौरा जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही पश्चिमी हिमाचल क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज, बिजली व तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

बिहार में गर्मी और लू का असर जारी

मौसम विभाग (Weather Forecast) ने बिहार में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पटना, मुजफ्फरपुर और शेखपुरा में न्यूनतम तापमान बढ़ने से रातें गर्म रहने की संभावना है। बिहार के कई जिलों में लू चलने की संभावना है। राजधानी सहित पूरे राज्य में पिछले कुछ दिनों से लगातार उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही है। बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान में एक से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। हालांकि दक्षिण बिहार में तापमान में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।

झारखंड में अगले चार दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना

झारखंड में गर्मी का असर बढ़ता ही जा रहा है। राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य के कई जिलों में लू चलने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी का असर बने रहने और अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

4 मई को इन दो राज्यों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 4 मई को पश्चिमी व उत्तरी राजस्थान में कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मध्यप्रदेश में भी 4 मई को बारिश हो सकती है। 30 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा जिससे तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर दिखाई देगा। वहीं 4 मई को नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई जिलों के मौसम में परिवर्तन दिखाई देगा। इस दौरान प्रदेश में आंधी के साथ बारिश हो सकती है।

अगर आप किफायती कीमत पर नया ट्रैक्टर खरीदना चाहते हैं तो महिंद्रा, स्वराज, टैफे, सोनालिका, जॉन डियर आदि कंपनियों में से उचित ट्रैक्टर का चयन कर सकते हैं। साथ ही हम आपको ट्रैक्टर लोन (Tractor Loan) की सुविधा भी प्रदान करते हैं।

अगर आप नए जैसे पुराने ट्रैक्टर व कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपने ट्रैक्टर या कृषि उपकरण का अधिकतम मूल्य मिले तो अपने बिकाऊ ट्रैक्टर / कृषि उपकरण को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

हमसे शीघ्र जुड़ें

Call Back Button
scroll to top
Close
Call Now Request Call Back