मानसून 2026: कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके राज्य का हाल
प्रकाशित - 10 Jul 2026
by Vivek Tailang
मौसम विभाग ने 20 से अधिक राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया, कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना
देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून ने राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में भी दस्तक दे दी है, जिसके साथ ही पूरे देश में मानसून का कवरेज पूरा हो गया है। मानसून के सक्रिय होने से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई को 20 से अधिक राज्यों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तर भारत में भारी बारिश का दौर जारी
आईएमडी के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में 10 जुलाई को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। उत्तराखंड में कहीं-कहीं बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 12 जुलाई तक तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 जुलाई तक व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में बादल, बारिश और आंधी के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों तक भी हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।
बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत में भी अलर्ट
पूर्वी भारत के राज्यों में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका भी व्यक्त की गई है। वहीं अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में भी आगामी दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में झमाझम बारिश की संभावना
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में 15 जुलाई तक व्यापक बारिश होने की संभावना जताई है। कई इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
मध्य और पश्चिम भारत में मिले-जुले संकेत
आईएमडी के अनुसार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में बारिश जारी रहेगी, लेकिन पिछले कुछ दिनों की तुलना में इसकी तीव्रता कम रहने की संभावना है। वहीं गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में बारिश होगी, हालांकि कई क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं। कोंकण और गोवा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का असर
दक्षिण भारत के तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में 10 जुलाई के बाद वर्षा की गतिविधियों में हल्की कमी देखने को मिल सकती है।
किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, वहां खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की उचित व्यवस्था करें ताकि धान की नर्सरी, मक्का, दलहन, तिलहन और सब्जी फसलों में जलभराव न हो। कटाई की गई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें या तिरपाल से ढक दें। तेज हवा और बारिश की आशंका वाले क्षेत्रों में बागवानी फसलों को सहारा दें तथा पशुओं को खुले स्थान पर रखने के बजाय सुरक्षित शेड में रखें। मौसम विभाग ने किसानों से स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने की भी अपील की है।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।