टैफे और ICRISAT की साझेदारी : हैदराबाद में खुलेगा जेफार्म कृषि अनुसंधान केंद्र
प्रकाशित - 16 Jul 2025 by Tractor Junction
आधुनिक कृषि तकनीकों, मशीनीकरण और टिकाऊ खेती को मिलेगा बढ़ावा
JFarm Agricultural Research Center will open in Hyderabad : भारत की दूसरी सबसे बड़ी ट्रैक्टर निर्माता कंपनी ट्रैक्टर्स एंड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड (TAFE) ने कृषि अनुसंधान को नई दिशा देने के लिए अंतर्राष्ट्रीय अर्ध-शुष्क उष्णकटिबंधीय फसल अनुसंधान संस्थान (ICRISAT) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत हैदराबाद के पटनचेरु स्थित आईसीआरआईएसएटी परिसर में "जेफार्म अनुकूली कृषि अनुसंधान एवं विस्तार केंद्र" की स्थापना की जाएगी। यह केंद्र आधुनिक कृषि तकनीकों, मशीनीकरण और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देगा।
जेफार्म की पृष्ठभूमि : किसान कल्याण की दिशा में एक मजबूत विरासत
TAFE ने 1964 में अपने CSR (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) के तहत जेफार्म की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य किसानों को शोध आधारित समाधान और प्रशिक्षण प्रदान करना था। इस पहल का विस्तार 2016 में भवानीमंडी, फिर तेलंगाना में पीजेटीएसएयू (2019) और महाराष्ट्र के वीएनएमकेवी (2023) तक किया गया। अब, TAFE और ICRISAT मिलकर इस सहयोग को एक नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए तैयार हैं। यह नया अनुसंधान केंद्र, ICRISAT के "साउथ-साउथ कोऑपरेशन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (ISSCA)" के अंतर्गत कार्य करेगा, जो भारत के नवाचारों को वैश्विक दक्षिण के देशों तक पहुंचाएगा और साथ ही विश्वभर से आने वाले आधुनिक कृषि विचारों को भारत लाएगा।
नए केंद्र की विशेषताएं और उद्देश्य
जेफार्म अनुकूली अनुसंधान केंद्र ICRISAT द्वारा विकसित उन्नत तकनीकों, जैसे मशीन से कटाई योग्य चने को TAFE की मशीनीकरण विशेषज्ञता के साथ जोड़ेगा। यह केंद्र विभिन्न जलवायु और फसल परिस्थितियों में इन तकनीकों का परीक्षण करेगा ताकि किसानों को उनकी भूमि और संसाधनों के अनुसार सर्वोत्तम समाधान मिल सके।
नए केंद्र का किन बातों पर रहेगा मुख्य फोकस
टैफे और ICRISAT की साझेदारी में हैदराबाद में खुलने वाले जेफार्म कृषि अनुसंधान केंद्र का कृषि के जिन क्षेत्रों में मुख्य फोकस रहेगा, वे क्षेत्र इस प्रकार से हैं :
- टिकाऊ खेती के अभ्यासों को बढ़ावा देना
- मिट्टी और जल संरक्षण पर विशेष ध्यान
- फसल अवशेष प्रबंधन और सही साइज की मशीनों का प्रशिक्षण
- लैंगिक समानता और सामाजिक समावेशन को बढ़ावा
- सेवा आधारित कृषि मॉडल के जरिए किसानों को एग्रीप्रेन्योर बनाना
- अनुसंधान को खेत तक पहुंचाना
किसानों को मिलेगा डिजिटल कस्टम हायरिंग मॉडल का लाभ
यह केंद्र एक अभिनव मॉडल, Farmer-to-Farmer (F2F) डिजिटल कस्टम हायरिंग सिस्टम का प्रदर्शन करेगा। इस मॉडल की मदद से किसान बिना मशीन खरीदे भी अत्याधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर सकेंगे। इससे छोटे और सीमांत किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा, जो मशीनें खरीदने में असमर्थ होते हैं। यह कृषि अनुसंधान केंद्र स्टार्टअप्स, विशेषज्ञों, अनुसंधान संस्थानों और किसानों के बीच ज्ञान साझा करने और सहयोग का केंद्र बनेगा। इस प्रकार यह केंद्र भारत में स्मार्ट और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
देश के हर कोने में किसान तक पहुंच होगी आसान
TAFE के समूह अध्यक्ष डॉ. टी.आर. केसवन ने इस अवसर पर कहा कि "हमारा लक्ष्य कृषि में सटीकता लाना है, जिससे पानी और भूमि की रक्षा हो और उत्पादन में बढ़ोतरी हो। किसानों की विविध आवश्यकताओं को समझते हुए, हम यह मानते हैं कि मशीनीकरण की पहुंच बढ़ाने के लिए ज्ञान साझा करना बेहद जरूरी है। ICRISAT जैसे वैश्विक संस्थान के साथ यह साझेदारी हमें देश के हर कोने में किसानों तक पहुंचने में सहायता करेगी।"
ICRISAT के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक ने कहा कि "मशीनीकरण भारत के कृषि क्षेत्र के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बन चुका है। केवल तकनीकी उपकरण नहीं, बल्कि यह साझेदारी खेती में रसायनों के उपयोग को कम करने, श्रम की जरूरत घटाने और पर्यावरण की रक्षा करने के लिए भी अनुसंधान लाने का कार्य करेगी। हमारा उद्देश्य इन समाधानों को भारत से आगे अफ्रीकी देशों तक पहुंचाना है।"
यह केंद्र बनेगा किसानों के लिए ग्लोबल मॉडल
TAFE और ICRISAT का यह संयुक्त प्रयास भारतीय कृषि में नवाचार, टिकाऊ खेती और स्मार्ट मशीनीकरण को मजबूती देने वाला है। यह केंद्र किसानों के लिए एक ग्लोबल मॉडल बनेगा, जहां खेती सिर्फ जीविका नहीं बल्कि एक उन्नत विज्ञान और समावेशी विकास का जरिया होगी।
Tractor Junction also Offer a Monthly Subscription of Tractor Sales (Wholesale, Retail, Statewise, Districtwise, HPwise) Report. Please Contact us for the detailed report.
Subscribe our Telegram Channel for Industry Updates- https://t.me/TJUNC
Follow us for Latest Tractor Industry Updates-
LinkedIn - https://bit.ly/TJLinkedIN
Facebook - https://bit.ly/TJFacebok
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें