मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना: 150 यूनिट फ्री बिजली और खाते में आएंगे ₹17,000
प्रकाशित - 22 Dec 2025 by Vivek Tailang
क्या है मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना और किन लोगों को मिलेगा इसका लाभ
राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना के तहत लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। इस योजना के तहत 150 यूनिट तक मुफ्त बिजली पाने वाले उपभोक्ताओं को अब रूफ टॉप सोलर पैनल लगवाने पर राज्य सरकार की ओर से 17,000 रुपए की सब्सिडी सीधे खाते में ट्रांसफर की जा रही है। सरकार का यह कदम न सिर्फ आम लोगों के बिजली बिल को कम करने में मददगार साबित होगा, बल्कि प्रदेश में सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा देगा।
किन लाभार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ
राजस्थान सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही अपने घरों पर रूफ टॉप सोलर सिस्टम स्थापित कर लिया है और केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्रीय सब्सिडी प्राप्त कर चुके हैं, उन्हें अब राज्य सरकार की ओर से यह अतिरिक्त सहायता दी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को डबल लाभ मिलेगा और सोलर सिस्टम लगवाने की लागत काफी हद तक कम हो जाएगी।
13 अक्टूबर 2025 को हुई थी योजना की शुरुआत
मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना की शुरुआत 13 अक्टूबर 2025 को जयपुर में की गई थी। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 150 यूनिट निःशुल्क बिजली योजना के पंजीकरण पोर्टल का शुभारंभ किया था। योजना के लागू होने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने इसमें पंजीकरण कराया और पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर रूफ टॉप सिस्टम लगवाए। राज्य सरकार ने बताया कि इस योजना के पहले चरण में अब तक 169 उपभोक्ताओं को राज्य सब्सिडी का लाभ मिल चुका है। इन लाभार्थियों के खातों में कुल 28 लाख 73 हजार रुपए की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगी।
योजना के तहत कितनी मिलेगी सब्सिडी
जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जयपुर डिस्कॉम) ने सबसे पहले सब्सिडी ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू की है। योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से प्रति उपभोक्ता 17,000 रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। यह राशि केंद्र सरकार की ओर से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाली 78,000 रुपए की सब्सिडी से अलग है। इस तरह केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को मिलाकर उपभोक्ताओं को कुल 95,000 रुपए तक की सब्सिडी का लाभ मिल सकता है। इससे आम उपभोक्ताओं के लिए सोलर रूफ टॉप सिस्टम लगवाना और भी किफायती हो गया है।
योजना में क्या रहेगी आवेदन की प्रक्रिया
इस योजना का लाभ केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिन्होंने राजस्थान के संबंधित डिस्कॉम पोर्टल पर अपनी सहमति दर्ज कराई है। इसके लिए उपभोक्ता energy.rajasthan.gov.in/Jvvnl, energy.rajasthan.gov.in/Jdvvnl या energy.rajasthan.gov.in/Avvnl पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा बिजली मित्र मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से भी सहमति दर्ज कराई जा सकती है। सहमति देने के बाद उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आवेदन करना होता है और अपने घर पर रूफ टॉप सोलर सिस्टम स्थापित करवाना होता है। जब केंद्रीय सहायता राशि उपभोक्ता के खाते में ट्रांसफर हो जाती है, उसके बाद संबंधित डिस्कॉम द्वारा राज्य सरकार की 17,000 रुपए की सब्सिडी सीधे लाभार्थी के खाते में भेज दी जाती है।
अजमेर और जोधपुर में भी मिलेगा लाभ
सरकार ने जानकारी दी है कि अब अजमेर और जोधपुर क्षेत्रों में भी पात्र उपभोक्ताओं को यह सब्सिडी दी जाएगी। जयपुर डिस्कॉम क्षेत्र में कुल 547 उपभोक्ता इस योजना के लिए पात्र हैं, जिनमें से 169 को भुगतान किया जा चुका है। शेष लाभार्थियों के खातों में भी जल्द ही राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री नि:शुल्क बिजली योजना से आम लोगों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा मिलेगी, बिजली खर्च में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। आने वाले समय में इस योजना से प्रदेश के हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि इस योजना से न केवल बिजली खर्च घटेगा, बल्कि प्रदेश में सोलर एनर्जी को बढ़ावा मिलेगा और आम लोगों को दीर्घकालीन राहत मिलेगी।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें