गेहूं, चना, मसूर, मटर और सरसों बीज पर सब्सिडी, 30 नवंबर तक करें आवेदन
प्रकाशित - 27 Nov 2025 by Vivek Tailang
जानें, किन किसानों को मिलेगा अनुदान पर बीज और कितनी कीमत में उपलब्ध होंगे
रबी सीजन 2025–26 के लिए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सरकारों ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित बीज सब्सिडी पर उपलब्ध कराने की बड़ी पहल शुरू कर दी है। सरकार का उद्देश्य किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी फसलों की उत्पादकता बढ़े और आय में सीधा लाभ मिल सके। इस बीच यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और एमपी सरकार के कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को 30 नवंबर तक अनुदानित दरों पर रबी फसलों के लिए बीज मिलेंगे। इसमें गेहूं, चना, मसूर, मटर और सरसों जैसी प्रमुख फसलें शामिल हैं।
समय पर बुवाई से बढ़ता है उत्पादन, विलंब पर होती है उपज में कमी
उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री शाही ने कहा कि समय से की गई बुवाई फसल को बेहतर विकास का मौका देती है। विभागीय आंकलनों के अनुसार, गेहूं की देर से बुवाई करने पर प्रतिदिन उपज में कमी की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि उचित समय पर बीज बोने से न केवल उत्पादन बढ़ता है, बल्कि किसान अपनी मेहनत का पूरा लाभ प्राप्त कर पाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जिलों में प्रमाणित बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी किसान को कमी का सामना न करना पड़े।
यूपी का बड़ा लक्ष्य, 11.12 लाख क्विंटल बीज वितरण
रबी सीजन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने इस बार 11.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज किसानों में वितरित करने का लक्ष्य रखा है। इसमें गेहूं, जौ, चना, मसूर, मटर, तोरिया, सरसों, राई और अलसी जैसी फसलें शामिल हैं। सरकार के आंकड़ों के अनुसार अब तक 81% बीज उपलब्ध कराया जा चुका है और 69% बीज किसानों में वितरित भी किया जा चुका है। कृषि मंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक किसान को समय पर उसका बीज मिल जाए ताकि बुवाई में देर न हो।
30 नवंबर तक बीज बिक्री केंद्रों से मिलेगा सब्सिडी वाला बीज
कृषि मंत्री शाही ने किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी सरकारी बीज बिक्री केंद्रों से 30 नवंबर 2025 से पहले रबी फसलों का अनुदानित बीज प्राप्त कर लें। समय पर बुवाई करने पर किसानों को न केवल अधिक उत्पादन मिलेगा बल्कि खेतों में बेहतर गुणवत्ता वाली फसल तैयार होगी। सरकार का दावा है कि इस पहल से प्रदेश खाद्यान्न उत्पादन में नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।
गेहूं की इन प्रजातियों के बीज है उपलब्ध
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चंदौली जिले के कृषि अधिकारी के अनुसार जिले के सभी बीज गोदामों पर गेहूं की कई उन्नत और उच्च उत्पादक किस्में उपलब्ध हैं जिसमें प्रमुख रूप से PBW-343, DBW-222, DBW-187, WH-1270, HD-3298 किस्में शामिल हैं। अब तक सरकारी गोदामों से 4024 क्विंटल गेहूं, 99.40 क्विंटल मटर, 129 क्विंटल मसूर, 15 क्विंटल सरसों और 340 क्विंटल मसूर की बिक्री अनुदान के तहत की जा चुकी है।
मसूर और चना के बीज भी उपलब्ध
भारत सरकार की ओर से जिले को मसूर के कुल 2468 मिनीकिट आवंटित हुए थे, जिनमें से 1516 पैकेट अभी भी शेष हैं और यह किसानों को निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इसके अलावा चना के 200 मिनीकिट भी गोदामों पर उपलब्ध हैं, जिन्हें सभी केंद्रों पर समान मात्रा में बांटा जा चुका है, जो किसान मसूर या चना की बुवाई करना चाहते हैं, वे तुरंत बीज गोदाम से संपर्क कर इन मिनीकिटों को प्राप्त कर सकते हैं।
किसान मिनी बीज किट के लिए कहां करें संपर्क
किसान मिनी बीज किट के लिए अपने निकट के कृषि विभाग से संपर्क करें और जल्द से जल्द बीज अनुदान का लाभ लें। क्योंकि अनुदान पर बीज वितरण की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2025 है जो नजदीक आ रही है। ऐसे में किसान सरकारी अनुदान पर गुणवत्तापूर्ण बीज प्राप्त कर सकते हैं और समय पर रबी फसलों की बुवाई कर सकते हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों सॉलिस ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें