लाडो लक्ष्मी योजना : 1.75 लाख महिलाओं को नहीं मिली पहली किस्त, जानिए क्या है वजह

Share Product प्रकाशित - 06 Nov 2025 by Vivek Tailang

लाडो लक्ष्मी योजना : 1.75 लाख महिलाओं को नहीं मिली पहली किस्त, जानिए क्या है वजह

6.97 लाख में से 5.22 लाख महिलाएं ही पाई गईं पात्र, बाकी की जांच जारी

सरकार की ओर से महिला शक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएं जा रहे हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई प्रकार की योजनाएं केंद्र व राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी में राज्य सरकार की ओर से लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की गई है जिसकी पहली किस्त हाल ही में हरियाणा दिवस के अवसर पर जारी की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिमोट का बटन दबाकर 5,22,162 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 2100-2100 रुपए की राशि ट्रांसफर की। इस तरह योजना की पहली किस्त जारी होने के बाद राज्यभर में 109.65 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। यह कार्यक्रम हरियाणा दिवस के जश्न का हिस्सा था और सरकार ने इसे महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। 

1.75 लाख महिलाओं को नहीं मिली पहली किस्त

हरियाणा सरकार की ओर से शुरू की गई दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना में करीब 6.97 लाख महिलाओं ने आवेदन किया था, जिसमें से 5.22 लाख महिलाओं को ही पहली किस्त सीधा उनके खाते में ट्रांसफर की गई है। शेष 1.75 लाख महिलाओं को पहली किस्त नहीं मिल पाई है, उनके खाते में योजना की पहली किस्त ट्रांसफर नहीं की गई है, ऐसे में उन महिलाओं के दिमाग में सवाल उठ रहा होगा कि उन्हें योजना की पहली किस्त क्यों नहीं दी गई। आज हम आपके इसी सवाल का जवाब लेकर हाजिर हुए हैं, तो आइए जानते हैं, क्या है इसके पीछे की वजह। 

महिलाओं को पहली किस्त नहीं मिलने का क्या है कारण

योजना की पहली किस्त राज्य की 1.75 लाख महिलाओं के खाते में नहीं भेजी जा सकी है। इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि अभी इन आवेदनों की जांच की जा रही हैं, यानी अभी इन आवेदनों की वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र महिलाओं को भी पहली किस्त की राशि सीधे उनके खाते में भेजी जाएगी। बता दें कि आयुक्त स्तर पर गठित टीमों को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे पात्रता की जांच जल्द पूरी करें ताकि कोई भी वास्तविक लाभार्थी योजना से वंचित न रह जाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि “हर योग्य महिला को उसका हक समय पर मिले।" 

किन महिलाओं को मिलता है लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ

हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना का उद्देय राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सहायता प्रदान करना है। योजना के पहले चरण में उन महिलाओं को शामिल किया गया है, जिनके परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपए से कम है। इस योजना का लाभ लेने के लिए महिला का हरियाणा का मूल निवासी होना जरूरी है। इसके लिए महिला के पास कम से कम हरियाणा में रहने का 15 साल तक निवास प्रमाण होना चाहिए। महिला की आयु 23 से 60 साल के बीच होनी चाहिए। इस योजना का लाभ विवाहिता, अविवाहिता व तलाशुदा ले सकती हैं। वहीं जो महिलाएं पहले से किसी अन्य पेंशन योजना का लाभ उठा रही हैं, उन्हें इस योजना में शामिल नहीं किया जाएगा। हालांकि सरकार की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि गंभीर बीमारियों जैसे– कैंसर (स्टेज 3–4) या अन्य दुर्लभ बीमारी या रोगों से पीड़ित महिलाओं को इस योजना के तहत अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। 

योजना में आवेदन करना सरल

लाडो लक्ष्मी योजना में आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 25 सितंबर को एक विशेष मोबाइल एप लॉन्च किया था, जिसके जरिए महिलाएं सीधे आवेदन कर सकती हैं। योजना के तहत सरकार ने पात्र महिलाओं के खातों में 2100 रुपए की राशि सीधे DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजने की व्यवस्था की है। इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए हर लाभार्थी का ई-केवाईसी और लाइव फोटो वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है। 

लाडो लक्ष्मी योजना के तहत कैसे चेक करें आपके खाते में पैसा आया या नहीं 

जिन महिलाओं के खाते में पैसे नहीं आए हैं, वे मोबाइल एप पर अपना स्टेटस चेक कर सकती हैं। इसके लिए एप में ‘Track Application’ सेक्शन खोलना होगा। यदि वहां ‘Completed’ स्टेट्स और 2100 रुपए की राशि दिखाई दे रही है, तो इसका मतलब है कि पैसे आपके खाते में ट्रांसफर हो चुके हैं। यदि आपके एप पर ऐसा नहीं दिख रहा, तो संभव है कि आवेदन वेरिफिकेशन में अटका हो या आधार ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी न हुई है। 

अटक गई किस्त तो क्या करें महिलाएं 

यदि आपको किस्त नहीं मिली है या किसी कारण से किस्त अटक गई है तो ऐसी ऐसी स्थिति में महिलाएं एप पर उपलब्ध शिकायत विकल्प के माध्यम से समस्या दर्ज करा सकती हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि फॉर्म भरने के 24 से 48 घंटे के भीतर वेरिफिकेशन पूरा किया जा रहा है और अंतिम चरण में लाइव फोटो अपलोड करने के बाद ई-केवाईसी पूरी हो जाती है। जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, लाभार्थी के खाते में राशि स्वचालित रूप से भेज दी जाएगी। 

क्यों नहीं किया कई महिलाओं ने योजना में आवेदन

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि राज्य में लगभग 20 लाख महिलाएं पात्र हैं, लेकिन अब तक सिर्फ 6.97 लाख महिलाओं ने ही आवेदन किया है। इसका एक बड़ा कारण यह है कि कई परिवारों को डर है कि इस योजना से मिलने वाला पैसा उनकी वार्षिक आय में जोड़ दिया जाएगा, जिससे राशन कार्ड या अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ पर असर पड़ सकता है। हालांकि मुख्यमंत्री सैनी ने स्पष्ट किया कि यह आशंका निराधार है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ किसी अन्य योजना के अधिकारों को प्रभावित नहीं करेगा। इसके बावजूद सरकार ने यह तय किया है कि अगले चरण में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को सही जानकारी दी जाएगी ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाएं आवेदन कर सकें। 

प्रदेश की 20 लाख महिलाओं को शामिल करने का लक्ष्य

राज्य सरकार का लक्ष्य इस योजना से प्रदेश की अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ना है। राज्य सरकार का कहना है कि आने वाले महीनों में योजना का दायरा बढ़ाया जाएगा, ताकि सभी 20 लाख पात्र महिलाएं इसमें शामिल हो सकें और नियमित अंतराल पर उन्हें आर्थिक सहायता मिलती रहे। सरकार ने आश्वासन दिया है कि जिन महिलाओं के आवेदन जांच में लंबित हैं, उन्हें जल्द ही पहली किस्त का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे। जिनका वेरिफिकेशन अधूरा है, वे जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें।

लाडो लक्ष्मी योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

लाडो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी होने से हरियाणा की हजारों महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है। हालांकि 1.75 लाख महिलाएं फिलहाल वंचित हैं, लेकिन सरकार ने भरोसा दिया है कि जांच पूरी होते ही उनके खातों में भी राशि ट्रांसफर की जाएगी। इस योजना से न केवल महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि हरियाणा को महिला सशक्तिकरण के मॉडल राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह एक अहम कदम साबित होगा।

ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों जॉन डियर ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।

अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।

Call Back Button