गन्ना किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, सभी पात्र किसानों को मिलेगा गन्ना यंत्रीकरण योजना का लाभ
प्रकाशित - 04 Jan 2026
by Vivek Tailang
दो गन्ना मिलें फिर से शुरू होंगी, किसानों को आधुनिक खेती की ट्रेनिंग दी जाएगी
राज्य के गन्ना किसानों और छोटे गुड़ उत्पादकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने गन्ना खेती और गुड़ उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए हैं। बिहार के गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने हाल ही में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य के सभी पात्र गन्ना किसानों को गन्ना यंत्रीकरण योजना का लाभ दिया जाए। इसके साथ ही छोटे गुड़ उत्पादकों को भी गुड़ प्रोत्साहन योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
गन्ना खेती के विस्तार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करें
अपर मुख्य सचिव ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में गन्ना खेती के विस्तार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने, नई चीनी मिलों की स्थापना और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। सरकार का मानना है कि इससे न केवल गन्ना उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि किसानों की आय में भी इजाफा होगा।
गन्ना किसानों को ट्रेनिंग देना जरूरी
समीक्षा बैठक में के. सेंथिल कुमार ने कहा कि गन्ने की बेहतर उपज और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए किसानों को प्रशिक्षण देना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य के करीब तीन हजार गन्ना किसानों को अन्य राज्यों में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। वहां ये किसान प्रगतिशील किसानों से मिलकर गन्ना और गुड़ के मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) की आधुनिक विधियां सीखेंगे। उन्होंने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में विभागीय अधिकारी भी किसानों के साथ जाएंगे। हर प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद एक सामूहिक रिपोर्ट विभाग को सौंपी जाएगी, ताकि देश के अग्रणी गन्ना उत्पादक राज्यों में अपनाई जा रही उन्नत और प्रभावी तकनीकों को बिहार में भी समान रूप से लागू किया जा सके। इससे गन्ना और गुड़ उत्पादन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
किसानों को समय पर मिले मुआवजा
अपर मुख्य सचिव ने गन्ना किसानों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गन्ना रोपाई, सिंचाई और हार्वेस्टिंग के लिए विशेष योजनाएं बनाकर किसानों को सब्सिडी का लाभ दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को फसल बीमा का लाभ समय पर मिलना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। किसानों को नई तकनीक अपनाने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तर पर गन्ना महोत्सव आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया है। इस महोत्सव के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र, नई किस्में और उन्नत खेती तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के सभी पात्र किसानों को गन्ना यंत्रीकरण योजना का लाभ सुनिश्चित रूप से दिया जाए।
बिहार में दो चीनी मिले फिर से होगी शुरू
गन्ना किसानों के लिए राहत की एक और बड़ी खबर यह है कि बिहार की दो बंद चीनी मिलें, सकरी और रैयाम दोबारा शुरू की जाएंगी। दो दिन पहले ही राज्य के सहकारिता मंत्री प्रमोद कुमार ने जानकारी दी थी कि इन मिलों का संचालन सहकारिता विभाग के माध्यम से किया जाएगा। इस दिशा में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। हालांकि कैबिनेट से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद ही सहकारी समितियों के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी और उसके बाद मिलों का संचालन किया जाएगा। सहकारिता मंत्री ने कहा था कि इन मिलों के पुनर्जीवित होने से स्थानीय किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सहकारिता मॉडल के जरिए मिलों के संचालन से पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।
गन्ना किसानों में जागी नई उम्मीद
बिहार सरकार के इन फैसलों से गन्ना किसानों और गुड़ उत्पादकों को नई उम्मीद मिली है। यंत्रीकरण, प्रशिक्षण, सब्सिडी और चीनी मिलों के पुनर्जीवन से राज्य में गन्ना उद्योग को मजबूती मिलने की उम्मीद की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने और किसानों को आधुनिक खेती की ट्रेनिंग देने से उत्पादन बढ़ेगा और गुड़ उत्पादकों को बेहतर मुनाफा मिलेगा। इसके साथ ही, सभी पात्र किसानों को गन्ना यंत्रीकरण योजना का लाभ सुनिश्चित कर राज्य में गन्ना खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों जॉन डियर ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।