खरीफ सीजन में किसानों को मिलने वाली टॉप 10 सरकारी योजनाएं
प्रकाशित - 16 Jun 2026 by Vivek Tailang
बीज से लेकर सिंचाई तक, खरीफ सीजन में किसानों के लिए सरकार की बड़ी योजनाएं
खरीफ सीजन भारतीय कृषि के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय माना जाता है। इस दौरान धान, मक्का, सोयाबीन, कपास और दालों जैसी प्रमुख फसलों की बुवाई की जाती है। मानसून पर निर्भर यह सीजन किसानों की आय और देश की खाद्य सुरक्षा दोनों के लिए बेहद अहम होता है। ऐसे में केंद्र और राज्य सरकारें किसानों को राहत देने और उत्पादन बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को बीज, खाद, सिंचाई, बीमा और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे मौसम की अनिश्चितताओं के बावजूद बेहतर उत्पादन ले सकें।
यहां हम ट्रैक्टर जंक्शन के माध्यम से आपको खरीफ सीजन में किसानों के लिए मिलने वाली टॉप 10 सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं, जो खेती को आसान और लाभदायक बनाने में सहायता करती हैं।
1. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN)
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की ऐसी योजना है जिसमें किसानों को आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खाते में दी जाती है। इस योजना के तहत किसानों को हर साल ₹6,000 की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में हर चार माह के अंतराल में दी जाती है। इस तरह इस योजना से जुड़े किसानों को हर चार माह के अंतराल में 2,000 रुपए की किस्त केंद्र सरकार की ओर से सीधे उनके खाते में ट्रांसफर जाती है। इस योजना से मिलने वाली राशि से उन्हें खरीफ सीजन में बीज और अन्य कृषि जरूरतों पूरा करने में सहायता मिलती है।
Popular Tractors
2. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY)
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान की भरपाई करती है। कम प्रीमियम पर किसानों को बीमा सुरक्षा मिलती है, जिससे भारी बारिश, सूखा या कीट हमले की स्थिति में आर्थिक नुकसान से बचाव होता है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना फसल नुकसान की स्थिति में किसानों के लिए एक सुरक्षा कवच का काम करती है। ऐसे में किसानों को इस योजना के तहत अपनी फसलों का बीमा कराना चाहिए।
3. प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY)
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का उद्देश्य “हर खेत को पानी” पहुंचाना है। ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सिंचाई तकनीकों पर सरकार सब्सिडी देती है, जिससे पानी की बचत और उत्पादन में बढ़ोतरी होती है।इस योजना के तहत किसानों को ड्रिप सिंचाई पर 50–90 प्रतिशत तक और स्प्रिंकलर पर 50–70 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। इस तरह किसान अपने खेत में ड्रिप व स्प्रिंकलर सिंचाई सिस्टम अनुदान पर लगवा सकते हैं।
4. बीज वितरण एवं मिनी किट योजना
सरकार किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज रियायती दरों या मुफ्त में उपलब्ध कराती है। इससे खरीफ फसलों की पैदावार बढ़ाने में सहायता मिलती है। बीज वितरण एवं मिनी किट योजना के तहत किसानों को प्रमाणिक बीजों पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। वहीं कुछ फसलों के बीज मुफ्त भी बांटे जाते हैं।
5. मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना
मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत किसानों को उनकी जमीन की मिट्टी की जांच रिपोर्ट दी जाती है। इससे वे सही मात्रा में उर्वरक का उपयोग कर सकते हैं और लागत कम कर सकते हैं। मृदा स्वास्थ्य कार्ड या साॅयल हेल्थ कार्ड किसानों को अवश्य बनवा चाहिए जिससे उन्हें यह पता चल जाता है कि वे कितनी मात्रा में भूमि में उर्वरक का प्रयोग करें ताकि जमीन की उर्वराशक्ति बनी रहे और उत्पादन भी बेहतर मिल सके।
6. किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना
किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार की ओर से किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना चलाई जा रही है। खरीफ सीजन में बीज, खाद और अन्य जरूरतों के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता है। इस योजना के तहत किसान 5 लाख रुपए तक ऋण ले सकता है। किसान क्रेडिट कार्ड पर सामान्यतः 7% वार्षिक ब्याज दर लागू होती है। यदि किसान समय पर ऋण का भुगतान करते हैं, तो उन्हें सरकार की ओर से 3% की छूट मिलती है, जिससे प्रभावी ब्याज दर मात्र 4% रह जाती है। इस योजना में किसानों को ₹1.60 लाख से ₹2 लाख तक का लोन बिना किसी गारंटी या जमानत के मिल जाता है। इससे अधिक ऋण राशि के लिए बैंक की गाइडलाइन के अनुसार जमानत या गिरवी रखने की आवश्यकता होती है।
7. राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY)
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) भारत सरकार की एक प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य देश में कृषि क्षेत्र के समग्र विकास को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत राज्यों को कृषि विकास के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है। इससे कृषि ढांचे और तकनीक में सुधार किया जाता है। इस योजना के अंतर्गत जैविक खेती, मूल्य संवर्धन (value addition), कृषि विपणन और भंडारण सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जाता है, जिससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। साथ ही, किसानों को प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ा जाता है।
8. परम्परागत कृषि विकास योजना (PKVY)
परम्परागत कृषि विकास योजना (PKVY) भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य जैविक खेती को बढ़ावा देना और किसानों को रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों के कम उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना है। इस योजना की शुरुआत वर्ष 2015 में की गई थी और यह “मिशन ऑर्गेनिक वैल्यू चेन डेवलपमेंट” के तहत संचालित होती है। इसका मुख्य फोकस किसानों को समूह आधारित जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि खेती टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल बन सके। इस योजना के तहत किसानों को जैविक खेती करने के लिए प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और वित्तीय सहयोग दिया जाता है। इसमें किसानों को क्लस्टर (समूह) के रूप में जोड़ा जाता है, ताकि वे सामूहिक रूप से जैविक उत्पादन कर सकें और लागत कम कर सकें। योजना के अंतर्गत किसानों को प्रमाणन (Certification) की सुविधा भी दी जाती है, जिससे उनके उत्पादों को “ऑर्गेनिक” टैग मिल सके और वे बाजार में अधिक मूल्य पर बेचे जा सकें। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभदायक बनाने में सहायता करती है।
9. ई-नाम (e-NAM) योजना
ई-नाम (National Agriculture Market – e-NAM) भारत सरकार की एक डिजिटल कृषि विपणन योजना है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2016 में की गई थी। इस योजना का उद्देश्य देशभर की कृषि मंडियों को एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जोड़ना है, ताकि किसान अपनी उपज को पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी तरीके से बेहतर दाम पर बेच सकें। यह एक अखिल भारतीय इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग पोर्टल है, जो कृषि उत्पादों की खरीद-फरोख्त को सरल और डिजिटल बनाता है। ई-नाम के माध्यम से किसान अपनी फसल को किसी भी रजिस्टर्ड मंडी में ऑनलाइन बेच सकते हैं, जिससे उन्हें स्थानीय बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। इस योजना के तहत देशभर की कृषि उपज मंडियों (APMC) को एकीकृत किया गया है, जिससे खरीदार और विक्रेता दोनों एक ही प्लेटफॉर्म पर जुड़ सकते हैं। इससे प्रतिस्पर्धा बढ़ती है और किसानों को बेहतर कीमत मिलती है।
10. कृषि यंत्रीकरण योजना (Sub-Mission on Agricultural Mechanization)
कृषि यंत्रीकरण योजना (SMAM) भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण और मशीनरी उपलब्ध कराकर खेती को आसान, तेज और अधिक उत्पादक बनाना है। इस योजना की शुरुआत वर्ष 2014-15 में की गई थी। इसका मुख्य लक्ष्य छोटे और सीमांत किसानों तक कृषि यंत्रों की पहुंच बढ़ाना और खेती में श्रम की कमी को पूरा करना है। इस योजना के तहत किसानों को ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, सीड ड्रिल, पावर टिलर, थ्रेशर और अन्य आधुनिक कृषि उपकरणों पर सब्सिडी दी जाती है। इससे किसान कम लागत में अधिक काम कर पाते हैं और समय की भी बचत होती है। स्माम (SMAM) का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य कृषि में मशीनीकरण को बढ़ावा देना है, ताकि खेती पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीक पर आधारित बन सके। इसके लिए सरकार कस्टम हायरिंग सेंटर भी स्थापित करती है, जहां किसान जरूरत के अनुसार मशीनें किराए पर ले सकते हैं।
खरीफ सीजन में सरकारी योजनाएं किसानों के लिए मजबूत सहारा
खरीफ सीजन में सरकारी योजनाएं किसानों के लिए एक मजबूत सहारा साबित होती हैं। चाहे वह बीज हो, सिंचाई, बीमा या वित्तीय सहायता, इन सभी योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती को जोखिम मुक्त बनाना है। यदि किसान इन योजनाओं का सही तरीके से लाभ उठाएं, तो वे न केवल अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा सकते हैं बल्कि खेती को अधिक लाभदायक भी बना सकते हैं।
“खरीफ सीजन में किसानों को मिलने वाली टॉप 10 सरकारी योजनाएं” के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब (FAQs):
प्रश्न 1. खरीफ सीजन में किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण सरकारी योजना कौन-सी है?
उत्तर: PM-KISAN, फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड खरीफ सीजन में सबसे महत्वपूर्ण योजनाएं मानी जाती हैं।
प्रश्न 2. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ क्या है?
उत्तर: इस योजना के तहत प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक मुआवजा दिया जाता है।
प्रश्न 3. क्या किसान क्रेडिट कार्ड से खरीफ सीजन में मदद मिलती है?
उत्तर: हाँ, KCC के जरिए किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण मिलता है जिससे वे बीज, खाद और अन्य जरूरतें पूरी कर सकते हैं।
प्रश्न 4. क्या सिंचाई योजनाओं पर सब्सिडी मिलती है?
उत्तर: हाँ, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी तकनीकों पर सरकार सब्सिडी देती है।
प्रश्न 5. क्या किसान इन सभी योजनाओं का एक साथ लाभ ले सकते हैं?
उत्तर: हाँ, पात्रता के अनुसार किसान एक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों महिंद्रा ट्रैक्टर, सोनालिका ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें