पीएम किसान योजना : लंबे इंतजार के बाद 20वीं किस्त जारी, 9.70 करोड़ किसानों के खाते में 20,500 करोड़ ट्रांसफर
प्रकाशित - 02 Aug 2025 by Tractor Junction
जानिए, कैसे चेक करें आपके खाते में योजना की किस्त का पैसा आया या नहीं
देशभर के किसानों के लिए एक बार फिर राहतभरी खबर आई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) के तहत केंद्र सरकार ने 20वीं किस्त जारी कर दी है। इस बार करीब 9.70 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 20,500 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से ट्रांसफर की गई है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से यह किस्त जारी की। इसके साथ ही पूरे देश में पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बिहार में राज्य स्तरीय आयोजन, किसानों में दिखा उत्साह
इस मौके पर बिहार में भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सहित कई वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी में किसानों को संबोधित किया गया। किसानों में इस योजना को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में रेणु देवी (पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री), डॉ. प्रेम कुमार (सहकारिता मंत्री), मंगल पांडे (स्वास्थ्य मंत्री) और नितिन नवीन (पथ निर्माण मंत्री) सहित राज्य किसान आयोग अध्यक्ष रूप नारायण मेहता व कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार भी मौजूद रहे।
योजना से सीधे जुड़ रहा किसान, पारदर्शिता बनी मुख्य पहचान
प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कहा, “किसान की समृद्धि ही देश की समृद्धि है। इस योजना के माध्यम से बिचौलियों को खत्म कर सीधी सहायता किसानों तक पहुंचाई जा रही है, जो सरकारी पारदर्शिता का प्रमाण है।” उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार सरकार किसानों को उत्पादन बढ़ाने, लागत घटाने और बाजार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उर्वरकों की आसान उपलब्धता और कालाबाजारी पर रोक को प्राथमिकता बताया।
कृषि को बताया भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा, “कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। पीएम किसान योजना किसानों के जीवन में नई ऊर्जा ला रही है।” उन्होंने बिहार को विकास की भूमि बताते हुए कहा, “यहां बीज डालते ही विकास के फूल खिलते हैं।” उन्होंने किसानों से ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान से जुड़ने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की।
क्या है पीएम किसान योजना और इसके फायदे
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपए की राशि तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी माध्यम से भेजे जाती है। अब तक इस योजना के तहत देश के 11 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिल चुका है। बिहार के लाखों किसान भी इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। यह योजना किसानों की आर्थिक स्थिरता, कृषि निवेश, और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है।
कैसे चेक करें आपके खाते पीएम किसान की 20वीं किस्त आई या नहीं
यदि आप भी पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं और जानना चाहते हैं कि आपके खाते में 20वीं किस्त की राशि आई है या नहीं, तो नीचे दिए गए आसान स्टेप्स फॉलो करना होगा:
- सबसे पहले आपको पीएम किसान सम्मान निधि योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाना होगा।
- यहां “बेनिफिशियरी स्टेटस (Beneficiary Status)” के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा।
- अब अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर या आधार नंबर दर्ज करना होगा।
- कैप्चा कोड भरकर “Get Data” पर क्लिक करना होगा।
- ऐसा करते ही आपकी किस्तों की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी। इससे आप पता चल जाएगा कि आपके खाते में 20वी किस्त ट्रांसफर हुई है या नहीं।
नहीं मिली पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त तो कहां करें शिकायत
सरकारी योजनाओं का पैसा खाते में ट्रांसफर होने में एक से दो दिन का समय लगता है। यदि आपके खाते में कोई गड़बड़ है तो इससे अधिक समय भी लग सकता है, इसके लिए आपको अपने खाते को सही करना चाहिए जिसमें आधार लिंक या ईकेवाई की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। यदि आपका खाता भी सही है और उसके बाद भी आपको किस्त नहीं मिली है तो आप इस संबंध में अपने नजदीकी किसान सेवा केंद्र या ब्लॉक कृषि कार्यालय में संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा पीएम किसान हेल्पलाइन नंबर 155261 / 1800115526 पर कॉल करके भी अपनी समस्या बता सकते हैं।
ट्रैक्टर जंक्शन हमेशा आपको अपडेट रखता है। इसके लिए ट्रैक्टरों के नये मॉडलों और उनके कृषि उपयोग के बारे में एग्रीकल्चर खबरें प्रकाशित की जाती हैं। प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों वीएसटी ट्रैक्टर, महिंद्रा ट्रैक्टर आदि की मासिक सेल्स रिपोर्ट भी हम प्रकाशित करते हैं जिसमें ट्रैक्टरों की थोक व खुदरा बिक्री की विस्तृत जानकारी दी जाती है। अगर आप मासिक सदस्यता प्राप्त करना चाहते हैं तो हमसे संपर्क करें।
अगर आप नए ट्रैक्टर, पुराने ट्रैक्टर, कृषि उपकरण बेचने या खरीदने के इच्छुक हैं और चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा खरीददार और विक्रेता आपसे संपर्क करें और आपको अपनी वस्तु का अधिकतम मूल्य मिले तो अपनी बिकाऊ वस्तु को ट्रैक्टर जंक्शन के साथ शेयर करें।
सर्टिफाइड पुराने ट्रैक्टर्स
ट्रैक्टर की प्राइस चेक करें