गुजरात बजट 2026: 3.15 लाख से अधिक नए घर बनाएगी सरकार
प्रकाशित - 19 Feb 2026 by Vivek Tailang
पीएम आवास योजना और अन्य योजनाओं के तहत घर बनाने का लक्ष्य
गुजरात सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 4,08,053 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में वित्त मंत्री कनुभाई देसाई ने विधानसभा में बजट प्रस्तुत करते हुए विकास, आवास, खेल, कृषि और पर्यावरण पर विशेष जोर दिया। इस बजट में 25,587 करोड़ रुपये का अधिशेष (सरप्लस) दिखाया गया है।
हालांकि बजट में कई बड़े ऐलान किए गए, लेकिन सबसे प्रमुख घोषणा आवास क्षेत्र से जुड़ी रही। सरकार ने वर्ष 2026-27 में 3.15 लाख से अधिक नए घर बनाने का लक्ष्य रखा है। ये घर मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना और राज्य की अन्य आवास योजनाओं के तहत बनाए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है।
गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए राहत
बजट में ‘GYAN’ मंत्र- गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति पर विशेष जोर दिया गया। ‘G’ यानी गरीब वर्ग के लिए मुफ्त अनाज और आवास योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। 3.15 लाख नए घरों का लक्ष्य इसी रणनीति का हिस्सा है, जिससे हजारों परिवारों को स्थायी आवास मिलेगा।
अहमदाबाद बनेगा ओलंपिक रेडी सिटी
बजट की बड़ी घोषणाओं में अहमदाबाद को 2036 ओलंपिक की तैयारियों के मद्देनजर ‘ओलंपिक रेडी सिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना शामिल है। इसके लिए 1,278 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल परिसर, आधुनिक स्टेडियम और बेहतर परिवहन ढांचे का विकास किया जाएगा। साथ ही खेल मंत्रालय के लिए 2,006 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर फोकस
सरकार ने वर्ष 2026 को ‘गुजरात पर्यटन वर्ष’ घोषित किया है। पर्यटन, तीर्थस्थलों और नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विकास के लिए 3,090 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। कुल मिलाकर पर्यटन, खेल और धार्मिक विकास के लिए 5,096 करोड़ रुपये का मास्टर प्लान घोषित किया गया है।
कृषि और सिंचाई को मजबूती
कृषि क्षेत्र के लिए भी बजट में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सूखा प्रभावित इलाकों में नर्मदा का पानी पहुंचाने के लिए सुजलाम-सुफलाम और सौनी परियोजनाओं के तहत 3,043 करोड़ रुपये रखे गए हैं। किसान सूर्योदय योजना के लिए 500 करोड़ रुपये, नए कृषि बिजली कनेक्शन के लिए 1,166 करोड़ रुपये और नए सबस्टेशन के लिए 350 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सोलर कृषि पंपों के लिए 200 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इससे किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने और ऊर्जा लागत घटाने में सहायता मिलेगी।
पर्यावरण और ऊर्जा पर ध्यान
जलवायु परिवर्तन विभाग के लिए 429 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वन एवं पर्यावरण विभाग को 3,560 करोड़ रुपये दिए गए हैं। सामाजिक वनीकरण, वन संरक्षण और वन्यजीव प्रबंधन के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित की गई है। सरकारी इमारतों पर सोलर रूफटॉप लगाने के लिए 278 करोड़ रुपये का प्रावधान है। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी और चार्जिंग स्टेशन विकास के लिए भी बजट में प्रावधान शामिल हैं।
उद्योग, स्टार्टअप और मीडिया
MSME क्षेत्र को 1,775 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी और 25 GIDC को ‘स्मार्ट हब’ में बदला जाएगा। i-Hub केंद्रों का विस्तार सूरत, वडोदरा, मेहसाणा और राजकोट तक किया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण विभाग को 452 करोड़ रुपये दिए गए हैं और मोबाइल जर्नलिज्म किट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई है।
नए घरों का निर्माण, एक बड़ी सामाजिक पहल
गुजरात बजट 2026-27 विकास, आवास और बुनियादी ढांचे को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। 3.15 लाख नए घरों के निर्माण का लक्ष्य इस बजट की सबसे बड़ी सामाजिक पहल के रूप में उभरा है, जो राज्य में आवास सुरक्षा को नई दिशा देगा।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें