बड़ी खबर: लाडो लक्ष्मी योजना में अब महिलाओं को मिलेंगे 6300 रुपए

Share Product प्रकाशित - 05 Dec 2025 by Vivek Tailang

बड़ी खबर: लाडो लक्ष्मी योजना में अब महिलाओं को मिलेंगे 6300 रुपए

सरकार का फैसला, 3 महीने की राशि का एक साथ भुगतान करेगी सरकार

हरियाणा सरकार ने पंडित दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना में बड़ा बदलाव करते हुए महिलाओं को बड़ी राहत दी है। अब इस योजना के तहत हर तीन महीने में 2100 रुपए प्रति माह की दर से कुल 6300 रुपए एकमुश्त मिलेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योजना की दूसरी किस्त जारी करते हुए यह महत्वपूर्ण घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है और उसी दिशा में यह निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री सैनी ने हाल ही में हुई प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना की दूसरी किस्त के रूप में 7 लाख 1 हजार 965 महिलाओं के खातों में करीब 148 करोड़ रुपए की राशि डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई है। उन्होंने कहा कि पहले छह महीने के अंतराल पर एकमुश्त राशि देने का प्रस्ताव था, लेकिन महिलाओं को अधिक प्रतीक्षा न करवानी पड़े, इसलिए इसे तीन महीने कर दिया गया है। इससे महिलाओं के पास अधिक उपयोगी राशि एक साथ मिलेगी, जिसे वे घरेलू आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा या स्वयं के छोटे स्वरोजगार में लगा सकती हैं। 

लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत और पात्रता

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 25 सितंबर को राज्य सरकार ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत एक लाख रुपए तक वार्षिक आय वाले परिवारों की 23 से 60 वर्ष आयु की महिलाओं को 2100 रुपए मासिक प्रदान किए जाते हैं। हरियाणा दिवस (1 नवंबर) को पहली किस्त जारी की गई थी, वहीं अब दूसरी किस्त भी जारी कर दी गई है। हरियाणा में ऐसे परिवारों की महिलाओं की संख्या करीब 20 लाख है। इनमें से अब तक 9 लाख से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया है और उनमें से 7 लाख 1 हजार 965 महिलाएं पात्र पाई गई हैं। इनमें से 5 लाख 58 हजार 346 महिलाओं ने आधार केवाईसी (KYC) पूरी कर ली है, जबकि 1 लाख 43 हजार 619 का वेरिफिकेशन लंबित है। मुख्यमंत्री ने इन महिलाओं से जल्द केवाईसी पूरा करने की अपील की है ताकि वे भी योजना का लाभ ले सकें। 

लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप से ऑनलाइन आवेदन

यह योजना पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी है। इसके लिए ‘लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप’ पर आवेदन किया जा सकता है। आवेदन करने के बाद 24 से 48 घंटे के भीतर वेरिफिकेशन पूरा कर दिया जाता है। पात्र महिलाओं को SMS भेजकर बताया जाता है कि वे ऐप पर जाकर अपना लाइव फोटो अपलोड करें और ई-KYC पूरा करें। इसके बाद विभाग द्वारा योजना की ID जारी कर दी जाती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतिदिन 3 से 4 हजार महिलाओं की ओर से आवेदन किए जा रहे हैं, जो इस योजना की लोकप्रियता और सरकार पर बढ़ते विश्वास को दिखाता है। 

आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं है, बल्कि महिलाओं को सामाजिक रूप से सशक्त और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। उनके अनुसार महिलाओं को तीन माह की राशि एक साथ मिलने से वे इसे अपने छोटे व्यवसाय, सिलाई-कढ़ाई, पशुपालन, किराना कार्य या किसी अन्य स्वरोजगार में भी उपयोग कर सकती हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी प्रेसवार्ता में मौजूद रहे। 

टेक्नोलॉजी से पारदर्शिता

सरकार ने पूरी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीक का व्यापक उपयोग किया है। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन है, वेरिफिकेशन तेज है और भुगतान सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मॉडल "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के संकल्प को मजबूती देता है। 

अन्य कल्याणकारी कदम भी जारी

मुख्यमंत्री सैनी ने प्रेसवार्ता में सरकार की अन्य योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 15 लाख से अधिक महिलाओं को 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। किडनी रोगियों को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा दी गई है। हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां किसानों की अधिकांश फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि जन कल्याण के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है और लाडो लक्ष्मी योजना इसका ताजा उदाहरण है।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button